ध्यान दें:

मेन्स प्रैक्टिस प्रश्न

  • प्रश्न :

    प्रश्न. रूस के साथ भारत के रक्षा संबंधों की तुलना में, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के संदर्भ में संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ भारत के रणनीतिक संबंधों की प्रासंगिकता क्या है? (250 शब्द)

    29 Apr, 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 2 अंतर्राष्ट्रीय संबंध

    उत्तर :

    हल करने का दृष्टिकोण:

    • रूस की तुलना में अमेरिका के साथ भारत के रक्षा संबंधों की सामरिक प्रासंगिकता का परिचय दीजिये।
    • रूस को एक समय-परीक्षित साझेदार के रूप में समझाइये तथा चीन, सैन्य समझौतों और क्वाड के संदर्भ में अमेरिकी संलग्नताओं के उभरते सामरिक मूल्य की व्याख्या कीजिये।
    • उचित निष्कर्ष दीजिये।

    परिचय:

    अमेरिका और रूस के साथ भारत के रक्षा संबंध दो अलग-अलग रणनीतिक दृष्टिकोणों को दर्शाते हैं– पारंपरिक निर्भरता बनाम विकासशील साझेदारी। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और बदलती शक्ति गतिशीलता के मद्देनजर (विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में) ये रक्षा संबंध क्षेत्रीय स्थिरता और एक प्रमुख सुरक्षा अभिकर्त्ता के रूप में भारत की भूमिका के लिये महत्त्वपूर्ण निहितार्थ रखते हैं।

    मुख्य भाग:

    रूस एक समय-परीक्षित साझेदार है:

    • रक्षा सहयोग: रूस ऐतिहासिक रूप से भारत का प्राथमिक हथियार आपूर्तिकर्त्ता रहा है, जो इसके रक्षा उपकरण आयात (S-400 वायु रक्षा प्रणाली और मिग-29 लड़ाकू जेट) का 36% हिस्सा है।
    • सामरिक संरेखण: दोनों राष्ट्र क्षेत्रीय सुरक्षा में समान हित साझा करते हैं तथा आतंकवाद-रोधी प्रयासों और सैन्य अभ्यासों में सहयोग करते हैं।
      • उनका सहयोग BRICS और शंघाई सहयोग संगठन (SCO) जैसे बहुपक्षीय मंचों पर रणनीतियों को संरेखित करने तक फैला हुआ है।
      • यह संरेखण साझा क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

    भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग की रणनीतिक प्रासंगिकता:

    • 10-वर्षीय रक्षा रूपरेखा: भारत और अमेरिका एक व्यापक 10-वर्षीय रक्षा सहयोग रूपरेखा पर काम कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच अंतर-संचालनीयता को बढ़ाना एवं रक्षा संबंधों को सुदृढ़ करना है।
    • साझा हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण: भारत और अमेरिका हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के विस्तार पर समान चिंताएँ साझा करते हैं तथा उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता व सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से "स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत" को बढ़ावा देने के लिये अपने रणनीतिक हितों को संरेखित किया है।
      • बहुपक्षीय क्वाड के हिस्से के रूप में दोनों देश क्षेत्रीय चुनौतियों का मुकाबला करने के लिये अपने सहयोग को और भी मज़बूत करते हैं।
    • आधारभूत समझौते: LEMOA (वर्ष 2016), COMCASA (वर्ष 2018) और BECA (वर्ष 2020) भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को बढ़ाने वाले प्रमुख समझौते हैं।
      • LEMOA लॉजिस्टिक्स समर्थन में सुधार करता है, COMCASA संचार अंतर-संचालन को बढ़ाता है तथा BECA भू-स्थानिक खुफिया साझाकरण को मज़बूत करता है।
        • इन सभी का उद्देश्य परिचालन दक्षता में सुधार लाना तथा क्षेत्रीय खतरों, विशेषकर चीन से उत्पन्न खतरों का मुकाबला करना था।
    • सैन्य अभ्यास: मालाबार नौसैनिक अभ्यास जैसे सैन्य अभ्यास समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करते हैं और क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करते हैं।
      • इसी प्रकार, युद्ध अभ्यास और वज्र प्रहार संयुक्त परिचालन क्षमताओं में सुधार लाने तथा भाग लेने वाले देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
    • प्रौद्योगिकी सहयोग के माध्यम से रक्षा को बढ़ावा देना; महत्त्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों पर भारत-अमेरिका पहल (iCET, 2023) रक्षा नवाचार को बढ़ावा देती है।
      • यह सेमीकंडक्टर, AI जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देता है तथा दोनों देशों की रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने के लिये तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देता है।

    भारत-अमेरिका बनाम भारत-रूस रक्षा संबंधों की रणनीतिक प्रासंगिकता:

    पहलू

    भारत-अमेरिका रक्षा भागीदारी

    भारत-रूस रक्षा भागीदारी

    रणनीतिक केंद्र

    चीन का मुकाबला, समुद्री सुरक्षा, नियम-आधारित व्यवस्था।

    पारंपरिक साझेदार, विरासत प्रणालियों के साथ।

    साझेदारी की प्रकृति

    अंतर-संचालनीयता, संयुक्त संचालन और क्वाड संरेखण।

    लिगेसी हार्डवेयर (भारतीय सैन्य हार्डवेयर का 45%), रखरखाव सहायता।

    तकनीकी अंतरण और बाधाएँ

    अत्याधुनिक तकनीक और संयुक्त उत्पादन

    ie: iCET

    यूक्रेन संकट के बाद पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण सीमित स्थानांतरण और आपूर्ति शृंखला जोखिम।

    भू-राजनीतिक चुनौतियाँ

    हिंद-प्रशांत लक्ष्यों के साथ रणनीतिक संरेखण।

    रूस पर चीन का बढ़ता प्रभाव हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसकी भूमिका को सीमित कर रहा है।

    हिंद-प्रशांत पर सामरिक प्रभाव

    भविष्योन्मुख, समुद्री क्षेत्र जागरूकता, नियम-आधारित व्यवस्था, चीनी आक्रामकता का मुकाबला करने पर केंद्रित।

    ऐतिहासिक संबंधों के बावजूद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सीमित उपस्थिति।

    निष्कर्ष:

    रूस एक प्रमुख रक्षा साझेदार बना हुआ है, लेकिन अमेरिका के साथ भारत का संतुलन बनाना ‘इंडिया फर्स्ट’ की उद्देश्यपूर्ण रणनीति को दर्शाता है। रणनीतिक संरेखण और अंतर-संचालन के माध्यम से इंडो-पैसिफिक को सुरक्षित करने में अमेरिका महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है, विशेषकर चीन के उदय का मुकाबला करने में। यह रणनीतिक संतुलन भारत की क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करता है और इंडो-पैसिफिक में नियम-आधारित व्यवस्था का समर्थन करता है।

    To get PDF version, Please click on "Print PDF" button.

    Print
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2