ध्यान दें:

मध्य प्रदेश स्टेट पी.सी.एस.

  • 20 Jun 2025
  • 0 min read
  • Switch Date:  
मध्य प्रदेश Switch to English

ICAR-NIHSAD "कैटेगरी A रिंडरपेस्ट फैसिलिटी " के रूप में नामित

चर्चा में क्यों?

भारत ने वैश्विक पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है, क्योंकि विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH) तथा संयुक्त राष्ट्र खाद्य और कृषि संगठन (FAO) ने ICAR–राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD), भोपाल को कैटेगरी A रिंडरपेस्ट होल्डिंग फैसिलिटी के रूप में नामित किया है।

  • भारत अब उन छह वैश्विक संस्थानों में शामिल हो गया है, जिन्हें रिंडरपेस्ट वायरस सामग्री को सुरक्षित रूप से रखने के लिये विश्वसनीय माना गया है।

मुख्य बिंदु

  • NIHSAD (राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान):
    • यह भारत की प्रमुख जैव सुरक्षा स्तर-3 (BSL-3) सुविधा वाली उच्च नियंत्रण प्रयोगशाला है, जो विदेशी और उभरते पशु रोगजनकों, रोग निदान तथा उच्च जोखिम वाले जीवों के जैव नियंत्रण पर अनुसंधान करती है।
    • इसकी स्थापना वर्ष 1984 में हाई सिक्योरिटी एनिमल डिज़ीज़ लैबोरेटरी (HSADL) के रूप में की गई थी और बाद में इसका नाम बदलकर NIHSAD कर दिया गया।
      • यह वन हेल्थ फ्रेमवर्क के तहत एवियन इन्फ्लूएंज़ा, न्यूकैसल रोग और अन्य सीमापार तथा जूनोटिक रोगों के लिये एक संदर्भ प्रयोगशाला के रूप में कार्य करती है।
    • यह संस्था भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अधीन कार्य करती है।
  • रिंडरपेस्ट:
    • रिंडरपेस्ट, जिसे कैटल प्लेग (मवेशी प्लेग) के रूप में भी जाना जाता है, वर्ष 2011 में अपने वैश्विक उन्मूलन तक एक अत्यधिक संक्रामक और घातक वायरल रोग था।
    • उन्मूलन के बावजूद, रिंडरपेस्ट वायरस-युक्त पदार्थ (RVCM) अभी भी विश्व की कुछ प्रयोगशालाओं में मौजूद है, जो जैव सुरक्षा के लिये संभावित खतरा बना हुआ है।
    • यह रोग संक्रमित स्राव या दूषित भोजन/पानी के संपर्क से फैलता है। इसके लक्षणों में तेज़ बुखार, मुँह में छाले, दस्त और त्वरित मृत्यु शामिल हैं।
    • इससे अफ्रीका, एशिया तथा यूरोप में पशुधन की व्यापक हानि हुई, जिससे आर्थिक पतन और खाद्य असुरक्षा उत्पन्न हुई। 
    • इस खतरे को नियंत्रित करने के लिये, FAO और WOAH ने RVCM के भंडारण को सख्त वैश्विक निरीक्षण के अंतर्गत उच्च सुरक्षा प्रयोगशालाओं तक सीमित कर दिया है।

विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH)

  • WOAH, जिसे वर्ष 1924 में ऑफिस इंटरनेशनल डेस एपिज़ूटीज़ (OIE) के नाम से स्थापित किया गया था, एक अंतर-सरकारी संगठन है जिसका मुख्यालय पेरिस, फ्राँस में स्थित है।
  • इसकी स्थापना वैश्विक रिंडरपेस्ट प्रकोप के प्रत्युत्तर में की गई थी।
  • WOAH को विश्व व्यापार संगठन (WTO) के स्वच्छता एवं पादप स्वच्छता उपायों (SPS) संबंधी समझौते के अंतर्गत पशु स्वास्थ्य के लिये अंतर्राष्ट्रीय मानक निर्धारण निकाय के रूप में औपचारिक मान्यता प्राप्त है।
  • वर्ल्ड असेंबली ऑफ डेलीगेट्स, WOAH का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है, जिसमें भारत सहित सभी 183 सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
    • प्रतिवर्ष इसकी बैठक पेरिस में होती है, जिसमें प्रत्येक देश को एक मताधिकार प्राप्त होता है।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2