हरियाणा
साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय ने गुरुग्राम में भारत परिसर खोला
- 17 Jul 2025
- 4 min read
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर हरियाणा के गुरुग्राम में साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय के भारत परिसर का उद्घाटन किया।
मुख्य बिंदु
साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय के परिसर के बारे में:
- भारत के शिक्षा क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण उपलब्धि:
- QS शीर्ष 100 वैश्विक संस्थानों में शामिल तथा ब्रिटेन के रसेल समूह का संस्थापक सदस्य साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के (भारत में विदेशी उच्च शिक्षा संस्थानों के परिसरों की स्थापना और संचालन) विनियम, 2023 के अंतर्गत भारत में परिसर संचालित करने वाला पहला विदेशी विश्वविद्यालय बन गया है।
- गुरुग्राम में विश्वविद्यालय के परिसर का उद्घाटन भारत के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण क्षण को चिह्नित करता है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के पाँच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मरणीय उपलब्धि के रूप में मनाया जा रहा है।
- NEP 2020 के तहत शिक्षा का अंतर्राष्ट्रीयकरण:
- केंद्रीय मंत्री ने इस कार्यक्रम को भारत-UK सहयोग के शिक्षा स्तंभ को मज़बूत करने वाला बताया, जो भारत-UK रोडमैप 2030 के अनुरूप है।
- परिसर की पेशकश और कार्यक्रम:
- गुरुग्राम परिसर में विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे, जिनके अंतर्गत विद्यार्थियों को UK या मलेशिया स्थित विश्वविद्यालय के परिसरों में एक वर्ष तक अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
नोट:
- भारत भी वैश्विक उपस्थिति का विस्तार कर रहा है, जैसे कि IIT मद्रास द्वारा ज़ांज़ीबार में और IIT दिल्ली द्वारा अबू धाबी में परिसर स्थापित किया गया है।
UGC (FHEI) विनियम, 2023 के बारे में:
- UGC (FHEI) विनियम, 2023 ने विश्व के शीर्ष 500 विश्वविद्यालयों को भारत में अपनी शाखाएँ स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया है।
- यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), 2020 के अनुरूप है, जो भारत में शीर्ष वैश्विक विश्वविद्यालयों के लिये एक विधायी ढाँचा प्रस्तुत करती है।
- NEP 2020 में उल्लेख किया गया है कि विश्व के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में से चयनित संस्थानों को भारत में संचालन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC):
- UGC भारत का एक संवैधानिक निकाय है, जिसकी स्थापना वर्ष 1953 में उच्च शिक्षा के समन्वय, निर्धारण और गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई थी।
- यह आयोग UGC अधिनियम, 1956 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा गठित किया गया था।
- UGC के प्रमुख कार्यों में विश्वविद्यालयों को मान्यता प्रदान करना, वित्तीय सहायता देना तथा उच्च शिक्षा से संबंधित मामलों में सरकार को परामर्श देना शामिल है।
- UGC का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है।