इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 सितंबर, 2022

  • 24 Sep 2022
  • 4 min read

लेखिका हिलेरी मेंटल

दो बार बुकर पुरस्कार से सम्मानित होने वाली पहली महिला और लोकप्रिय उपन्यास ‘वुल्फ हॉल’ की लेखिका हिलेरी मेंटल का 70 वर्ष की आयु में 22 सितंबर, 2022 को लंदन में निधन हो गया। इनका जन्म डर्बीशर, इंग्लैंड के ग्लोस्सोप में 6 जुलाई, 1952 को हुआ था। इनको वर्ष 2009 में थॉमस क्रोमवेल शृंखला के पहले उपन्यास ‘वुल्फ हॉल’ के लिये तथा वर्ष 2012 में अनुवर्ती उपन्यास ‘ब्रिंग अप द बॉडीज’ के लिये ‘बुकर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। शृंखला के तीसरे उपन्यास के तौर पर वर्ष 2020 में प्रकाशित ‘द मिरर एंड द लाइट’ को भी पाठकों ने काफी पसंद किया और वह बुकर पुरस्कार,2020 के लिये लंबे समय तक सूचीबद्ध रही। अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार वार्षिक रूप से किसी एक पुस्तक को प्रदान किया जाता है जिसका अंग्रेज़ी में अनुवाद किया गया हो तथा यूके या आयरलैंड में प्रकाशित हो। अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2005 में मैन बुकर अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार के रूप में हुई।

मूनलाइटिंग 

आईटी कंपनी विप्रो ने मूनलाइटिंग (Moonlighting) के आरोप में अपने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। हाल ही में Swiggy ने इंडस्ट्री में सबसे पहले मूनलाइटिंग पॉलिसी की घोषणा की है। हालाँकि यह पहली बार है जब किसी आईटी कंपनी ने मूनलाइटिंग की वजह से अधिक संख्या में लोगों को नौकरी से निकाला है। जब कोई कर्मचारी अपनी स्थायी नौकरी के साथ ही दूसरी जगह भी चोरी-छिपे काम करता है तो उसे तकनीकी तौर पर ‘मूनलाइटिंग’ कहा जाता है। सरल शब्दों में इसे साइड जॉब भी कहा जाता है। आईटी उद्योग में मूनलाइटिंग काफी लोकप्रिय हो गई है क्योंकि COVID-19 महामारी के दौरान घर से काम करना एक आदर्श व्यवस्था बन गई है। ज़्यादातर कंपनियाँ इसे अनैतिक मानती हैं, बावजूद इसके लोग मूनलाइटिंग करते हैं। रिमोट जॉब में मूनलाइटिंग ज़्यादा देखने को मिलती है। साइड जॉब को मूनलाइटिंग इसलिये कहा जाता है क्योंकि यह काम ज़्यादातर रात में या वीकेंड पर किया जाता है।

एल्विस अली हजारिका 

असम के एल्विस अली हजारिका नॉर्थ चैनल को पार करने वाले पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के पहले तैराक बन गए हैं। नॉर्थ चैनल उत्‍तरी आयरलैंड और दक्षिण-पश्चिमी स्‍कॉटलैंड के बीच का जल क्षेत्र है। एल्विस और उनकी टीम ने इस जल क्षेत्र को पार करने में 14 घंटे 38 मिनट का समय लिया। इस प्रकार एल्विस नॉर्थ चैनल को पार करने वाले सबसे अधिक आयु के भारतीय तैराक भी बन गए। उत्तरी चैनल आयरिश सागर को अटलांटिक महासागर से जोड़ता है और अंतर्राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण संगठन (IHO) द्वारा आधिकारिक तौर पर "स्कॉटलैंड के पश्चिमी तट से इनर सीज़" के रूप में वर्गीकृत समुद्री क्षेत्र का हिस्सा है। मोयल के जलडमरूमध्य या सी ऑफ मोयल, उत्तर-पूर्वी उत्तरी आयरलैंड (काउंटी एंट्रीम) और स्कॉटलैंड के दक्षिण-पश्चिमी हाइलैंड्स के बीच उत्तरी चैनल में समुद्र के सबसे संकीर्ण विस्तार को दिया गया नाम है। 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2