दृष्टि के NCERT कोर्स के साथ करें UPSC की तैयारी और जानें
ध्यान दें:

मेन्स प्रैक्टिस प्रश्न

  • प्रश्न :

    श्री कुनाल मेहरा एक तीव्र गति से औद्योगीकरण कर रहे ज़िले के ज़िला कलेक्टर हैं, जिसने हाल ही में राज्य की ईज़-ऑफ-डूइंग-बिज़नेस पहल के तहत बड़े पैमाने पर निजी निवेश आकर्षित किया है। 3,000 से अधिक स्थानीय श्रमिकों को रोज़गार देने वाली एक बड़ी विनिर्माण इकाई ने संचालन शुरू कर दिया है और इसे एक आदर्श सफलता-कथा के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
    ज़िला प्रशासन में कार्यरत एक कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता गोपनीय रूप से श्री मेहरा से संपर्क करता है तथा दस्तावेज़ी साक्ष्य प्रस्तुत करता है, जिनसे संकेत मिलता है कि कंपनी नियमित रूप से प्रदूषण मानकों का उल्लंघन कर रही है विशेष रूप से भूजल प्रदूषण और खतरनाक अपशिष्ट के अनुचित निपटान के मामले में। अभियंता यह भी स्वीकार करता है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने राजनीतिक और व्यावसायिक हितों के दबाव में निरीक्षण रिपोर्टों की अनदेखी की है। यह मुखबिर आशंकित है कि यदि उसकी पहचान उजागर हुई, तो उसे प्रतिशोध, स्थानांतरण या करियर में ठहराव का सामना करना पड़ सकता है।
    यदि श्री मेहरा औपचारिक जाँच के आदेश देते हैं या इकाई को बंद कर देते हैं, तो इससे रोज़गार में कमी, निवेशकों की तीखी प्रतिक्रिया तथा उन्हें ‘विकास-विरोधी’ कहे जाने जैसे आरोप लग सकते हैं। राजनीतिक कार्यपालिका अनौपचारिक रूप से यह संकेत देती है कि राज्य की निवेश छवि को नुकसान से बचाने के लिये इस मामले को “आंतरिक रूप से सुलझा लिया जाएँ”।

    इसी बीच, स्थानीय किसानों द्वारा फसल उत्पादन में गिरावट और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायतें सामने आने लगी हैं, जिनका संबंध औद्योगिक प्रदूषण से हो सकता है। मीडिया की रुचि बढ़ रही है और नागरिक समाज संगठन जवाबदेही तथा पारदर्शिता की माँग कर रहे हैं।

    ऐसी स्थिति में श्री मेहरा को पर्यावरणीय न्याय, आर्थिक विकास और संस्थागत अखंडता के बीच संतुलन बनाते हुए मुखबिर की शिकायत से निपटने का निर्णय लेना है।
    प्रश्न
    1. इस मामले में कौन-कौन से नैतिक मुद्दे सम्मिलित हैं?
    2. श्री मेहरा के सामने कौन-कौन से विकल्प उपलब्ध हैं? प्रत्येक के गुण-दोष का मूल्यांकन कीजिये।
    3. श्री मेहरा के लिये सर्वाधिक उपयुक्त कार्यवाही क्या होनी चाहिये? अपने उत्तर को नैतिक सिद्धांतों और संवैधानिक मूल्यों के संदर्भ में स्पष्ट कीजिये।

    20 Feb, 2026 सामान्य अध्ययन पेपर 4 केस स्टडीज़

    उत्तर :

    परिचय: 

    यह प्रकरण आर्थिक विकास एवं पर्यावरणीय न्याय के बीच टकराव को रेखांकित करता है। जहाँ लोग, पृथ्वी और लाभ के बीच संतुलन स्थापित करना आवश्यक है। ज़िलाधिकारी को राजनीतिक दबाव और संभावित रोज़गार हानि की आशंकाओं के बीच विश्वसनीय प्रदूषण उल्लंघनों पर कार्रवाई करनी है। यह स्थिति विधि के शासन, व्हिसलब्लोअर संरक्षण तथा नैतिक प्रशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की परीक्षा लेती है।

    संबद्ध हितधारक

    • श्री कुनाल मेहरा (ज़िलाधिकारी): प्रमुख निर्णयकर्त्ता, जो अपने वैधानिक दायित्व, करियर की स्थिरता और नैतिक अंतःकरण के बीच संतुलन बना रहे हैं।
    • कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता (व्हिसलब्लोअर): सत्य उजागर करने के कारण करियर में ठहराव, स्थानांतरण या व्यक्तिगत क्षति का जोखिम उठाने वाला।
    • स्थानीय किसान एवं समुदाय: सबसे अधिक संवेदनशील हितधारक, जिनके स्वास्थ्य, आजीविका और स्वच्छ जल के अधिकार पर प्रत्यक्ष खतरा है।
    • स्थानीय श्रमिक (लगभग 3,000 कर्मचारी): अपनी आर्थिक सुरक्षा और आजीविका के लिये  विनिर्माण इकाई पर निर्भर।
    • विनिर्माण इकाई (निवेशक/प्रबंधन): लाभ अधिकतमकरण से प्रेरित, जिनकी प्रतिष्ठा और पूंजी दाँव पर लगी है।
    • प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) के वरिष्ठ अधिकारी: निहित स्वार्थों के दबाव में कार्य करने वाले, समझौता-ग्रस्त नियामक।
    • राज्य सरकार एवं राजनीतिक कार्यपालिका: राज्य की ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ छवि, राजस्व सृजन और राजनीतिक पूंजी को लेकर चिंतित।
    • नागरिक समाज संगठन एवं मीडिया: पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण की मांग करने वाले निगरानीकर्त्ता।
    • पर्यावरण (वनस्पति, जीव-जंतु, भूजल): वह मूक हितधारक जो अपरिवर्तनीय क्षरण (या पतन) झेल रहा है।

    मुख्य भाग:

    1. सम्मिलित नैतिक मुद्दे

    • यह स्थिति अनेक परस्पर जुड़े नैतिक और प्रशासनिक दुविधाओं को प्रस्तुत करती है:
    • विकास बनाम पर्यावरणीय न्याय: मूल संघर्ष अल्पकालिक उपयोगितावादी लाभ (3,000 लोगों के लिये रोज़गार, राज्य का राजस्व) और दीर्घकालिक पारिस्थितिकीय स्थिरता तथा जनस्वास्थ्य के बीच है।
    • संस्थागत अखंडता बनाम नियामकीय अधिग्रहण: प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी राजनीतिक और व्यावसायिक दबावों के आगे झुक गए हैं। यह संस्थागत ईमानदारी के पतन और जन-विश्वास के गंभीर उल्लंघन को दर्शाता है।
    • कमज़ोर वर्गों की सुरक्षा का दायित्व (रॉल्सीय न्याय): हाशिये पर मौजूद स्थानीय किसान औद्योगिकीकरण की अदृश्य कीमत चुका रहे हैं, जिसका प्रभाव उनके स्वास्थ्य के क्षरण और कृषि उत्पादकता में गिरावट के रूप में सामने आ रहा है। उनकी उपेक्षा करना निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों का उल्लंघन है।
    • व्हिसलब्लोअर संरक्षण: ज़िलाधिकारी का नैतिक और पेशेवर दायित्व है कि वे कनिष्ठ अभियंता की रक्षा करें। ऐसा न करने से आंतरिक जवाबदेही कमज़ोर होगी और भविष्य में पारदर्शिता हतोत्साहित होगी।
    • अंतरात्मा का संकट बनाम राजनीतिक आज्ञापालन: श्री मेहरा से राजनीतिक कार्यपालिका द्वारा ‘मामले को आंतरिक रूप से सुलझाने’ (अर्थात दबाने) का संकेत दिया जा रहा है। उन्हें अपने वरिष्ठों के अनौपचारिक निर्देशों और अपने पद के वैधानिक दायित्व के बीच चयन करना है।

    2. श्री मेहरा के समक्ष उपलब्ध विकल्प

    विकल्प 1: राजनीतिक दबाव के आगे झुकना, साक्ष्यों की अनदेखी करना और मामले को ‘आंतरिक रूप से’ निपटा देना।

    • गुण:
      • लगभग 3,000 मौजूदा नौकरियों को तत्काल बाधा से सुरक्षित रखता है।
      • राज्य की निवेशक–अनुकूल छवि और बाज़ार में विश्वास बनाए रखता है।
      • श्रमिकों और अन्य हितधारकों के बीच अल्पकालिक अनिश्चितता तथा घबराहट से बचाव करता है।
      • राजनीतिक निरंतरता और कार्यपालिका की स्थिरता सुनिश्चित करता है।
    • दोष:
      • गंभीर रूप से अनैतिक और अवैध, जो विधि के शासन को कमज़ोर करता है।
      • विषैले प्रदूषण का निरंतर संपर्क किसानों के स्वास्थ्य को और खराब करेगा, जिससे दीर्घकालिक जनस्वास्थ्य संकट उत्पन्न होंगे।
      • मीडिया और गैर-सरकारी संगठनों द्वारा मामले के उजागर होने की प्रबल संभावना, जिसके परिणामस्वरूप ज़िलाधिकारी को गंभीर कानूनी तथा पेशेवर दुष्परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
      • संस्थागत अखंडता को क्षति पहुँचाता है और व्हिसलब्लोअर के साथ विश्वासघात करता है।

    विकल्प 2: इकाई को तुरंत बंद करना और भ्रष्ट PCB अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से उजागर करना।

    • गुण: 
      • पर्यावरणीय क्षति को तत्काल रोकता है, जिससे किसानों और पारिस्थितिकी तंत्र को आगे होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है।
      • भ्रष्टाचार और नियामकीय अधिग्रहण के विरुद्ध शून्य–सहिष्णुता का सशक्त संदेश देता है।
      • विधि के शासन, पर्यावरणीय न्याय और प्रशासनिक नैतिकता को सुदृढ़ करता है।
    • दोष: 
      • करीब 3,000 कर्मचारियों की आजीविका पर एकाएक संकट उत्पन्न हो जाता है, जिससे तीव्र सामाजिक-आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है।
      • यह निवेशकों की कड़ी प्रतिक्रिया को आमंत्रित कर सकता है, जिससे राज्य की विकास एवं औद्योगीकरण संबंधी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
      • ज़िलाधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक स्थानांतरण या राजनीतिक प्रतिशोध का उच्च जोखिम, जिससे दीर्घकालिक सुधार और जवाबदेही की प्रक्रिया बाधित हो सकती है।

    विकल्प 3: एक गोपनीय, स्वतंत्र जाँच समिति का गठन करना, ‘प्रदूषक भुगतान सिद्धांत’ लागू करना तथा तत्काल बंदी के बिना समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करना।

    • गुण: 
      • त्रि-आधार (Triple Bottom Line) का संतुलन साधता है, जिससे आजीविकाओं की रक्षा के साथ-साथ लोगों और पर्यावरण की सुरक्षा होती है।
      • साक्ष्य-आधारित और निष्पक्ष निर्णय-निर्माण सुनिश्चित करता है, जिससे प्रशासनिक विश्वसनीयता सुदृढ़ होती है।
      • व्हिसलब्लोअर को संरक्षण प्रदान करता है तथा कंपनी को वास्तविक सुधारात्मक कदम उठाने के लिये बाध्य करता है।
      • यह दृष्टिकोण तात्कालिक और भावनात्मक बंदी के बजाय 'प्रदूषक भुगतान सिद्धांत' (Polluter Pays Principle) को अपनाकर पर्यावरणीय क्षति की भरपाई सुनिश्चित करता है।
    • दोष: 
      • मीडिया या त्वरित कार्रवाई की मांग करने वाले सक्रियतावादी समूहों द्वारा इसे विलंबकारी रणनीति के रूप में देखा जा सकता है।
      • इसके दीर्घकालिक प्रतिष्ठात्मक और सुशासन लाभों को राज्य नेतृत्व को समझाने हेतु उच्च स्तर की राजनीतिक तथा प्रशासनिक कुशलता की आवश्यकता होती है।

    3. सर्वाधिक उपयुक्त कार्यवाही का मार्ग

    श्री मेहरा को विकल्प 3 अपनाना चाहिये, जिसमें चरणबद्ध, वस्तुनिष्ठ और विधिसम्मत दृष्टिकोण अपनाया जाए।

    • तत्काल कार्रवाई (तथ्य-संग्रह एवं संरक्षण):
      • व्हिसलब्लोअर का संरक्षण: कनिष्ठ अभियंता की पहचान से संबंधित पूर्ण गोपनीयता सुनिश्चित की जानी चाहिये, ताकि व्हिसलब्लोअर संरक्षण अधिनियम की भावना का पालन हो सके।
      • स्वतंत्र सत्यापन: केवल समझौता-ग्रस्त प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर निर्भर रहने के बजाय, श्री मेहरा को किसी स्वतंत्र तकनीकी संस्था को गोपनीय रूप से शामिल कर भूजल के नमूने, मृदा तथा फसलों की जाँच करानी चाहिये, जिससे तथ्यों का एक निष्पक्ष तथा निर्विवाद आधार स्थापित हो सके।
    • अल्पकालिक कार्रवाई (प्रवर्तन एवं राजनीतिक प्रबंधन):
      • लॉक-आउट नहीं, कारण बताओ नोटिस: अचानक बंदी के स्थान पर कंपनी को कानूनी रूप से बाध्यकारी ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया जाए, जिसमें उल्लंघनों को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया जाए।
        • खतरनाक अपशिष्ट निपटान को तुरंत रोकने तथा अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र (ETP) स्थापित करने का निर्देश दिया जाए।
      • सरकार के साथ रणनीतिक संवाद: श्री मेहरा को ‘प्रबुद्ध स्वार्थ’ के आधार पर राजनीतिक कार्यपालिका को स्थिति से अवगत कराना चाहिये।
        • राज्य-प्रेरित सक्रिय सुधार और स्वच्छता पहल सरकार को बड़े सार्वजनिक अपमान से बचाएगी तथा राज्य को शोषणकारी नहीं, बल्कि सतत निवेश के केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।
    • दीर्घकालिक कार्रवाई (क्षतिपूर्ति एवं प्रणालीगत सुधार):
      • ‘प्रदूषक भुगतान सिद्धांत’ का प्रयोग: अब तक हुए पर्यावरणीय नुकसान के लिये कंपनी पर कठोर आर्थिक दंड लगाया जाए।
        • इन धनराशियों का उपयोग किसानों के चिकित्सा व्यय और फसल हानि की क्षतिपूर्ति के लिये सख्ती से किया जाए।
      • कॉरपोरेट पर्यावरणीय दायित्व (CER): अनुपालन के हिस्से के रूप में कंपनी को प्रभावित समुदाय के लिये स्थानीय जल-शोधन संयंत्रों और स्वास्थ्य सुविधाओं में निवेश करने का दायित्व सौंपा जाए।

    औचित्य: नैतिक सिद्धांत और संवैधानिक मूल्य

    • संवैधानिक दायित्व (अनुच्छेद 21): भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने यह स्पष्ट किया है कि अनुच्छेद 21 में निहित जीवन का अधिकार प्रदूषण-रहित जल और वायु का उपभोग करने के मूल अधिकार को भी समाहित करता है।
      • आर्थिक विकास अनुच्छेद 21 पर वरीयता प्राप्त नहीं कर सकता।
    • नीति-निदेशक सिद्धांत और मौलिक कर्त्तव्य (अनुच्छेद 48A एवं 51A(g)): संविधान राज्य को पर्यावरण की रक्षा एवं संवर्द्धन का दायित्व देता है और नागरिकों/कंपनियों से भी जीव-जंतुओं के प्रति करुणा रखने तथा प्राकृतिक पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपेक्षा करता है।
    • लोक न्यास सिद्धांत: श्री मेहरा राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के न्यासी हैं। निजी लाभ के लिये भूजल को विषाक्त होने देना इस न्यास का परित्याग माना जाएगा।
    • वस्तुनिष्ठता और भावनात्मक बुद्धिमत्ता:  भावनात्मक रूप से कार्य बंद करने (या प्रतिक्रिया देने) के बजाय, एक स्वतंत्र जाँच और 'कारण बताओ नोटिस' का विकल्प चुनकर।
      • श्री मेहरा भावनात्मक बुद्धिमत्ता का परिचय देते हैं, निष्पक्ष बने रहते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि समाधान (नौकरी जाना) तत्काल बीमारी से भी अधिक बुरा न हो जाए।
    • कर्त्तव्यनिष्ठ नैतिकता: कांट के 'निरपेक्ष आदेश' (Categorical Imperative) से प्रेरित होकर, श्री मेहरा को वही करना चाहिये जो मौलिक रूप से सही है अर्थात कानून को लागू करना और मानव जीवन की रक्षा करना, चाहे राजनीतिक दबाव हो या उनके अपने करियर पर पड़ने वाले संभावित परिणाम (निष्काम कर्म)।

    निष्कर्ष

    यह प्रकरण रेखांकित करता है कि नैतिक प्रशासन चरम स्थितियों में नहीं, बल्कि सैद्धांतिक संतुलन में निहित होता है। कानूनी रूप से ठोस और साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण अपनाकर, ज़िलाधिकारी जीवन, आजीविका तथा संस्थागत अखंडता की सुरक्षा एक साथ सुनिश्चित करते हैं।

    To get PDF version, Please click on "Print PDF" button.

    Print
close
Share Page
images-2
images-2