UPSC CSE 2026 अधिसूचना जारी: परीक्षा तिथि, रिक्तियाँ एवं पात्रता मानदंड का विवरण
- 13 Feb, 2026
विषयसूची
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 की अधिसूचना 4 फरवरी 2026 को आधिकारिक रूप से जारी कर दी है। इसके साथ ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) तथा भारतीय विदेश सेवा (IFS) जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिये आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। लगभग 933 रिक्तियों की घोषणा के साथ, अभी अभ्यर्थियों के लिये गहन और सुनियोजित रूप से तैयारी करने का समय आ गया है।
UPSC 2026 की प्रमुख तिथियाँ
इन महत्त्वपूर्ण समय-सीमाओं को अपने कैलेंडर में अंकित कर प्रतियोगिता में बढ़त बनाए रखें:
|
कार्यक्रम |
तिथि/समय-सीमा |
|
अधिसूचना की तिथि |
04 फरवरी 2026 |
|
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होने की तिथि |
04 फरवरी 2026 |
|
आवेदन करने की अंतिम तिथि |
24 फरवरी 2026 (सायं 6:00 बजे तक) |
|
UPSC प्रारंभिक परीक्षा (प्रिलिम्स) की तिथि |
24 मई 2026 |
|
ई-प्रवेश पत्र जारी होना |
परीक्षा से पूर्ववर्ती सप्ताह का अंतिम कार्य दिवस |
|
प्रश्न पत्र अभ्यावेदन (QPRep) |
परीक्षा के बाद तीसरे से सातवें दिन तक कुल 5 दिनों की अवधि |
|
आयु पात्रता की अंतिम तिथि |
01 अगस्त 2026 |
|
OBC/EWS प्रमाण-पत्रों की वैध निर्गमन अवधि |
01.04.2025 को/उसके पश्चात जारी किया गया, परंतु 24.02.2026 के पश्चात नहीं |
|
सिविल सेवा मुख्य (मेन्स) परीक्षा हेतु आवेदन विंडो |
प्रिलिम्स परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद 10 दिनों की अवधि |
|
व्यक्तित्व परीक्षण (DAF-II) अपडेट विंडो |
मेन्स (लिखित) परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद 15 दिनों की अवधि |
आधिकारिक अधिसूचना का PDF डाउनलोड करें
रिक्तियों का वितरण
वर्ष 2026 के लिये UPSC ने लगभग 933 रिक्तियों की घोषणा की है। इनमें बेंचमार्क दिव्यांग व्यक्तियों (PwBD) के लिये 33 रिक्तियाँ आरक्षित हैं। ये रिक्तियाँ कुल 21 विभिन्न सेवाओं से संबंधित हैं, जिनमें शामिल हैं—
- भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS)
- भारतीय पुलिस सेवा (IPS)
- भारतीय विदेश सेवा (IFS)
- भारतीय राजस्व सेवा (IRS)
पात्रता मानदंड
आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि वे निम्नलिखित सभी आवश्यक शर्तें पूर्ण करते हों।
1. शैक्षणिक योग्यता
किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री अनिवार्य है।
- अंतिम वर्ष के छात्र प्रिलिम्स परीक्षा में आवेदन कर सकते हैं, किंतु मेन्स परीक्षा से पूर्व स्नातक उत्तीर्ण होने का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
2. आयु-सीमा एवं छूट
परीक्षा हेतु पात्र होने के लिये, अभ्यर्थी की आयु 1 अगस्त, 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष होनी चाहिये और 32 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिये।
- जन्म-तिथि की सीमा: अभ्यर्थी का जन्म 2 अगस्त 1994 से पूर्व तथा 1 अगस्त 2005 के पश्चात नहीं हुआ होना चाहिये।
आयु-सीमा संबंधी छूट:
- SC/ST: अधिकतम 5 वर्ष
- OBC: अधिकतम 3 वर्ष
- रक्षा सेवाओं का कार्मिक (अभियानों में हुई दिव्यांगता): अधिकतम 3 वर्ष
- पूर्व सैनिक: अधिकतम 5 वर्ष (निर्धारित शर्तों के अधीन)
- PwBD: अधिकतम 10 वर्ष
3. अवसरों की संख्या
- सामान्य वर्ग/EWS: 6 अवसर
- OBC: 9 अवसर
- SC/ST: आयु-सीमा तक असीमित
- PwBD: सामान्य वर्ग/OBC के लिये 9 अवसर; SC/ST के लिये असीमित
नोट: प्रिलिम्स परीक्षा के किसी भी एक प्रश्न-पत्र में उपस्थित होना एक प्रयास के रूप में गिना जाता है।
आवेदन कैसे करें: चरणबद्ध मार्गदर्शिका
UPSC के आवेदनों की प्रक्रिया केवल upsconline.nic.in के माध्यम से ही की जा सकती है।
- वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR): मूल व्यक्तिगत विवरण दर्ज कर एक स्थायी प्रोफाइल तैयार करें।
- यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन: पहचान संबंधी विवरण तथा मैट्रिकुलेशन (10वीं) से जुड़े विवरण प्रदान कर यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) जनरेट करें।
- समान आवेदन प्रपत्र: सामाजिक श्रेणी, शिक्षा और पते से संबंधित जानकारी सहित समान आवेदन प्रपत्र भरें।
- दस्तावेज़ अपलोड करना: एक हालिया फोटो (जो 10 दिन से अधिक पहले की न हो, जिस पर नाम और तारीख अंकित हो), हस्ताक्षर और अपने फोटो पहचान-पत्र की PDF फाइल अपलोड करें।
- शुल्क भुगतान एवं परीक्षा केंद्र चयन: ₹100 आवेदन शुल्क का भुगतान करें (महिला, SC, ST तथा PwBD अभ्यर्थियों के लिये शुल्क से छूट है) तथा वांछित परीक्षा केंद्र का चयन करें।
आवश्यक दस्तावेज़ों की सूची
अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से upsconline.nic.in के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
- फोटो और हस्ताक्षर:
- दोनों फाइलें .JPG/.PNG फॉर्मेट में होनी चाहिये और उनका आकार 20 KB से 300 KB के बीच होना चाहिये।
- फोटो के लिये आवश्यक शर्तें: फोटो में पूरा चेहरा दिखना चाहिये, जो फोटो के लगभग 75% (3/4) हिस्से को कवर करे और पृष्ठभूमि सादी सफेद हो।
- हस्ताक्षर संबंधी आवश्यकताएँ: हस्ताक्षर साफ सफेद कागज़ पर काले पेन से किये जाने चाहिये और उन्हें स्पष्ट रूप से स्कैन किया जाना चाहिये।
- वैध फोटो पहचान-पत्र: हालाँकि विभिन्न प्रकार के पहचान-पत्र स्वीकार किये जाते हैं, लेकिन सुगम सत्यापन और केंद्र में अविलंब प्रवेश के लिये आधार कार्ड का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। इस पहचान-पत्र को PDF फॉर्मेट (20-300 KB) में अपलोड करना होगा।
- मैट्रिकुलेशन सर्टिफिकेट: जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में आवश्यक है।
- डिग्री प्रमाण-पत्र: अंतिम डिग्री या अनंतिम प्रमाण-पत्र।
- श्रेणी प्रमाण-पत्र: यदि लागू हो तो वैध अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग (NCL)/EWS या दिव्यांग व्यक्ति का प्रमाण-पत्र।
वर्ष 2026 हेतु नवीन एवं महत्त्वपूर्ण निर्देश
- आवेदन के दौरान "लाइव फोटोग्राफ" कैप्चर करना: आवेदन प्रक्रिया में एक महत्त्वपूर्ण तकनीकी बदलाव लाइव फोटोग्राफ की आवश्यकता है।
- मानक फोटो अपलोड करने के अतिरिक्त, आवेदकों को अब समान आवेदन प्रपत्र (CAF) भरते समय अपनी लाइव फोटो भी कैप्चर करनी होगी।
- आवेदकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अपलोड की गई फोटो और लाइव कैप्चर की गई फोटो दोनों स्पष्ट हों तथा वेबसाइट पर दिये गए निर्देशों का पालन करें।
- फेस ऑथेंटिकेशन: सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा स्थल पर चेहरे की पहचान अनिवार्य रूप से करानी होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा सत्र शुरू होने से कम-से-कम 30 मिनट पहले परीक्षा स्थल पर पहुँचना होगा।
- सार्वजनिक प्रकटीकरण योजना का नाम परिवर्तन: पूर्व में "सार्वजनिक प्रकटीकरण योजना" के नाम से जानी जाने वाली इस योजना का नाम बदलकर "प्रतिभा सेतु पोर्टल" कर दिया गया है।
- इस योजना के तहत, आयोग उन अभ्यर्थियों का विवरण (अंक, शिक्षा आदि) संभावित नियोक्ताओं को देता है जिनकी अनुशंसा नहीं की गई है और जो साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण में शामिल हुए थे, बशर्ते उम्मीदवार ने इसके लिये सहमति दी हो।
- मोबाइल फोन पर प्रतिबंध: मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। यह प्रतिबंध उपकरण के स्विच-ऑफ होने की स्थिति में भी लागू रहेगा।
- आवेदन वापस लेना: आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को अपना आवेदन वापस लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- प्रश्न पत्र अभ्यावेदन (QPRep): अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों पर 5 दिनों की अवधि के भीतर (परीक्षा के बाद तीसरे दिन से सातवें दिन तक) अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
- परीक्षा हेतु आवेदन पर प्रतिबंध: आयोग ने सेवारत उम्मीदवारों के लिये नए नियम लागू किये हैं:
- IAS एवं IFS अधिकारी: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अथवा भारतीय विदेश सेवा (IFS) में पूर्व से नियुक्त अधिकारी इस परीक्षा के लिये पात्र नहीं होंगे।
- IPS अधिकारी: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में कार्यरत व्यक्ति पुनः IPS का विकल्प नहीं चुन सकते।
- सेवारत ग्रुप ‘A’ अधिकारी (CSE 2025 या उससे पूर्व चयनित)
- संक्रमणकालीन अवधि: उन्हें बिना त्याग-पत्र दिये एक बार CSE 2026 या CSE 2027 में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया गया है।
- अनिवार्य त्याग-पत्र: यदि वे CSE 2028 या उसके बाद की परीक्षा में सम्मिलित होना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी सेवा से त्याग-पत्र देना अनिवार्य होगा।
- CSE 2026 में चयनित अभ्यर्थी:
- वे CSE 2027 में तभी उपस्थित हो सकते हैं जब उन्हें प्रशिक्षण से एक बार की छूट मिल जाए (उन्हें फाउंडेशन कोर्स में शामिल होना अनिवार्य है)।
- यदि वे इस छूट का उपयोग करते हैं, तो उन्हें CSE 2028 और उसके बाद की परीक्षाओं में भाग लेने से विवर्जित कर दिया जाएगा, जब तक कि वे त्याग-पत्र नहीं दे देते।
परीक्षा पैटर्न का संक्षिप्त विवरण
सिविल सेवा परीक्षा की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न होती है:
1. प्रिलिम्स परीक्षा (वस्तुनिष्ठ)
इसमें एक ही दिन आयोजित होने वाले दो बहुविकल्पीय प्रश्न-आधारित प्रश्नपत्र शामिल हैं। प्रत्येक गलत उत्तर के लिये 1/3 अंक का ऋणात्मक अंकन किया जाएगा।
- प्रश्नपत्र I (सामान्य अध्ययन): 100 प्रश्न, 200 अंक। इसी प्रश्नपत्र के अंक मुख्य परीक्षा हेतु मेरिट निर्धारित करने के लिये गिने जाते हैं।
- प्रश्नपत्र II (CSAT): 80 प्रश्न, 200 अंक। यह केवल अर्हक प्रश्नपत्र है, जिसमें न्यूनतम 33% (66 अंक) प्राप्त करना अनिवार्य है।
2. मेन्स परीक्षा (वर्णनात्मक)
प्रिलिम्स परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने के लिये विस्तृत आवेदन-पत्र (DAF-I) भरना होता है। मुख्य परीक्षा में कुल 9 वर्णनात्मक प्रश्नपत्र होते हैं, जिनके कुल अंक 1750 हैं।
- अर्हकारी प्रश्नपत्र: प्रश्नपत्र A – भारतीय भाषा और प्रश्नपत्र B – अंग्रेज़ी
- मेरिट हेतु प्रश्नपत्र: 1 निबंध, 4 सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र (GS I–IV), 2 वैकल्पिक विषय के प्रश्नपत्र
3. व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार)
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को नई दिल्ली स्थित UPSC मुख्यालय में व्यक्तित्व परीक्षण के लिये आमंत्रित किया जाता है। यह चरण 275 अंकों का होता है।
संपूर्ण पाठ्यक्रम के लिये यहाँ क्लिक करें
निष्कर्ष
सिविल सेवा परीक्षा भारत की सबसे प्रतिस्पर्द्धी परीक्षाओं में से एक है। अधिसूचना जारी हो चुकी है, अतः अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना चाहिये कि वे सभी पात्रता मानदंडों को पूर्ण करते हों तथा 24 फरवरी 2026 की अंतिम तिथि से पूर्व अपना आवेदन प्रस्तुत कर दें। परीक्षा केंद्रों का आवंटन “पहले आवेदन–पहले आवंटन” के आधार पर किया जाता है। अर्थात किसी वांछित केंद्र की निर्धारित क्षमता पूर्ण होते ही वह केंद्र फ्रीज़ कर दिया जाएगा और अभ्यर्थियों को शेष उपलब्ध केंद्रों में से चयन करना होगा। अतः समय रहते आवेदन करना इस समस्या से बचने का सर्वोत्तम उपाय है।
आवेदन प्रक्रिया से आगे बढ़ते हुए जब आप गहन तैयारी के चरण में प्रवेश करते हैं, तब उचित मार्गदर्शन “निकटतम सफलता” और “अंतिम चयन सूची” के बीच का निर्णायक अंतर सिद्ध हो सकता है। आपकी समग्र तैयारी को सुव्यवस्थित करने हेतु हमने विशेष रूप से निम्नवत अध्ययन कार्यक्रम तैयार किये हैं—
GS पेपर 1 एवं CSAT हेतु ऑनलाइन पाठ्यक्रम UPSC प्रिलिम्स परीक्षा हेतु टेस्ट सीरीज़