दृष्टि के NCERT कोर्स के साथ करें UPSC की तैयारी और जानें
ध्यान दें:

मध्य प्रदेश स्टेट पी.सी.एस.

  • 17 Mar 2026
  • 0 min read
  • Switch Date:  
मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश में भारत का पहला समृद्धि केंद्र

चर्चा  में क्यों?

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना ज़िले के उमरी गाँव में देश के पहले समृद्धि केंद्र का उद्घाटन किया, जो एक एकीकृत ग्रामीण सेवा केंद्र है जिसका उद्देश्य सेवा वितरण की कमियों को दूर करना तथा ग्रामीणों के लिये डिजिटल पहुँच को सुदृढ़ करना है।

मुख्य बिंदु:

  • एकीकृत सेवा केंद्र: समृद्धि केंद्र स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग, कृषि सहायता तथा अन्य नागरिक-केंद्रित आवश्यक सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाने में मदद मिलती है।
    • यह केंद्र समृद्ध ग्राम फिजीटल सर्विसेज पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भौतिक अवसंरचना और डिजिटल प्रौद्योगिकी के समन्वय से निर्बाध सेवा वितरण सुनिश्चित करना है।
  • डिजिटल सशक्तीकरण: डिजिटल अवसंरचना से युक्त यह केंद्र ग्रामीण-शहरी संपर्क को सुदृढ़ करने तथा डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है, जिससे उमरी और आसपास के गाँवों के निवासियों को ऑनलाइन सेवाओं तक सुगम पहुँच मिल सके।
    • ग्रामीण लोग यहाँ टेलीमेडिसिन और स्वास्थ्य परामर्श, डिजिटल बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन सेवाएँ, कौशल विकास और शैक्षिक संसाधन, कृषि संबंधी परामर्श तथा ई-गवर्नेंस सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
  • प्रौद्योगिकी का एकीकरण: समृद्धि केंद्र में वर्चुअल रियलिटी (VR), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), डिजिटल कक्षाएँ तथा परस्पर जुड़े कंप्यूटर प्रयोगशालाएँ जैसी उन्नत तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया है, जिससे शिक्षण और सूचना प्रसार को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
  • मॉडल: यह पायलट केंद्र अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में इसी प्रकार के एकीकृत सेवा केंद्रों की स्थापना के लिये एक विस्तार योग्य मॉडल के रूप में कार्य कर सकता है।
  • प्रभाव: इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को सामान्य सेवाओं के लिये शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता को कम करना है, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी तथा समुदाय के भीतर ही आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

और पढ़ें: वर्चुअल रियलिटी (VR), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), ई-गवर्नेंस सेवाएँ


राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स Switch to English

BCCI नमन पुरस्कार 2026

चर्चा में क्यों?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वर्ष 2024–25 सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा भारतीय क्रिकेट की दिग्गज हस्तियों को सम्मानित करने हेतु नमन पुरस्कार 2026 का आयोजन किया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तरों पर उनकी उपलब्धियों को औपचारिक मान्यता प्रदान की गई। 

मुख्य बिंदु:

  • पॉली उमरीगर पुरस्कार: 2024–25 सत्र के लिये सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर (पुरुष) का पुरस्कार शुभमन गिल को प्रदान किया गया, जबकि स्मृति मंधाना को सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर (महिला) चुना गया। यह उनका पाँचवाँ BCCI सम्मान है।
  • कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड: भारतीय क्रिकेट में उत्कृष्ट योगदान के लिये पूर्व क्रिकेटरों राहुल द्रविड़, रोजर बिन्नी और मिताली राज को यह सम्मान प्रदान किया गया।
  • अंतर्राष्ट्रीय पदार्पण पुरस्कार: ये पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में प्रभावशाली पदार्पण करने वाले उभरते खिलाड़ियों को दिये जाते हैं।
    • सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू (पुरुष): हर्षित राणा
    • सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू (महिला): एन. श्री चरणी
  • घरेलू क्रिकेट पुरस्कार: ये पुरस्कार भारत की घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में असाधारण प्रदर्शन को मान्यता देते हैं।
    • जगमोहन डालमिया ट्रॉफी (सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर - घरेलू): इरा जाधव
    • सीनियर घरेलू एक दिवसीय टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर: शेफाली वर्मा
  • सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिये लाला अमरनाथ पुरस्कार: घरेलू क्रिकेट में यह पुरस्कार आयुष म्हात्रे (सीमित ओवर टूर्नामेंट) और हर्ष दुबे (रणजी ट्रॉफी) को प्रदान किया गया।
  • सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट संघ: मुंबई क्रिकेट संघ को 2024-25 सत्र के लिये  BCCI के घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार मिला।
  • सर्वश्रेष्ठ अंपायर: घरेलू टूर्नामेंटों में अपने शानदार प्रदर्शन के लिये उल्हास गांधे को घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ अंपायर के रूप में सम्मानित किया गया ।
  • महत्त्व: BCCI नमन पुरस्कार भारतीय क्रिकेट के सभी स्तरों अंतर्राष्ट्रीय, घरेलू और प्रशासनिक में उत्कृष्टता का सम्मान करते हैं, साथ ही उन दिग्गज हस्तियों को सम्मानित करते हैं जिन्होंने खेल में स्थायी योगदान दिया है।

और पढ़ें: रणजी ट्रॉफी


close
Share Page
images-2
images-2