प्रारंभिक परीक्षा
रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार 2025
- 09 Oct 2025
- 37 min read
चर्चा में क्यों?
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs) के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य के लिये सुसुमु कितागावा (जापान), रिचर्ड रॉबसन (ऑस्ट्रेलिया) और उमर याघी (अमेरिका) को वर्ष 2025 का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।
रसायन विज्ञान में वर्ष 2025 के नोबेल पुरस्कार की मुख्य विशेषताएँ क्या हैं?
मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs) का निर्माण:
- रिचर्ड रॉबसन: ये उन पहले लोगों में से थे जिन्होंने धातु आयनों (जैसे ताँबा) को कार्बनिक अणुओं के साथ संयोजित तथा परस्पर जुड़े ढॉंचे का निर्माण करके 3D संरचनाएँ डिज़ाइन कीं।
- उन्होंने यह साबित किया कि ऐसे पदार्थ बनाए जा सकते हैं जिनमें अंदर बड़े खाली स्थान हों, जो अणुओं को फॅंसा सकें, इसने छिद्रयुक्त (porous) पदार्थों के निर्माण की नींव रखी।
- सुसुमु कितागावा: रॉबसन के शोध को आगे बढ़ाते हुए, कितागावा ने यह दिखाया कि छिद्रयुक्त संरचनाएँ न केवल स्थिर रह सकती हैं, बल्कि आसपास की गैसों या रसायनों के आधार पर फैल और सिकुड़ भी सकती हैं।
- इस खोज ने इन्हें गैस कैप्चर (जैसे कार्बन डाइऑक्साइड) और ऊर्जा भंडारण के लिये उपयुक्त बनाया।
- उमर याघी: उन्होंने छिद्रयुक्त संरचनाओं के लिये “मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs)’’ शब्द की कल्पना की और रेटीकुलर केमिस्ट्री (जालीदार रसायन विज्ञान) विकसित किया, जिसमें धातु आयनों और कार्बनिक अणुओं को बड़ी, सुव्यवस्थित संरचनाओं में संयोजित करने का व्यवस्थित तरीका शामिल है।
- मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs) क्रिस्टलीय पदार्थों का एक प्रकार हैं, जिनमें धातु आयनों को कार्बनिक अणुओं के साथ जोड़कर बनाया जाता है। ये पदार्थ छोटे, सुव्यवस्थित छिद्रों वाले स्पंज जैसी छिद्रयुक्त संरचनाएँ बनाते हैं, जो गैसों और रसायनों को फँसाने, संग्रहीत करने या फिल्टर करने में सक्षम होती हैं।
- उमर याघी ने बताया कि MOFs को नए गुणों के लिये तर्कसंगत रूप से डिज़ाइन किया जा सकता है।
मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs) के महत्त्व:
- जल संचयन: MOFs रेगिस्तान की हवा से पानी निकालने में सक्षम हैं।
- कार्बन शोषण: कुछ MOFs विशेष रूप से कार्बन डाइऑक्साइड को आकर्षित और संग्रहीत कर सकते हैं, जिससे जलवायु परिवर्तन का सामना करने में मदद मिलती है।
- विषैले गैसों का भंडारण: MOFs हानिकारक रसायनों को सुरक्षित रूप से कैप्चर करके भविष्य में उपयोग या निपटान के लिये रख सकते हैं।
- विशिष्ट रासायनिक प्रक्रियाएँ: MOFs की अत्यधिक अनुकूलनीय संरचना उन्हें विशिष्ट रासायनिक अभिक्रियाओं या भंडारण ज़रूरतों के लिये डिज़ाइन करने की अनुमति देती है।
रसायन विज्ञान में भारतीय नोबेल विजेता: वर्ष 2009 में वेंकटरमण रामकृष्णन (भारत) को थॉमस ए. स्टिट्ज़ (अमेरिका) और अडा ई. योनाथ (इज़राइल) के साथ संयुक्त रूप से राइबोसोम की संरचना पर किये गए शोध हेतु रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें: चिकित्सा में नोबेल पुरस्कार 2025 |
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. मेटल–ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs) क्या हैं?
MOFs क्रिस्टलीय पदार्थ हैं, जिन्हें धातु आयनों को कार्बनिक अणुओं से जोड़कर बनाया जाता है। ये छिद्रयुक्त संरचनाएँ गैसों और रसायनों को संग्रहीत, फँसाने या फिल्टर करने में सक्षम होती हैं।
2. रसायन विज्ञान में 2025 का नोबेल पुरस्कार किसे और किस खोज के लिये मिला?
सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉबसन और उमर याघी को मेटल–ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOFs) के क्षेत्र में कार्य के लिये नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिससे अणु संरचना और सामग्री रसायन विज्ञान में क्रांति आई।
3. रेटीकुलर रसायन विज्ञान (Reticular Chemistry) क्या है?
रेटीकुलर रसायन विज्ञान एक व्यवस्थित दृष्टिकोण है जिसमें धातु आयनों और कार्बनिक लिंकर्स को क्रमबद्ध 3D संरचनाओं (जैसे MOFs) में जोड़ा जाता है ताकि उन्हें विशिष्ट कार्यों के लिये अनुकूलित किया जा सके।
4. MOFs के मुख्य अनुप्रयोग क्या हैं?
MOFs का उपयोग कार्बन कैप्चर, जल संग्रहण, विषाक्त गैसों के भंडारण और स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में किया जाता है, जो जलवायु परिवर्तन को कम करने और सतत् तकनीकों में योगदान देते हैं।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न
प्रिलिम्स:
प्रश्न. ब्लू कार्बन क्या है? (2021)
(a) महासागरों और तटीय पारिस्थितिकी प्रणालियों द्वारा प्रगृहीत कार्बन
(b) वन जैव मात्रा (बायोमास) और कृषि मृदा में प्रच्छादित कार्बन
(c) पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस में अंतर्विष्ट कार्बन
(d) वायुमंडल में विद्यमान कार्बन
उत्तर:(a)
प्रश्न. निम्नलिखित कृषि पद्धतियों पर विचार कीजिये: (2012)
- कंटूर बंडलिंग
- रिले फसल
- शून्य जुताई
वैश्विक जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में उपर्युक्त में से कौन मिट्टी में कार्बन को अलग करने/भंडारण में मदद करता है?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 3
(c) 1, 2 और 3
(d) उपर्युक्त में से कोई नहीं
उत्तर: (b)