दृष्टि के NCERT कोर्स के साथ करें UPSC की तैयारी और जानें
ध्यान दें:

मध्य प्रदेश स्टेट पी.सी.एस.

  • 27 Nov 2025
  • 0 min read
  • Switch Date:  
मध्य प्रदेश Switch to English

भोपाल में क्रेता संवाद

चर्चा में क्यों?

मध्य प्रदेश के सरकारी विभागों की डिजिटल क्रय क्षमताओं को बढ़ाने के लिये गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) 28 नवंबर, 2025 को भोपाल में 'क्रेता संवाद' कार्यक्रम आयोजित करेगा।

मुख्य बिंदु 

क्रेटा संवाद के बारे में:

  • वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय मध्य प्रदेश के क्रेता संगठनों को GeM के डिजिटल उपकरणों, नए सुधारों और क्रय की सर्वोत्तम विधियों को समझने में मदद करने के लिये क्रेता संवाद का आयोजन कर रहा है।
  • इस सम्मेलन में विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं के लिये अवसरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे उन्हें राज्य और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर सरकारी क्रेताओं तक सुगम पहुँच प्राप्त होगी।
  • सरलीकृत ऑनबोर्डिंग जैसे नवीनतम सुधारों ने सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs), महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और SC/ST उद्यमों की भागीदारी को बढ़ावा दिया है।
  • ये उपाय पारदर्शी क्रय, पूर्वानुमानित व्यावसायिक वृद्धि को बढ़ावा देते हैं एवं सरकार के विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण का समर्थन करते हैं।

गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM):

  • यह एक 100% डिजिटल सार्वजनिक खरीद-प्लेटफॉर्म है जिसे वर्ष 2016 में वाणिज्य तथा उद्योग मंत्रालय के अधीन सरकारी निकायों द्वारा वस्तुओं और सेवाओं की पारदर्शी, कुशल तथा पेपरलेस खरीद को प्रोत्साहित करने हेतु प्रारंभ किया गया था।
  • यह कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 8 के तहत गैर-लाभकारी संस्था के रूप में पंजीकृत है, जो एक विशेष प्रयोजन निकाय के रूप में कार्य करता है, जो केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों और स्थानीय एजेंसियों द्वारा क्रय क्षमता को सक्षम बनाता है।
  • इसमें डिजिटल नीलामी, रिवर्स नीलामी, एंड-टू-एंड पारदर्शिता, वास्तविक समय मूल्य तुलना, कैशलेस भुगतान तथा पूर्ण ऑडिट ट्रेल्स शामिल हैं।
  • यह MSME समावेशन पर दृढ़ता से ध्यान केंद्रित करता है, जिसमें वुमनिया पहल (Womaniya initiative), SC/ST उद्यमियों, स्टार्टअप्स तथा मेक इन इंडिया उत्पादों का समर्थन करने वाली नीतियाँ शामिल हैं।
  • निर्बाध सत्यापन तथा भुगतान सुनिश्चित करने के लिये यह आधार, GSTN, PAN तथा बैंकों जैसे प्लेटफार्मों के साथ एकीकृत है।

राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स Switch to English

भारत में राष्ट्रमंडल खेल 2030 का आयोजन

चर्चा में क्यों?

भारत के आधिकारिक रूप से शताब्दी राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेज़बानी का अधिकार प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को बधाई दी। यह खेलों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। 

मुख्य बिंदु 

मेज़बानी के बारे में:

  • शताब्दी राष्ट्रमंडल खेल 2030 का आयोजन भारत के अहमदाबाद मे किया जाएगा।
  • यह उपलब्धि भारत के लिये एक प्रमुख कूटनीतिक एवं खेल संबंधी सफलता है, जिसने वैश्विक खेल प्रशासन में देश की दृश्यता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की है।
  • यह मेज़बानी भारत के दीर्घकालिक खेल दृष्टिकोण के अनुरूप है, विशेष रूप से खेल अवसंरचना को उन्नत करने, वैश्विक आयोजन मेज़बानी क्षमता को सुदृढ़ करने तथा खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम (TOP) योजना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से एथलीटों को समर्थन बढ़ाने के प्रयासों के अनुरूप है।
  • भारत ने अंतिम बार वर्ष 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी की थी।

राष्ट्रमंडल खेल:

  • राष्ट्रमंडल खेल (CWG) एक अंतर्राष्ट्रीय बहु-खेल आयोजन है जो प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित होता है, जिसमें सभी 56 राष्ट्रमंडल देशों के एथलीट भाग लेते हैं।
  • यह पहली बार वर्ष 1930 में हैमिल्टन, कनाडा में ब्रिटिश एंपायर गेम्स के रूप में आयोजित किया गया था। 
  • भारत ने पहली बार वर्ष 1934 के लंदन राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लिया था।
  • इस आयोजन का संचालन राष्ट्रमंडल खेल ( जिसे पहले राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के नाम से जाना जाता था) द्वारा किया जाता है, जिसका मुख्यालय लंदन (इंग्लैंड) में है, जो यह सुनिश्चित करता है कि खेल मानवता, समानता और नियति के मूल्यों को बनाए रखें।
  • वर्ष 2026 के राष्ट्रमंडल खेल स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होंगे।

close
Share Page
images-2
images-2