इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 26 May 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

भाला फेंक में नीरज चोपड़ा विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बने

चर्चा में क्यों?

22 मई, 2023 को वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा जारी पुरुष भाला फेंक रैंकिंग (javelin throw rankings) में हरियाणा के पानीपत ज़िले के नीरज चोपड़ा विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बने। नीरज यह रैंकिंग प्राप्त करने वाले पहले भारतीय हैं। 

प्रमुख बिंदु  

  • नीरज चोपड़ा इस रैंकिंग में 1455 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 1433 अंकों के साथ विश्व के दूसरे नंबर के भाला फेंक खिलाड़ी हैं। 
  • टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च 1416 अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं।
  • गौरतलब है कि 5 मई, 2023 को नीरज चोपड़ा ने 88.67 मीटर भाला फेंककर दोहा डायमंड लीग का खिताब अपने नाम किया। इसी से वह नंबर वन जेवलिन थ्रोअर बने हैं। 
  • 30 अगस्त, 2022 को चोपड़ा वर्ल्ड नंबर 2 पर पहुँच गए थे, लेकिन तब से मौजूदा विश्व चैंपियन, एंडरसन पीटर्स उनसे आगे थे। 
  • सितंबर 2022 में, नीरज ने ज्यूरिख में डायमंड लीग 2022 का फाइनल जीता, जिससे वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।


हरियाणा Switch to English

हरियाणा स्टेट कैम्पा के तहत 239.78 करोड़ रुपए के वार्षिक कार्य योजना को दी गई स्वीकृति

चर्चा में क्यों?

24 मई, 2023 को हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने चंडीगढ़ में हुई हरियाणा स्टेट कंपेंसेटरी अफोरेस्टेशन फंड मैनेजमेंट एंड प्लानिंग अथॉरिटी की 6वीं स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कंपेंसेटरी अफोरेस्टेशन फंड मैनेजमेंट एंड प्लानिंग अथॉरिटी (कैम्पा) के तहत 239.78 करोड़ रुपए के वार्षिक कार्य योजना को स्वीकृति दी। 

प्रमुख बिंदु  

  • वर्ष 2023-24 के दौरान 1,197.73 हेक्टेयर क्षेत्र में कंपेंसेटरी अफोरेस्टेशन, अतिरिक्त कंपेंसेटरी अफोरेस्टेशन और पेनल कंपेंसेटरी अफोरेस्टेशन के लिये 111.58 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। 
  • विदित है कि राज्य के उत्तरी भाग में स्थित शिवालिक पहाड़ी क्षेत्र और दक्षिणी भाग में स्थित अरावली पहाड़ी क्षेत्र ढलानदार भू-रचना के कारण भूमि कटाव के लिये बहुत अधिक प्रवर्तनशील और प्रवाहशील हैं। 
  • राज्य सरकार ने शिवालिक और अरावली पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के बहाव को रोकने के लिये मिट्टी संरक्षण के उपाय किये हैं। इसके लिये 20 करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है। 
  • इसके अलावा, वन्य प्राणी प्रबंधन योजना 2023-24 के तहत संरक्षित क्षेत्रों में आवास सुधार एवं संरचना विकास के लिये 10 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।  
  • राज्य वन्यजीव विंग के माध्यम से 2 राष्ट्रीय उद्यान, 7 वन्यजीव अभयारण्य, 2 संरक्षण रिजर्व और 5 सामुदायिक रिजर्व का प्रावधान किया गया है। 
  • इसके अतिरिक्त, 20 क्षेत्रीय वन मंडलों में वृक्षों की गणना के लिये 12.87 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है, जो राज्य में पर्यावरण संरक्षण और सतत् विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हरियाणा Switch to English

मुख्यमंत्री ने निजामपुर सहित 9 गाँवों में पानी की समस्या दूर करने के लिये 34 करोड़ रुपए की योजना को दी मंजूरी

चर्चा में क्यों?

24 मई, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के आखिरी छोर पर राजस्थान की सीमा से लगे महेंद्रगढ़ ज़िला के गाँव निजामपुर सहित क्षेत्र के 9 गाँवों में पानी की समस्या को दूर करने के लिये 34 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी।  

प्रमुख बिंदु 

  • इस योजना के तहत 5 और 4 गाँव के दो ग्रुप बनाकर धनचौली माइनर व हसनपुर डिस्ट्रीब्यूटरी से लिंक बनाकर क्षेत्र में पानी के 10 से 12 स्टोरेज टैंक बनाए जाएंगे और पाइप के माध्यम से किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा। 
  • इस दौरान गाँव में कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी प्रदान की और पड़ोस के गाँव नापला में भी कम्युनिटी सेंटर का काम शुरू करवाने की बात भी कही। 
  • मुख्यमंत्री ने गाँव निज़ामपुर में 16 करोड़ 11 लाख 81 हज़ार रुपए की लागत से बनने वाली तीन परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।  
  • इन परियोजनाओं में 346.81 लाख रुपए की लागत से बनने वाले धोलेड़ा बाईपास, गाँव बीघोपुर-धोलेड़ा-ख्वाजपुर के लिये 704 लाख रुपए तथा गाँव इकबालपुर नंगली-नेहरू नगर-भुंगारका के लिये 561 लाख रुपए की सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाएँ शामिल हैं।  
  • धोलेड़ा बाइपास क्षेत्र की पुरानी मांग थी और इस परियोजना के धरातल पर साकार होने से क्षेत्र की सड़कों के ढाँचागत तंत्र में विस्तार होगा। इसी तरह सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि किसानों को भी इसका लाभ होगा। 
  • प्रदेश के हर गाँव में पानी पहुँचाने की सोच पर काम करते हुए दक्षिण हरियाणा को यमुना नदी का पानी उपलब्ध कराने के लिये पुराने लिफ्ट सिस्टम को 143 करोड़ रुपए की लागत से नया किया गया है। इस प्रयास से प्रदेश की 300 टेल तक पानी पहुँचा है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow