इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 27 Jan 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

प्रदेश में 33 नए महिला पुलिस थाने और 239 महिला हैल्प डेस्क स्थापित

चर्चा में क्यों?

26 जनवरी, 2023 को हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के अंबाला शहर स्थित पुलिस लाइन परिसर में 74वाँ गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से निपटने के लिये प्रदेश में 33 नए महिला पुलिस थाने और 239 महिला हैल्प डेस्क स्थापित किये गए हैं।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि राज्य सरकार हरियाणा पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 15 प्रतिशत करने के लिये कृत-संकल्प है। इसी कड़ी में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिये ‘दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स’की 24 कंपनियाँ स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं व अन्य महिलाओं की सुरक्षा के लिये तैनात की गई हैं।
  • उन्होंने बताया कि लोगों को एफ.आई.आर. दर्ज करवाने में दिक्कत न आए, इसके लिये जीरो एफ.आई.आर. की अवधारणा शुरू की गई है। अब किसी भी थाने में एफ.आई.आर. दर्ज करवाई जा सकती है, चाहे घटना कहीं भी घटित हुई हो।
  • गृह मंत्री ने बताया कि करनाल ज़िले के मधुबन स्थित पुलिस कॉम्पलैक्स में फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला (एफ.एस.एल) में ट्रैकिया बार-कोडिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया है। यह सिस्टम पूर्णत: कम्प्यूटरीकृत है। थाने के स्तर से लेकर फौरेंसिक लैब तक इस प्रकार की प्रणाली का प्रयोग करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।
  • उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सत्यापन निश्चित समय अवधि से पहले भेजने के लिये हरियाणा पुलिस को 5 बार पुरस्कृत किया गया है।
  • अनिल विज ने बताया कि अंबाला रेंज में 5 तथा करनाल ज़िले के मूनक में एक नया पुलिस थाना खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है। लोगों में पुलिस सुरक्षा का भाव बढे़ और पुलिस उनके साथ हर कदम पर है, इसके दृष्टिगत 112 टोल फ्री नंबर के तहत पुलिस के बेड़े में 600 गाड़ियाँ जोड़ी गई हैं। हर थाने में दो-दो गाडियाँ मुहैया करवाई गई हैं।

हरियाणा Switch to English

मुख्यमंत्री ने तेजली स्टेडियम के विकास के लिये की 90 करोड़ रुपए की घोषणा

चर्चा में क्यों?

26 जनवरी, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर यमुनानगर ज़िले के जगाधरी में तेजली स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और ज़िला-वासियों को तेजली स्टेडियम का विकास करने की घोषणा करते हुए 90 करोड़ रुपए की सौगात दी।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि यमुनानगर ज़िले के तेजली स्टेडियम को आधुनिक रूप से 3 चरणों में विकसित किया जाएगा। 50 एकड़ में फैले इस स्टेडियम में इनडोर व आउटडोर गेम्स की सभी सुविधाएँ मिलेंगी।
  • उन्होंने बताया कि पहले चरण में इंडोर खेल, जिनमें जूडो, कबड्डी, ताइक्वांडो, रेसलिंग, बॉक्सिंग, लॉन टैनिस, आर्चरी, राईफल शूटिंग आदि के लिये इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित व सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी।
  • अगले चरण में आउटडोर गेम्स को विकसित किया जाएगा, जिसमें हॉकी, फुटबॉल, एथलैटिक्स, टेबल टैनिस, वॉलीबॉल, बास्केट बॉल, हैंडबाल, बैडमिंटन आदि खेल विकसित किये जाएंगे।
  • यह कार्य खेल विभाग द्वारा किया जाएगा और लगभग 3 वर्षों में पूरा किया जाएगा।

हरियाणा Switch to English

हरियाणा-सस्केचेवान शैक्षणिक गोलमेज सम्मेलन का हुआ आयोजन

चर्चा में क्यों?

25 जनवरी, 2023 को हरियाणा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विदेश सहयोग विभाग द्वारा राज्य के पंचकूला ज़िले में हरियाणा-सस्केचेवान शैक्षणिक गोलमेज सम्मेलन का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु 

  • हरियाणा-सस्केचेवान शैक्षणिक गोलमेज सम्मेलन में हरियाणा और सस्केचेवान के बीच शैक्षणिक व कौशल विकास के क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी की पहचान, सुविधा, समर्थन, मजबूती पर चर्चा की गई।
  • इस अवसर पर विदेश सहयोग विभाग के महानिदेशक एवं सचिव अनंत प्रकाश पांडे ने बताया कि हरियाणा सरकार कौशल विकास, शैक्षणिक अनुसंधान, छात्र व फैकल्टी अनुसंधान, पाठ्यक्रम विकास जैसे क्षेत्रों में सस्केचेवान के साथ सहयोग को मजबूत करने के लिये प्रतिबद्ध है। इन प्रयासों को और सुदृढ़ करने के लिये सस्केचेवान पॉलिटेक्निक की विशेषज्ञता का लाभ लिया जाएगा।

हरियाणा Switch to English

दीनबंधु छोटूराम के जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएँ की

चर्चा में क्यों?

25 जनवरी, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य के कुरुक्षेत्र ज़िले की जाट धर्मशाला में आयोजित किसानों के मसीहा दीनबंधु सर छोटूराम के जयंती समारोह में कई घोषणाएँ की।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गन्ने के रेट में 10 रुपए इज़ाफा करते हुए 372 रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने पटवारियों के वेतन को 25 हज़ार रुपए से बढ़ाकर 32100 रुपए करने का भी ऐलान किया।
  • उन्होंने बताया कि पाले की वजह से सरसों की फसल का काफी नुकसान हुआ है, ऐसे में फसल की गिरदावरी करवाई जाएगी और किसानों को मुआवज़ा दिया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने जाट धर्मशाला के लिये 51 लाख रुपए देने की भी बड़ी घोषणा की। जाट धर्मशाला द्वारा बनाए जाने वाले छात्रावास के लिये ज़मीन की व्यवस्था कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड या हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के माध्यम से की जाएगी।
  • उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुष प्रचार प्रसार योजना चला रही है, जिसके अंतर्गत संत-महापुरुषों की जयंतियाँ सरकारी तौर पर मनाई जाती है।
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की डेढ़ लाख एकड़ भूमि में जल भराव की समस्या वाली भूमि को ठीक करने के लिये 1100 करोड़ रुपए का बजट अगले वर्ष तक खर्च किया जाएगा। इस भूमि को कृषि योग्य बनाया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनबंधु छोटूराम ने अपने आदर्शों पर काम करते हुए अंग्रेजो से टक्कर ली और गरीब व किसान के लिये कानून बनवाए। उन्होंने ही बाज़ारों, दुकानों व फैक्ट्री में सप्ताह में एक दिन की छुट्टी को लागू करवाया। दीनबंधु छोटूराम ने ही कर्ज में दबे किसानों को चंगुल से बाहर भी निकाला था।

हरियाणा Switch to English

प्रदेश के दो विभूतियाँ पद्म श्री सम्मान के लिये चयनित

चर्चा में क्यों?

25 जनवरी, 2023 को राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2023 के लिये देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों ‘पद्म पुरस्कारों’की घोषणा की। इनमें हरियाणा की दो विभूतियों को पद्म श्री अवार्ड के लिये चुना गया है।

प्रमुख बिंदु

  • वर्ष 2023 के लिये, राष्ट्रपति ने तीन द्वय मामलों (एक द्वय मामले में, पुरस्कार को एक के रूप में गिना जाता है) सहित 106 पद्म पुरस्कार प्रदान करने की मंज़ूरी दी है।
  • सूची में 6 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 91 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों की सूची में 19 महिलाएँ हैं और विदेशियों/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई की श्रेणी के 2 व्यक्ति और 7 मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले भी शामिल हैं।
  • पद्म पुरस्कार के लिये चयनित हरियाणा की दो विभूतियों में बक्शी राम और डॉ. सुकामा आचार्या शामिल हैं।
  • झज्जर ज़िले के अकुपुर गाँव की डॉ. सुकामा आचार्या को अध्यात्मवाद के क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिये और गुरुग्राम के कृषि वैज्ञानिक डॉ. बख्शी राम को विज्ञान एवं अभियांत्रिकी के क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिये पद्म श्री अवार्ड के लिये चुना गया है।
  • कृषि वैज्ञानिक डॉ. बख्शी राम को गन्ने की किस्म CO-0238 विकसित करने के लिये जाना जाता है।
  • गौरतलब है कि देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में पद्म पुरस्कार शामिल है। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के रूप में प्रदान किये जाते हैं। प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कारों की घोषणा की जाती है।
  • यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि जैसे विभिन्न विषयों/गतिविधियों के क्षेत्रों में दिये जाते हैं।
  • असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिये ‘पद्म विभूषण’, उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिये ‘पद्म भूषण’और किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिये ‘पद्म श्री’से सम्मानित किया जाता है।
  • ये पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक समारोहों में प्रदान किये जाते हैं जो आमतौर पर हर साल मार्च/अप्रैल के आसपास राष्ट्रपति भवन में आयोजित किये जाते है।    

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow