प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 10 जून से शुरू :   संपर्क करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 07 Mar 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

‘हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास’

चर्चा में क्यों?

6 मार्च, 2023 को हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन सुभाष बराला ने बताया कि राज्य सरकार ने मौजूदा बीमा योजनाओं को समेकित, मानकीकृत और सरलीकृत दावों के प्रसंस्करण को सुनिश्चित करने और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान करने के लिये ‘हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास’नाम से एक ट्रस्ट की स्थापना की है।

प्रमुख बिंदु

  • हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन ने बताया कि ‘हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास’ लोगों को प्रत्यक्ष लाभ देने में अहम साबित होगा, इससे विभिन्न बीमा योजनाएँ भी समेकित हो जाएंगी।
  • उन्होंने बताया कि उच्च जोखिम वाली श्रेणी में काम करने वाले ग्रुप सी और डी के कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों को कवर करने के लिये प्रदेश सरकार ने ‘मुख्यमंत्री हरियाणा कर्मचारी दुर्घटना बीमा योजना’बनाई है, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में उनके परिवार को कुछ सहारा मिल सके।
  • चेयरमैन सुभाष बराला ने बताया कि दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी विकलांगता के मामले में छोटे व्यापारियों के लिये ‘मुख्यमंत्री व्यापारी सामूहिक निजी दुर्घटना बीमा योजना’बनाई गई है, ताकि मुसीबत के समय इनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सके।
  • इसके अलावा अंत्योदय परिवारों को सामाजिक सुरक्षा मुहैया करवाने के लिये ‘मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना’तैयार की गई है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक बीमा योजना का लाभ देकर उनको चिंतामुत्त किया जा सके।
  • चेयरमैन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स, छोटे व्यापारियों और 1.50 करोड़ रुपए तक के वार्षिक टर्नओवर वाले व्यवसायियों के कल्याण के लिये किसी भी प्राकृतिक कारणों या आग के कारण संपत्ति के नुकसान के मामले में मुआवजा प्रदान करने के लिये ‘मुख्यमंत्री व्यापारी क्षतिपूर्ति बीमा योजना’के संशोधित दिशा-निर्देशों को हाल ही में अधिसूचित कर दिया है। यह योजना भी 1 अप्रैल, 2023 से पूरे प्रदेश में चालू हो जाएगी।

हरियाणा Switch to English

हरियाणा कृषि विकास मेला - 2023

चर्चा में क्यों?

6 मार्च, 2023 को हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश के हिसार ज़िले में स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में हरियाणा कृषि विकास मेला-2023 का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 10 मार्च से 12 मार्च तक चलेगा।

प्रमुख बिंदु

  • कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के प्रगतिशील किसानों को नई कृषि तकनीकों से अवगत करवाने के लिये हरियाणा कृषि विकास मेला-2023 का आयोजन किया जा रहा है।
  • मेले में कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा किसानों के मध्य फसल प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। इसी प्रकार रबी फसलों की नई किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा और मिट्टी व पानी के नमूनों की सामान्य शुल्क पर जांच की जाएगी।
  • इस मेले में कृषि संबंधित समस्याओं एवं समाधान विषय पर प्रश्नोत्तरी सभा होगी और खरीफ फसलों व सब्जियों के प्रमाणित बीजों की जानकारी दी जाएगी एवं बिक्री की जाएगी।
  • प्रवक्ता के अनुसार कृषि विकास मेले में हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे। इसके अलावा लकी ड्रॉ के माध्यम से प्रतिदिन एक छोटा ट्रैक्टर, सुपर सीडर व पावर विंडर मशीन तथा 12 मार्च 2023 को किसानों को बड़ा ट्रैक्टर जीतने का मौका मिलेगा।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2