उत्तर प्रदेश Switch to English
भारत का पहला अश्व रोग-मुक्त कंपार्टमेंट (EDFC)
चर्चा में क्यों?
विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित रिमाउंट वेटरनरी कॉर्प्स (RVC) सेंटर एवं कॉलेज में स्थापित भारत के पहले अश्व रोग मुक्त कंपार्टमेंट (Equine Disease Free Compartment - EDFC) को आधिकारिक रूप से मान्यता प्रदान की है।
मुख्य बिंदु
अश्व रोग मुक्त कंपार्टमेंट (EDFC):
- परिचय:
- EDFC घोड़ों के लिये विशेष रूप से निर्दिष्ट एक जैव-सुरक्षित क्षेत्र है, जो गंभीर अश्वीय रोगों से सुरक्षा सुनिश्चित करता है तथा खेल, प्रजनन या व्यापार हेतु उनका सुरक्षित आवागमन संभव बनाता है।
- इसकी स्थापना मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत की गई है।
- विशेषताएँ:
- EDFC, विभिन्न क्षेत्रों में रोग मुक्त क्षेत्र स्थापित करने की एक व्यापक पहल का हिस्सा है।
- भारत, पोल्ट्री उत्पादों के सुरक्षित निर्यात के लिये अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) मुक्त कंपार्टमेंट विकसित करने पर भी कार्य कर रहा है।
- EDFC, वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप रोग की रोकथाम, कीट नियंत्रण, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य निगरानी, अपशिष्ट प्रबंधन तथा निरंतर निगरानी को समाहित करने वाले विस्तृत मानक प्रचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का पालन करता है।
- यह अनुमोदन, WOAH की स्थलीय पशु स्वास्थ्य संहिता के अनुरूप प्रदान किया गया है, जो सख्त जैव-सुरक्षा तथा पशु देखभाल प्रथाओं के माध्यम से रोग मुक्त पशु उप-जनसंख्या के प्रबंधन हेतु वैज्ञानिक दिशानिर्देश प्रदान करती है।
- प्रमाणित रोग-मुक्त स्थिति:
- EDFC को प्रमुख अश्व रोगों जैसे कि अश्व संक्रामक एनीमिया, अश्व इन्फ्लूएंजा, अश्व पिरोप्लास्मोसिस, ग्लैंडर्स और सुर्रा से मुक्त घोषित किया गया है।
- भारत वर्ष 2014 से अफ्रीकी हॉर्स सिकनेस से मुक्त है।
- EDFC को प्रमुख अश्व रोगों जैसे कि अश्व संक्रामक एनीमिया, अश्व इन्फ्लूएंजा, अश्व पिरोप्लास्मोसिस, ग्लैंडर्स और सुर्रा से मुक्त घोषित किया गया है।
- महत्त्व:
- अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी: भारतीय खेल घोड़े अब अंतर्राष्टीय घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की उपस्थिति एवं भागीदारी बढ़ेगी।
- अश्व व्यापार और प्रजनन को बढ़ावा: EDFC, अश्व व्यापार एवं प्रजनन क्षेत्र में भारत की स्थिति को सशक्त बनाएगा, जिससे भारतीय घोड़ों के लिये वैश्विक बाज़ार खुलेंगे।
- पशु स्वास्थ्य उत्कृष्टता: विश्व स्तर पर स्वीकृत प्रथाओं के साथ पशु स्वास्थ्य प्रणालियों को मज़बूत करने की भारत की प्रतिबद्धता, इसे पशु चिकित्सा उत्कृष्टता में अग्रणी बनाती है।
विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH)
- WOAH पशु स्वास्थ्य और कल्याण हेतु समर्पित एक अग्रणी अंतर्राष्टीय संस्था है।
- इसकी स्थापना वर्ष 1924 में ऑफिस इंटरनेशनल डेस एपिज़ूटीज़ (OIE) के रूप में की गई थी तथा इसने मई 2003 में अपना वर्तमान नाम अपनाया।
- यह एक अंतर-सरकारी संगठन के रूप में कार्य करता है, जहाँ सदस्य राष्ट्र पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में साझा वैश्विक लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सहयोग करते हैं।
- संगठन का मुख्य उद्देश्य वैश्विक पशु स्वास्थ्य में सुधार लाना है। इसका मुख्यालय पेरिस, फ्राँस में स्थित है।
- वर्ष 2025 तक WOAH के 183 सदस्य देश हैं, जिनमें भारत भी शामिल है।
- यह संगठन, सदस्य देशों को पशु रोगों के प्रवेश एवं प्रसार को रोकने में सहयोग देने के लिये स्थलीय पशु स्वास्थ्य संहिता जैसे वैज्ञानिक दिशानिर्देश तैयार करता है।
- विश्व व्यापार संगठन (WTO) ने WOAH द्वारा निर्धारित मानकों को अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छता दिशानिर्देश के रूप में स्वीकार किया है।


उत्तर प्रदेश Switch to English
उत्तर प्रदेश ने वैश्विक विनिर्माण बदलाव का लक्ष्य रखा
चर्चा में क्यों?
उत्तर प्रदेश बहुराष्ट्रीय निर्माताओं को आकर्षित करने के लिये, विशेष रूप से चाइना+1 रणनीति के माध्यम से, अपनी वैश्विक पहुँच को तीव्र कर रहा है, जो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य को 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदलने के दृष्टिकोण का हिस्सा है।
मुख्य बिंदु
- चीन+1 रणनीति के बारे में:
- यह वैश्विक प्रवृत्ति को संदर्भित करती है, जिसमें कंपनियाँ चीन के अतिरिक्त अन्य देशों में परिचालन स्थापित करके अपनी विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला में विविधता लाने का प्रयास करती हैं।
- इस रणनीति का उद्देश्य किसी एक देश पर अत्यधिक निर्भरता से उत्पन्न जोखिमों को कम करना है, विशेष रूप से भू-राजनीतिक तनावों एवं आपूर्ति शृंखला में व्यवधानों के परिप्रेक्ष्य में।
- निवेश आकर्षित करने के लिये वैश्विक पहुँच:
-
अपनी चीन+1 रणनीति के अंतर्गत, राज्य की नोडल निवेश प्रोत्साहन एजेंसी- इन्वेस्ट यूपी, एक वैश्विक आउटरीच पहल का नेतृत्व कर रही है।
-
इस अभियान में फॉर्च्यून 500 कंपनियों और वैश्विक औद्योगिक नेताओं को आकर्षित करने के लिये संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप और यूनाइटेड किंगडम में रोड शो और रणनीतिक व्यापारिक कार्यक्रम शामिल हैं।
-
इस आउटरीच में न्यूयॉर्क, लंदन, पेरिस आदि जैसे वैश्विक व्यापार केंद्रों में बिज़नेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकें तथा गोलमेज़ चर्चाएँ सम्मिलित हैं।
-
ये कार्यक्रम भारतीय दूतावासों, अमेरिका-भारत व्यापार परिषद (USIBC), भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) तथा भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI) जैसे प्रमुख व्यापार संघों के सहयोग से आयोजित किये जा रहे हैं।
-
- उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय विकास और प्रमुख निवेश:
- इलेक्ट्रॉनिक्स: 3,700 करोड़ रुपए का HCL-फॉक्सकॉन OSAT निवेश राज्य की सेमीकंडक्टर महत्त्वाकांक्षाओं में एक मील का पत्थर है।
- वस्त्र: उत्तर प्रदेश पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क तथा सिंथेटिक, रक्षा और चिकित्सा वस्त्रों पर केंद्रित मिनी पार्कों के माध्यम से अपनी वस्त्र मूल्य शृंखला को सुदृढ़ कर रहा है।
- इलेक्ट्रिक वाहन (EV): EV नीति 2023 के तहत, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2028 तक 36 गीगावाट-घंटे (GWh) बैटरी उत्पादन क्षमता का लक्ष्य रखा है।
- डिजिटल ढाँचा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा भारत के अग्रणी डाटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है, जहाँ एकीकृत AI सिटी विकसित करने की योजना है।
इन्वेस्ट यूपी
- परिचय:
- इन्वेस्ट यूपी, जिसे पहले उद्योग बंधु के नाम से जाना जाता था, उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश संवर्द्धन एवं सुविधा एजेंसी है।
- यह एजेंसी राज्य में नए निवेश को आकर्षित करने तथा विद्यमान एवं संभावित उद्योगों द्वारा सामना की जा रही समस्याओं के समाधान के लिये समर्पित है।
- दृष्टिकोण:
- इन्वेस्ट यूपी का दृष्टिकोण उत्तर प्रदेश को भारत का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने का है।
- इसका उद्देश्य निवेश नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक प्रेरक शक्ति के रूप में कार्य करना है तथा विश्व-स्तरीय व्यापारिक परिवेश और अधोसंरचना उपलब्ध कराकर आर्थिक विकास को बढ़ावा देना और राज्य की जनता के जीवन स्तर को ऊँचा उठाना है।
- लक्ष्य (Mission):
- राज्य की निवेश संवर्द्धन एवं सुविधा एजेंसी के रूप में इन्वेस्ट यूपी का उद्देश्य है कि वह राज्य में उद्योगों और अधोसंरचना के तीव्र विकास के लिये नीतियों के निर्माण में सक्रिय योगदान देकर निवेश आकर्षित करे।
- यह संस्था संभावित एवं वर्तमान उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिये परामर्श सेवाएँ प्रदान करती है।

