डेली फ्री मेन्स आंसर राइटिंग प्रोग्राम
हमारे डेली फ्री मेन्स आंसर राइटिंग प्रोग्राम (Daily Free Mains Answer Writing Program) के साथ आप UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की तैयारी प्रभावी ढंग से कर सकते हैं, इसे UPSC अभ्यर्थियों की मांगों को पूरा करने के लिये विशिष्ट रूप से तैयार किया गया है। इस प्रोग्राम के अंतर्गत प्रतिदिन UPSC-मानक स्तर के दो प्रश्न प्रदान किये जा रहे हैं, जिन्हें परीक्षा के नवीनतम ट्रेंड्स को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया जाता है।
प्रत्येक प्रश्न को स्टैटिक विषय एवं समसामयिक घटनाक्रम (current affairs) के साथ एकीकृत करके तैयार किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को पाठ्यक्रम के अनुकूल समुचित अध्ययन में सहायता मिलती है। उत्तर के संबंध में आपकी सहायता हेतु हम विस्तृत मॉडल उत्तर/संदर्भ सामग्री भी प्रदान करते हैं, जो आपके उत्तर लेखन को संरचित करने एवं उच्च अंक प्राप्त करने में सहायक होगी।
इस प्रोग्राम के अंतर्गत हम आपको आपके द्वारा सबमिट किये उत्तरों का फ्री मूल्यांकन भी प्रदान करते हैं। अतः अभ्यर्थी अपने उत्तर सबमिट कर सकते हैं और अपने लेखन कौशल को संपुष्ट करने के लिये सुझाव प्राप्त कर सकते हैं। मूल्यांकन का उद्देश्य उत्तरों की स्पष्टता, एकरूपता और सटीकता को सुधारना है, जो मुख्य परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने के लिये महत्त्वपूर्ण हैं। इसके अतिरिक्त, हम निबंध लेखन पर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, जिसमें शोधित विषय, समृद्ध संदर्भ सामग्री और फ्री निबंध मूल्यांकन शामिल हैं, ताकि अभ्यर्थी इस महत्त्वपूर्ण खंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
डेली मेन्स आंसर राइटिंग प्रोग्राम के लिये शेड्यूल
| दिवस | प्रमुख विषय |
|---|---|
| सोमवार | सामान्य अध्ययन पेपर 1 – भारतीय विरासत, संस्कृति, इतिहास और विश्व का भूगोल और समाज |
| मंगलवार | सामान्य अध्ययन पेपर 2 – शासन, संविधान, राजव्यवस्था, सामाजिक न्याय और अंतर्राष्ट्रीय संबंध |
| बुधवार | सामान्य अध्ययन पेपर 3 – आर्थिक विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जैव विविधता एवं पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन |
| गुरुवार | सामान्य अध्ययन पेपर 4 (सैद्धांतिक प्रश्न) – नैतिकता, सत्यनिष्ठा और अभिरुचि |
| शुक्रवार | सामान्य अध्ययन पेपर 4 (केस स्टडी) – व्यावहारिक नैतिक परिदृश्य |
| शनिवार | निबंध लेखन – बहु-विषयक एवं गहन शोध के माध्यम से तैयार टॉपिक्स |
कुल प्रश्नों की संख्या : 5190
-
प्रश्न. तीन ‘F’— Funds (निधि), Functions (कार्य) और Functionaries (पदाधिकारी) का अपर्याप्त अंतरण पंचायती राज संस्थाओं (PRI) के सशक्तीकरण में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। इस चुनौती का विश्लेषण कीजिये तथा प्रभावी विकेंद्रीकरण के लिये व्यावहारिक सुधारों की अनुशंसा कीजिये। (250 शब्द)
18 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 राजव्यवस्था -
प्रश्न. भारत-श्रीलंका संबंध ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक निकटता से विकसित होकर भू-राजनीतिक वास्तविकताओं से प्रभावित सामरिक साझेदारी के रूप में परिवर्तित हुए हैं। संबंधों में विद्यमान प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा कीजिये तथा पारस्परिक विश्वास को सुदृढ़ करने के उपाय प्रस्तावित कीजिये। (250 शब्द)
18 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 अंतर्राष्ट्रीय संबंध -
प्रश्न. भारत में जनजातीय समुदायों पर विस्थापन और पुनर्वास के प्रभाव का मूल्यांकन कीजिये तथा समावेशी एवं सतत् विकास के उपाय प्रस्तावित कीजिये। (250 शब्द)
17 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 भारतीय समाज -
प्रश्न. प्रारंभिक भारतीय अभिलेखों में शिव-तांडव के चित्रण तथा धार्मिक एवं कलात्मक परंपराओं में इसके प्रतीकात्मक महत्त्व पर चर्चा कीजिये। (150 शब्द)
17 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 संस्कृति -
निबंध विषय:
प्रश्न 1. हर वह चीज़ जिससे हमारा सामना होता है, बदली नहीं जा सकती, लेकिन जब तक उसका सामना न किया जाए, तब तक कुछ बदला भी नहीं जा सकता। (1200 शब्द)
15 Nov, 2025 निबंध लेखन निबंध
प्रश्न 2. उत्तेजना और प्रतिक्रिया के बीच एक अवकाश होता है। उसी अवकाश में हमारी प्रतिक्रिया चुनने की शक्ति निहित होती है। (1200 शब्द) -
केस स्टडी
उप पुलिस आयुक्त (साइबर एवं आंतरिक सुरक्षा) के पद पर कार्यरत IPS अधिकारी अनन्या राव अत्यधिक शिक्षित युवाओं के कट्टरपंथीकरण से प्रेरित 'व्हाइट-कॉलर टेररिज़्म (सफेदपोश आतंकवाद)' में तीव्र वृद्धि के संकेत देने वाली खुफिया सूचनाओं से बेहद चिंतित हैं। हाल की कई घटनाएँ इस प्रवृत्ति को उजागर करती हैं— इंजीनियरिंग स्नातकों द्वारा प्रतिबंधित उग्रवादी नेटवर्क के लिये एन्क्रिप्टेड संचार उपकरण विकसित करना, एक वित्त-विशेषज्ञ द्वारा क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेशी आतंकी संगठनों को धन उपलब्ध कराना तथा विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा बौद्धिक बहस के नाम पर उग्रवादी साहित्य का प्रसार करना।
हालाँकि ठोस डिजिटल प्रमाण कुछ तकनीकी उद्यमियों, शिक्षाविदों एवं ऑनलाइन इन्फ्लुएंसर्स को इन गतिविधियों में संलिप्तता का दोषी ठहराते हैं, परंतु लक्षित निगरानी, भर्ती करने वालों को प्लेटफॉर्म से हटाने और UAPA-आधारित कार्रवाई शुरू करने के अनन्या के प्रस्ताव की कड़ी आलोचना हो रही है। नागरिक समाज समूह उन पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमन करने और निजता मानकों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हैं। प्रभावशाली शैक्षणिक संस्थान राजनीतिक नेतृत्व पर ‘अनावश्यक विवाद’ से बचने हेतु दबाव डालते हैं। मीडिया विमर्श इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा की अनिवार्यता के बजाय ‘विचारधारा-आधारित पुलिसिंग’ के रूप में प्रस्तुत कर रहा है। आरोपी युवाओं के माता-पिता इसे अपरिपक्वता का परिणाम मानते हुए नरमी बरतने की माँग करते हैं।
इसी दौरान, केंद्रीय खुफिया एजेंसियाँ चेतावनी देती हैं कि निष्क्रियता एक गुप्त आतंकवादी तंत्र के विकास को बढ़ावा दे सकती है, जो साइबर अटैक, वित्तीय अपराध तथा परिसरों में विचारधारात्मक पैठ जैसे खतरों को जन्म दे सकता है। अनन्या नागरिक स्वतंत्रता की सुरक्षा और एक तात्कालिक सुरक्षा संकट के समाधान के बीच उलझी हुई हैं। उसके निर्णय से सार्वजनिक विवाद, राजनीतिक प्रतिघात एवं संभावित विधिक चुनौतियों का खतरा है, किंतु कार्रवाई में विलंब से जन- सुरक्षा से समझौता हो सकता है और उग्रवादी नेटवर्कों का मनोबल बढ़ सकता है।
प्रश्न:
1. इस परिस्थिति में अनन्या राव के समक्ष कौन-कौन से प्रमुख नैतिक दुविधाएँ उपस्थित हैं ?
2. इस केस में अंतर्निहित परस्पर-विरोधी मूल्यों एवं नैतिक सिद्धांतों का अभिनिर्धारण कर उनका विश्लेषण कीजिये।
3. अनन्या के लिये उपलब्ध संभावित कार्रवाई का मूल्यांकन कीजिये तथा उनके संभावित परिणामों का आकलन कीजिये।
4. सबसे नैतिक और प्रशासनिक रूप से विवेकपूर्ण कार्रवाई का सुझाव दीजिये जो नागरिक स्वतंत्रता तथा बढ़ते कट्टरपंथ एवं सफेदपोश आतंकवाद का मुकाबला करने की आवश्यकता के बीच संतुलन बनाए रखे।
14 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 केस स्टडीज़ -
प्रश्न. नैतिक अंतःप्रज्ञा (Moral Intuition) और नैतिक तर्क (Moral Reasoning) मिलकर नैतिक निर्णय (Ethical Judgment) को किस प्रकार प्रभावित करते हैं, व्याख्या कीजिये। अपने उत्तर को सिविल सेवा के उदाहरणों से स्पष्ट कीजिये। (150 शब्द)
13 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 सैद्धांतिक प्रश्न -
प्रश्न. सुशासन की मूल विशेषताएँ क्या हैं? समालोचनात्मक रूप से मूल्यांकन कीजिये कि भारत में ई-गवर्नेंस पहलों ने पारदर्शिता, दायित्व और नागरिक सहभागिता को बढ़ाने में किस प्रकार योगदान दिया है। (150 शब्द)
13 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 सैद्धांतिक प्रश्न -
प्रश्न. भारत की विकसित होती वन संरक्षण रणनीति का समालोचनात्मक परीक्षण कीजिये तथा पारिस्थितिक एवं विकासात्मक चुनौतियों के संदर्भ में इसे सशक्त बनाने के उपाय प्रस्तावित कीजिये। (150 शब्द)
12 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 3 पर्यावरण -
प्रश्न 2. “भारत का सड़क परिवहन क्षेत्र आर्थिक विकास के लिये अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, किंतु यह अब भी कमज़ोर अवसंरचना और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से ग्रस्त है।” सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में आने वाली चुनौतियों का विश्लेषण कीजिये तथा एक अधिक सुरक्षित एवं सतत् परिवहन तंत्र के निर्माण हेतु उपाय प्रस्तावित कीजिये। (250 शब्द)
12 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 3 अर्थव्यवस्था -
प्रश्न. भारत–अमेरिका साझेदारी एक लेन-देन आधारित संबंध से रूपांतरकारी चरण में प्रवेश कर चुकी है। उभरते वैश्विक शक्ति संतुलन के संदर्भ में इस विकास का समालोचनात्मक मूल्यांकन कीजिये। (250 शब्द)
11 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 अंतर्राष्ट्रीय संबंध -
प्रश्न. “संविधानवाद केवल शक्ति को सीमित करने के संदर्भ में नहीं है, बल्कि यह सुशासन को सक्षम बनाने के भी संदर्भ में है।” विश्लेषण कीजिये कि भारतीय संविधान किस प्रकार राज्य की शक्ति पर संयम तथा उसके सशक्तीकरण के बीच संतुलन स्थापित करता है। (150 शब्द)
11 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 राजव्यवस्था -
प्रश्न. डिजिटल तकनीक भारत में शिक्षा और रोज़गार के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी के स्वरूप को किस प्रकार परिवर्तित कर रही है? (250 शब्द)
10 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 भारतीय समाज -
प्रश्न. स्पष्ट कीजिये कि भारत छोड़ो आंदोलन ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में राजनीतिक तथा मनोवैज्ञानिक दोनों स्तरों पर किस प्रकार एक निर्णायक परिवर्तन को चिह्नित किया। (150 शब्द)
10 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 इतिहास -
निबंध विषय:
प्रश्न 1. जो यह कहते हैं कि धर्म का राजनीति से कोई संबंध नहीं है, वे यह नहीं जानते कि धर्म क्या है। (1200 शब्द)
08 Nov, 2025 निबंध लेखन निबंध
प्रश्न 2. बुद्धिमत्ता सही मार्ग को जानना है; ईमानदारी उस मार्ग पर चलना है। (1200 शब्द) -
तेज़ी से शहरीकृत होते एक महानगर के नगर आयुक्त (Municipal Commissioner) के रूप में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी अरुण मेहता शहर में प्रदूषित वायु के कारण हो रही मृत्यु दर और श्वसन संबंधी बीमारियों की बढ़ती घटनाओं से बहुत चिंतित हैं। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एक प्रतिष्ठित चिकित्सीय संस्थान की हालिया रिपोर्टों से यह तथ्य सामने आया है कि वायु में सूक्ष्म कणिका पदार्थों (PM2.5) की मात्रा अनुमेय सीमा से 4–5 गुना अधिक है, जिसके परिणामस्वरूप बच्चों और वृद्ध जनों में फेफड़ों की बीमारियों में तेज़ी से वृद्धि हुई है।
इन चेतावनियों के बावजूद कई प्रभावशाली निर्माण कंपनियाँ और परिवहन संघ धूल नियंत्रण, उत्सर्जन और अपशिष्ट निपटान मानदंडों का उल्लंघन करते रहते हैं। जब अरुण नियमों का सख्त पालन करने और प्रदूषणकारी निर्माण स्थलों को अस्थायी रूप से बंद करने का प्रस्ताव रखते हैं, तो उन्हें स्थानीय राजनेताओं एवं व्यावसायिक समूहों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ता है, जिनका तर्क है कि ऐसे कदम “विकास और रोज़गार को नुकसान पहुँचाएँगे।” कुछ मीडिया संस्थान भी उनकी पहलों को “विकास-रोधी” कहकर आलोचना करते हैं।
इसी बीच, नागरिक समूह और पर्यावरणीय गैर-सरकारी संगठन (NGOs) अनुच्छेद 21 के अंतर्गत स्वस्थ पर्यावरण के संवैधानिक अधिकार का हवाला देते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग करते हैं। दूसरी ओर, नगर निगम के कर्मचारी अपर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और विभागों के बीच समन्वय की कमी की शिकायत करते हैं। जनाक्रोश की आशंका से राज्य सरकार, ठोस कार्रवाई करने के बजाय ‘मामले का अध्ययन’ करने के लिये एक समिति का गठन करती है, जिससे ठोस कार्रवाई में विलंब होता है।
अब अरुण को यह तय करना है कि उल्लंघनकर्त्ताओं के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए और प्रदूषण नियंत्रण मानदंडों को सख्ती से लागू किया जाए, या निहित स्वार्थों और राजनीतिक प्रतिक्रिया से संघर्ष से बचने के लिये क्रमिक दृष्टिकोण अपनाया जाए। उनका यह निर्णय उनके प्रशासनिक साहस, नैतिक दृढ़ता और जन कल्याण के प्रति कर्त्तव्य-निष्ठा की वास्तविक परीक्षा होगा।
प्रश्न:
1. इस परिस्थिति में अरुण मेहता को किन प्रमुख नैतिक दुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है?
2. इस मामले में शामिल परस्पर विरोधी मूल्यों और सिद्धांतों की का अभिनिर्धारण कर उनका विश्लेषण कीजिये।
3. अरुण के समक्ष उपलब्ध संभावित कार्यवाही की समीक्षा कीजिये तथा उनके संभावित परिणामों का मूल्यांकन कीजिये।
4. पर्यावरण संरक्षण और विकासात्मक आवश्यकताओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए सबसे नैतिक तथा प्रशासनिक दृष्टि से उपयुक्त कार्यवाही प्रस्तावित कीजिये।
07 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 केस स्टडीज़ -
प्रश्न. वर्तमान परिप्रेक्ष्य में यह उद्धरण आपको क्या संदेश देता है?
06 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 सैद्धांतिक प्रश्न
“ज्ञान का सर्वोच्च रूप समानुभूति है, क्योंकि इसमें व्यक्ति अपने अहंकार से परे दूसरों के अनुभव और संवेदनाओं को समझने का प्रयास करता है।”
— बिल बुलार्ड (150 शब्द) -
प्रश्न. अंतरात्मा का संकट (Crisis of conscience) शब्द से आप क्या समझते हैं? अपने व्यक्तिगत या सार्वजनिक जीवन के किसी उदाहरण की सहायता से स्पष्ट कीजिये कि आपने ऐसी स्थिति का सामना किस प्रकार किया। (150 शब्द)
06 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 सैद्धांतिक प्रश्न -
प्रश्न. “क्लाउड सीडिंग (Cloud Seeding) धुंध से अस्थायी राहत प्रदान करती है, लेकिन दीर्घकालिक उत्सर्जन नियंत्रण का विकल्प नहीं हो सकती।” भारत की वायु प्रदूषण न्यूनीकरण रणनीति में एक उपकरण के रूप में क्लाउड सीडिंग की व्यवहार्यता का समालोचनात्मक परीक्षण कीजिये। (150 शब्द)
05 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 3 पर्यावरण -
प्रश्न. “पर्याप्त भंडार होने के बावजूद, भारत का दुर्लभ मृदा क्षेत्र अभी भी अविकसित है।” भारत की आर्थिक सुरक्षा के लिये इन दुर्लभ मृदा खनिजों के सामरिक महत्त्व का विश्लेषण कीजिये तथा इनके समुचित उपयोग में आने वाली प्रमुख चुनौतियों का मूल्यांकन कीजिये। (250 शब्द)
05 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 3 अर्थव्यवस्था -
प्रश्न. भारत की प्रशासनिक व्यवस्था को नियम-आधारित प्रणाली से भूमिका-आधारित प्रणाली में रूपांतरित करने में मिशन कर्मयोगी की क्षमता का मूल्यांकन कीजिये। कौन-सी संस्थागत चुनौतियाँ इसकी सफलता में बाधा बन सकती हैं? (250 शब्द)
04 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 राजव्यवस्था -
प्रश्न. “भारत का बहुपक्षवाद नैतिक नेतृत्व और रणनीतिक व्यावहारिकता, दोनों से प्रेरित है।” इस द्वैत को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) तथा ब्रिक्स (BRICS) में भारत की भूमिका के उदाहरणों सहित स्पष्ट कीजिये। (150 शब्द)
04 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 अंतर्राष्ट्रीय संबंध -
प्रश्न 1. मुगल काल में फारसी, मध्य एशियाई और भारतीय कला परंपराओं का अभूतपूर्व समन्वय हुआ। मुगल संरक्षण ने भारत में दृश्य और प्रदर्शन कलाओं के विकास को किस प्रकार प्रभावित किया, परीक्षण कीजिये। (150 शब्द)
03 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 संस्कृति -
प्रश्न 2. स्वतंत्र भारत के प्रारंभिक वर्षों में राज्य-प्रेरित औद्योगीकरण और केंद्रीकृत नियोजन पर विशेष बल दिया गया। आर्थिक विकास और राज्य के हस्तक्षेप के प्रति भारत के दृष्टिकोण पर लेनिन की नई आर्थिक नीति (1921) के प्रभाव का मूल्यांकन कीजिये। (250 शब्द)
03 Nov, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 इतिहास -
निबंध विषयः
प्रश्न “प्रबंधन का अर्थ है कार्यों को सही ढंग से करना; नेतृत्व का अर्थ है सही कार्य करना।” (1200 शब्द)
प्रश्न “वह समाज जो अपने सिद्धांतों से अधिक अपने विशेषाधिकारों को महत्त्व देता है, वह शीघ्र ही दोनों से वंचित हो जाता है।” (1200 शब्द)
01 Nov, 2025 निबंध लेखन निबंध -
उत्तरी राज्य में उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर कार्यरत एक IPS अधिकारी, रोहित कुमार ने हाल ही में पुलिसकर्मियों में पदोन्नति और तैनाती से जुड़े निर्णयों को लेकर बढ़ती असंतुष्टि को देखा है। अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के कई अधिकारियों का आरोप है कि उन्हें प्रमुख परिचालन पदों के लिये नियमित रूप से जानबूझकर दूर रखा जाता है तथा उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड होने के बावजूद समय पर पदोन्नति नहीं दी जाती। कुछ विशेष सामाजिक पृष्ठभूमि के अधिकारियों को प्रायः शहरी और संवेदनशील ज़िलों में प्रभावशाली पदों पर नियुक्तियों के लिये वरीयता दी जाती है, भले ही उनसे अधिक योग्य अधिकारी उपलब्ध क्यों न हों।
SC/ST अधिकारी संघ द्वारा की गई एक आंतरिक शिकायत में प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (APAR) में पूर्वाग्रह के संकेत मिलने की बात कही गयी है, जहाँ सूक्ष्म भेदभाव के कारण कम ग्रेड दिये जाते हैं। संघ ने रोहित से कार्रवाई करने और निष्पक्ष प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। हालाँकि, जब रोहित विभागीय बैठकों में इस मुद्दे को उठाते हैं, तो वरिष्ठ अधिकारी उन्हें ‘जातिगत मुद्दों को भड़काने से बचने’ और संस्थागत एकता बनाए रखने की सलाह देते हैं। कुछ तो यह भी चेतावनी देते हैं कि इस मुद्दे को आगे बढ़ाने से उनके कॅरियर की प्रगति प्रभावित हो सकती है तथा राजनीतिक प्रतिक्रिया हो सकती है।
पुलिस पोस्टिंग में जाति-आधारित पूर्वाग्रह पर हालिया मीडिया रिपोर्टों के बाद सार्वजनिक आलोचना का सामना कर रही राज्य सरकार ने एक बयान जारी कर आंतरिक जाँच का वादा किया है। हालाँकि, इस मुद्दे को व्यवस्थागत भेदभाव के बजाय ‘गलतफहमी मात्र’ बताकर कमतर आँकने की कोशिश की जा रही है। इस बीच प्रभावित अधिकारी निराश महसूस कर रहे हैं और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से संपर्क करने पर विचार कर रहे हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी होने के नाते, रोहित से अपेक्षा की जाती है कि वे संस्थागत अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता बनाए रखते हुए समता एवं न्याय के संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखें। यह स्थिति कार्मिक प्रबंधन में निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक स्थिरता बनाए रखने के बीच एक सावधानीपूर्वक संतुलन की माँग करती है।
प्रश्न:
A. इस स्थिति में रोहित कुमार के समक्ष कौन-कौन सी प्रमुख नैतिक दुविधाएँ क्या हैं?
B. इस मामले में शामिल परस्पर विरोधी मूल्यों और सिद्धांतों का अभिनिर्धारण कर उनका विश्लेषण कीजिये।
C. रोहित के लिये उपलब्ध संभावित कार्यवाही और उनके संभावित परिणामों का मूल्यांकन कीजिये।
D. निष्पक्षता और संस्थागत अखंडता सुनिश्चित करने के लिये रोहित को कौन-सा सबसे नैतिक एवं प्रशासनिक रूप से सही कदम उठाना चाहिये, इसका सुझाव दीजिये।
31 Oct, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 केस स्टडीज़ -
प्रश्न “वैश्विक राजनीति के रंगमंच पर प्रायः सबसे पहले नैतिकता की बलि चढ़ती है।” उस नैतिक द्वन्द्व का विश्लेषण कीजिये जिसका सामना राष्ट्र तब करते हैं जब उनके सामरिक हित मानवतावादी उत्तरदायित्वों से असंगत होते हैं। हाल के उदाहरणों से स्पष्ट कीजिये। (150 शब्द)
30 Oct, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 सैद्धांतिक प्रश्न -
प्रश्न. वर्तमान परिप्रेक्ष्य में निम्नलिखित उद्धरण आपको क्या संदेश देता है?
30 Oct, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 4 सैद्धांतिक प्रश्न
“बुराई की विजय के लिये केवल इतना ही पर्याप्त है कि अच्छे लोग कुछ न करें।” — एडमंड बर्क (150 शब्द) -
प्रश्न. “भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम डायनामिक है लेकिन इसमें भविष्य के लिये तैयारी की कमी है।” समालोचनात्मक रूप से जाँच कीजिये। (250 शब्द)
29 Oct, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 3 अर्थव्यवस्था -
प्रश्न. "AI से बने कंटेंट के बढ़ने से गलत जानकारी और डीपफेक का जोखिम बढ़ गया है।" ज़िम्मेदार डिजिटल गवर्नेंस सुनिश्चित करने हेतु भारत की कोशिशों का समालोचनात्मक मूल्यांकन कीजिये। (250 शब्द)
29 Oct, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 3 विज्ञान-प्रौद्योगिकी





