इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

मेन्स प्रैक्टिस प्रश्न

  • प्रश्न :

    भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने में भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका और महत्त्व पर चर्चा कीजिये। (150 शब्द)

    25 Apr, 2023 सामान्य अध्ययन पेपर 2 राजव्यवस्था

    उत्तर :

    हल करने का दृष्टिकोण:
    • भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के बारे में संक्षिप्त परिचय देते हुए अपने उत्तर की शुरुआत कीजिये।
    • इसकी भूमिका और महत्त्व पर चर्चा कीजिये।
    • तदनुसार निष्कर्ष दीजिये।



    परिचय:

    निर्वाचन आयोग देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने हेतु भारत के संविधान द्वारा स्थापित एक स्थायी और स्वतंत्र निकाय है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 से अनुच्छेद 329 तक भारत निर्वाचन आयोग से संबंधित प्रावधान हैं।

    मुख्य भाग:

    भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका:

    • निर्वाचन कराना:
      • संविधान के अनुच्छेद 324 में प्रावधान है कि संसद, राज्य विधानसभाओं, भारत के राष्ट्रपति और भारत के उपराष्ट्रपति के चुनावों के अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण की शक्ति निर्वाचन आयोग में निहित होगी।
    • समान प्रतिस्पर्द्धा सुनिश्चित करना:
      • ECI द्वारा यह सुनिश्चित किया जाता है कि निर्वाचन के दौरान सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को समान अवसर उपलब्ध हों।
      • ऐसा आदर्श आचार संहिता को लागू करके किया जाता है, जिसके तहत निर्वाचन के दौरान राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिये कुछ दिशानिर्देशों का पालन करना होता है।
    • राजनीतिक दलों के संबंध में भूमिका:
      • राजनीतिक दलों को मान्यता प्रदान करना तथा उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित करना।
      • राजनीतिक दलों को मान्यता प्रदान करने तथा उन्हें चुनाव चिह्नों के आवंटन से संबंधित विवादों को निपटाने के लिये न्यायालय के रूप में कार्य करना।
    • मतदाता शिक्षा प्रदान करना:
      • ECI द्वारा मतदाताओं को उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करने हेतु मतदाता शिक्षा कार्यक्रम आयोजित कराए जाते हैं।
      • इसमें उन्हें मतदान के महत्त्व और मतदान करने के तरीके के बारे में शिक्षित करना शामिल है।
    • निर्वाचन में होने वाले खर्च की निगरानी करना:
      • ECI द्वार यह सुनिश्चित करने के लिये निर्वाचन के दौरान राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के खर्च की निगरानी की जाती है कि इनका खर्च कानून द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक न हो।
    • निर्वाचन से संबंधित भ्रष्टाचार को रोकना:
      • निर्वाचन आयोग बूथ कैप्चरिंग, फर्जी मतदान और मतदाताओं को डराने-धमकाने जैसे क्रियाकलापों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करता है।

    भारत निर्वाचन आयोग का महत्त्व:

    • स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराना:
      • ECI की प्राथमिक जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हों।
      • चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के साथ जनादेश का सम्मान सुनिश्चित करने हेतु यह महत्त्वपूर्ण निकाय है।
    • लोकतंत्र की रक्षा करना:
      • ECI भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
      • चुनावों की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को सुनिश्चित करने के माध्यम से यह देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने में मदद करता है।
    • शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित कराना:
      • ECI द्वारा चुनावी भ्रष्टाचार को रोकने तथा समान प्रतिस्पर्द्धा बनाए रखने के कारण चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने में मदद मिलती है।
      • यह हिंसा को रोकने के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु महत्त्वपूर्ण है।
    • मतदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देना:
      • ECI के मतदाता शिक्षा कार्यक्रमों से चुनावी प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहन मिलता है।
      • इससे मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मदद मिलती है और यह सुनिश्चित होता है कि लोगों की समस्याओं को सुना जाए।

    निष्कर्ष:

    भारत निर्वाचन आयोग ने भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समान अवसर बनाए रखने, चुनावी भ्रष्टाचारों पर अंकुश लगाने और मतदाता शिक्षा को बढ़ावा देने के इसके प्रयासों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा चुनावों के दौरान शांति बनाए रखने में सहायता की है। भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में यह आवश्यक है कि भारत निर्वाचन आयोग, भविष्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कार्य करता रहे।

    To get PDF version, Please click on "Print PDF" button.

    Print
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2