हरियाणा Switch to English
भारत में टेस्ला का पहला केंद्र
चर्चा में क्यों?
अमेरिका स्थित इलेक्ट्रिक वाहन (EV) कंपनी टेस्ला 26 नवंबर, 2025 को गुरुग्राम के ऑर्किड बिज़नेस पार्क में अपना पहला पूर्ण-स्तरीय भारतीय केंद्र खोलने जा रही है, जो इसकी भारतीय रिटेल रणनीति में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
मुख्य बिंदु
- गुरुग्राम केंद्र के बारे में:
- गुरुग्राम स्थित यह केंद्र भारतीय बाज़ार के लिये एक शोरूम, डिलीवरी हब और सर्विस सेंटर के रूप में कार्य करेगा, जो टेस्ला की विकसित होती भौतिक उपस्थिति को दर्शाता है।
- इससे पहले टेस्ला मुंबई और नई दिल्ली में अनुभव केंद्र खोल चुकी है।
- भारत टेस्ला का 50वाँ वैश्विक बाज़ार बन गया, जहाँ उसने मॉडल वाई के दो आयातित संस्करण लॉन्च किये।
- सरकार समर्थित वाहन पोर्टल के पंजीकरण आँकड़ों के अनुसार, टेस्ला द्वारा सितंबर-अक्तूबर के दौरान रिटेल में 104 इकाइयाँ बेची गईं।
- वाहन पोर्टल के बारे में:
- यह भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय वाहन डेटाबेस है, जो पूरे देश के पंजीकृत वाहनों का विस्तृत रिकॉर्ड रखता है।
- इसका संचालन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) द्वारा किया जाता है और यह वाहनों की बिक्री, नए पंजीकरण तथा अनुपालन आँकड़ों पर रियल-टाइम जानकारी प्रदान करता है।
- अपनी विश्वसनीयता और व्यापक कवरेज के कारण यह पोर्टल विद्युत् वाहन अपनाने की प्रवृत्ति तथा परिवहन क्षेत्र की अन्य प्रगति का आकलन करने के लिये एक विश्वसनीय डेटा स्रोत माना जाता है।
राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स Switch to English
बिरसा 101
चर्चा में क्यों?
विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्री ने सिकल सेल रोग के लिये भारत की पहली स्वदेशी CRISPR-आधारित जीन थेरेपी ‘बिरसा 101’ का शुभारंभ किया है।
- बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती (15 नवंबर,2025) के उपलक्ष्य में उनके नाम पर शुरू की गई यह थेरेपी राष्ट्र को “सिकल सेल -मुक्त भारत” के लक्ष्य की दिशा में सशक्त बनाती है तथा यह मध्य और पूर्वी भारत के प्रभावित जनजातीय समुदायों को महत्त्वपूर्ण लाभ प्रदान करेगी।
मुख्य बिंदु
- थेरेपी के बारे में:
- यह जीन थेरेपी वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद–जीनोमिक्स एवं एकीकृत जीवविज्ञान संस्थान (CSIR-IGIB) द्वारा विकसित की गई है तथा एक संरचित प्रौद्योगिकी-हस्तांतरण समझौते के माध्यम से सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को हस्तांतरित की गई है, जिससे प्रयोगशाला से बाज़ार तक तीव्र मार्ग सुनिश्चित हुआ।
- इसे सार्वजनिक-निजी मॉडल द्वारा वंचित समुदायों तक उच्च-गुणवत्ता वाली तथा सस्ती जीनोमिक थेरेपी उपलब्ध कराने के लिये तैयार किया गया है।
- CRISPR तकनीक
- CRISPR (Clustered Regularly Interspaced Short Palindromic Repeats) बैक्टीरिया में पाया जाने वाला एक प्राकृतिक रक्षा-तंत्र है, जिसका उपयोग वायरल DNA को काटने के लिये किया जाता है।
- आधुनिक जीन-एडिटिंग में CRISPR-Cas9 का प्रयोग किया जाता है, जहाँ Cas9 विशिष्ट लक्षित स्थलों पर DNA को काटने हेतु आणविक कैंची की भाँति कार्य करता है।
- यह तकनीक सटीक, कुशल तथा कम-लागत वाले जीनोम-एडिटिंग को सक्षम बनाती है, जिसके कारण यह जैव-प्रौद्योगिकी तथा चिकित्सा अनुसंधान में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।
- इसे प्रथम बार वर्ष 2012 में जीन-एडिटिंग उपकरण के रूप में प्रदर्शित किया गया, जिसका विकास जेनिफर डूडना तथा इमैनुएल चार्पेंटियर ने किया; जिन्हें रसायन-विज्ञान में वर्ष 2020 का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया।
सिकल सेल रोग (SCD)
- सिकल सेल रोग एक ऑटोसोमल रिसेसिव आनुवंशिक रक्त-विकार है, जो HBB जीन में उत्परिवर्तन के कारण उत्पन्न होता है।
- इससे असामान्य हीमोग्लोबिन-S बनता है, जिसके परिणामस्वरूप लाल रक्त कोशिकाएँ अर्धचंद्राकार तथा कठोर हो जाती हैं। इससे एनीमिया, तीव्र दर्द, संक्रमण तथा अंग-संबंधी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं ।
- यह रोग मध्य तथा पूर्वी भारत के आदिवासी समुदायों में अत्यधिक प्रचलित है तथा राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन (2023–2047) के अंतर्गत एक प्रमुख फोकस-क्षेत्र है।
- इसके पारंपरिक उपचारों में हाइड्रॉक्सीयूरिया, रक्त-आधान तथा स्टेम-सेल प्रत्यारोपण सम्मिलित हैं।
H%201.gif)
