इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 02 Nov, 2020
  • 20 min read
प्रारंभिक परीक्षा

प्रिलिम्स फैक्ट्स: 02 नवंबर, 2020

श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती

150th birth anniversary of Sri Aurobindo

हाल ही में ‘भारतीय संस्कृति के लिये श्री अरबिंदो फाउंडेशन’ (Sri Aurobindo Foundation for Indian Culture- SAFIC) द्वारा श्री अरबिंदों (अरबिंदो घोष) की 150वीं जयंती मनाने के लिये ‘श्री अरबिंदों- द कवि’ (Sri Aurobindo—The Kavi) नामक एक वेबिनार का आयोजन किया गया। 

Sri-Aurobindo

प्रमुख बिंदु: 

  • गौरतलब है कि 15 अगस्त, 2022 को श्री अरबिंदो के जन्म के 150 वर्ष पूरे हो जाएंगे और उनकी 150वीं जयंती को मनाने के लिये  SAFIC द्वारा दो वर्ष तक चलने वाले समारोह का आयोजन किया जा रहा है।  

श्री अरबिंदों (अरबिंदो घोष): 

  • अरबिंदों घोष का जन्म 15 अगस्त, 1872 को कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता) में हुआ था। 
  • वे एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कवि और राष्ट्रवादी नेता थे तथा आगे चलकर वे महान आध्यात्मिक सुधारक और दार्शनिक के रूप में भी जाने गए।
  • 7 वर्ष की आयु में उन्हें अपने दो भाइयों के साथ इंग्लैंड भेज दिया गया जहाँ उन्होंने पहले लंदन के सेंट पॉल स्कूल और उसके बाद किंग्स कॉलेज (कैम्ब्रिज) में अपनी पढ़ाई पूरी की।
  • वर्ष 1890 में उन्होंने भारतीय सिविल सेवा की परीक्षा उत्तीर्ण की किंतु वर्ष 1893 में वे भारत वापस आ गए।     
  • श्री अरबिंदो ने वर्ष 1893 से वर्ष 1906 तक बड़ौदा के गायकवाड़ के यहाँ सेवा के रूप में  पहले राजस्व विभाग में, फिर महाराजा के सचिवालय में, इसके बाद अंग्रेज़ी के प्रोफेसर के तौर पर और आखिर में बड़ौदा कॉलेज में वाइस-प्रिंसिपल के रूप में कार्य किया।
  • वर्ष 1906 में उन्होंने बड़ौदा छोड़ दिया और नव-स्थापित बंगाल नेशनल कॉलेज (Bengal National College) के प्रधानाचार्य के रूप में कलकत्ता चले गए।

अलीपुर बम केस:

  • वर्ष 1908 में खुदीराम बोस और प्रफुल्ल चाकी ने मजिस्ट्रेट किंग्सफोर्ड को मारने का असफल प्रयास किया। इसके मद्देनज़र अरबिंदो को भी हमले की योजना बनाने और अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और अलीपुर जेल भेज दिया गया।
    • अलीपुर बम मामले की सुनवाई एक वर्ष तक चली आखिरकार 6 मई, 1909 को उन्हें बरी कर दिया गया। उनके बचाव पक्ष के वकील चितरंजन दास थे।
    • इस अवधि के दौरान जेल में आध्यात्मिक अनुभव एवं वास्तविकताओं के कारण जीवन के बारे में उनका दृष्टिकोण मौलिक रूप से बदल गया, परिणामतः उनका उद्देश्य देश की सेवा एवं मुक्ति से बहुत आगे निकल गया।

आध्यात्मिक यात्रा:

  • वर्ष 1910 में जब कर्मयोगिन (Karmayogin) में प्रकाशित ‘टू माई कंट्रीमेन’ (To My Countrymen) शीर्षक वाले हस्ताक्षरित लेख के आधार पर अंग्रेज़ सरकार उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की कोशिश कर रही थी तब अरबिंदो ने सभी राजनीतिक गतिविधियों से खुद को अलग कर लिया और  छिपकर चंदन नगर (पश्चिम बंगाल) में मोतीलाल रॉय के घर रहने लगे। 
  • वर्ष 1910 में अरबिंदो बंगाल छोड़कर पुद्दुचेरी चले गए जहाँ उन्होंने आध्यात्मिक और दार्शनिक गतिविधियों के लिये खुद को समर्पित कर दिया। वर्ष 1914 में चार वर्ष की एकांत योग प्रक्रिया के बाद उन्होंने ‘आर्य’ (Arya) नामक एक मासिक दार्शनिक पत्रिका शुरू की।
  • पांडिचेरी में उनके अनुयायियों की संख्या बढ़ने के कारण 1926 में श्री अरबिंदो आश्रम (Sri Aurobindo Ashram) का निर्माण हुआ।
  • उनकी सबसे बड़ी साहित्यिक उपलब्धि ‘सावित्री’ (Savitri) थी जो लगभग 24,000 पंक्तियों की एक आध्यात्मिक कविता थी।
  •  15 अगस्त, 1947 को श्री अरबिंदो ने भारत के विभाजन का कड़ा विरोध किया था।
  • 5 दिसंबर, 1950 को श्री अरबिंदो की मृत्यु हो गई। तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने योग दर्शन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के लिये उनकी प्रशंसा की।

दर्शन एवं अध्यात्मिक दृष्टिकोण:

  • श्री अरबिंदो की एकीकृत योग प्रणाली की अवधारणा उनकी किताबों ‘द सिंथेसिस ऑफ योगा’ (The Synthesis of Yoga) और ‘द लाइफ डिवाइन’ (The Life Divine) में वर्णित है। 
    • उनकी ‘द लाइफ डिवाइन’ पुस्तक आर्य (Arya) पत्रिका में क्रमिक रूप से प्रकाशित निबंधों का संकलन है।
  • अरबिंदो का तर्क है कि ‘’जैसे मानव प्रजाति जानवरों की प्रजातियों के बाद विकसित हुई है, उसी प्रकार मानव प्रजातियों से आगे बढ़कर दुनिया विकसित हो सकती है और नई प्रजातियों के साथ एक नई दुनिया का निर्माण हो सकता है।’’
  • श्री अरबिंदो का मानना था कि ‘’डार्विनवाद (Darwinism) केवल जीवन में पदार्थ के क्रमिक विकास की एक घटना का वर्णन करता है किंतु इसके पीछे का कारण नहीं बताता है, जबकि वह जीवन को पहले से ही पदार्थ में मौजूद पाता है क्योंकि सभी अस्तित्व ब्रह्म की अभिव्यक्ति है।’’

काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिज़र्व

Kaziranga National Park and Tiger Reserve

COVID-19 महामारी के मद्देनज़र हाल ही में काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिज़र्व (Kaziranga National Park and Tiger Reserve- KNPTR) में हाथी सफारी (Elephant Safari) की पुनः शुरुआत होने पर भी घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी में कमी देखी गई।

Kaziranga

काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिज़र्व:

  • काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान असम राज्य में स्थित है।
  • इस उद्यान में लगभग 250 से अधिक मौसमी जल निकाय (Water Bodies) हैं, इसके अलावा डिपहोलू नदी (Dipholu River) इसके मध्य से बहती है।
  • विश्व के दो-तिहाई एक सींग वाले गैंडे काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पाए जाते हैं।
  • काज़ीरंगा में संरक्षण प्रयासों का अधिकांश ध्यान 'बड़ी चार' प्रजातियों- राइनो (Rhino), हाथी (Elephant), रॉयल बंगाल टाइगर (Royal Bengal Tiger) और एशियाई जल भैंस (Asiatic Water Buffalo) पर केंद्रित है।
  • काज़ीरंगा नेशनल पार्क को वर्ष 1985 में यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल में शामिल में किया गया था।
  • उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान और कर्नाटक में बांदीपुर राष्ट्रीय उद्यान के बाद भारत में धारीदार बिल्लियों की तीसरी सबसे ज़्यादा संख्या काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पाई जाती है।

राष्ट्रीय उद्यान (National पार्क):

  • वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 राज्यों को किसी समृद्ध जैव विविधता वाले प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को राष्ट्रीय उद्यान घोषित करने की शक्ति देता है।
  • जो क्षेत्र पारिस्थितिकी जीव-जंतुओं, वनस्पतियों, भू-आकृतिक एवं जलीय महत्त्व के हैं और जिनका संरक्षण किया जाना अत्यंत आवश्यक है, उन्हें राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया जा सकता है।
    • राष्ट्रीय उद्यान घोषित क्षेत्र में जंतुओं का शिकार प्रतिबंधित होता है।
    • राष्ट्रीय उद्यान घोषित क्षेत्र में वन्य जीवों के अलावा अन्य जीवों के चारण पर प्रतिबंध होता है।
    • किसी भी वन्य जीव-जंतु के आवास के अतिक्रमण पर रोक होती है।
    • कोई भी संरक्षित क्षेत्रों का अतिक्रमण नहीं कर सकता है।
    • पौधों को संगृहीत करने और उनको हानि पहुँचाने पर प्रतिबंध है। 
    • हथियारों का प्रयोग इन क्षेत्रों में वर्जित है।

टाइफून गोनी

Typhoon Goni

1 नवंबर, 2020 को टाइफून रोली (Rolly) या गोनी (Goni), पूर्वी फिलीपींस के तट से टकराया। इस वर्ष  फिलीपींस के तट से टकराने वाला यह 18वाँ टाइफून है।

Typhoon-Goni

प्रमुख बिंदु: 

  • इस सुपर टाइफून की गति 215-295 किमी. प्रति घंटा थी। हवा की गति के आधार पर उष्णकटिबंधीय चक्रवातों की पाँच श्रेणियाँ हैं। 
    • जब घूर्णन प्रणालियों में हवाएँ 39 मील प्रति घंटे तक पहुँचती हैं तो तूफान को उष्णकटिबंधीय तूफान (Tropical Storm) कहा जाता है और जब वे 74 मील प्रति घंटे तक पहुँचती हैं तो उष्णकटिबंधीय तूफान को उष्णकटिबंधीय चक्रवात (Tropical Cyclone) या हरिकेन (Hurricane) के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है और इसे एक नाम भी दिया जाता है।
  • प्रशांत महासागर में स्थित फिलीपींस ऐसा पहला बड़ा भू-क्षेत्र है जो प्रशांत महासागरीय चक्रवात बेल्ट (Pacific Cyclone Belt) से उठने वाले चक्रवातों का सामना करता है।

टाइफून के बारे में

  • ऊष्णकटिबंधीय चक्रवातों को चीन सागर क्षेत्र में टाइफून कहते हैं।
  • ज़्यादातर टाइफून जून से नवंबर के बीच आते हैं जो जापान, फिलीपींस और चीन आदि देशों को प्रभावित करते हैं। दिसंबर से मई के बीच आने वाले टाइफूनों की संख्या कम होती है।
  • उत्तरी अटलांटिक और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में चक्रवातों को 'हरिकेन', दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन में 'टाइफून' तथा दक्षिण-पश्चिम प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में 'उष्णकटिबंधीय चक्रवात' कहा जाता है। 

हरिकेन और टाइफून में क्या अंतर है?

  • इसमें कोई अंतर नही है। 
  • जहाँ इनकी उत्पत्ति होती हैं उसके आधार पर हरिकेन को टाइफून या चक्रवात कहा जा सकता है।
  • नासा के अनुसार, इन सभी प्रकार के तूफानों का वैज्ञानिक नाम उष्णकटिबंधीय चक्रवात है।
  • अटलांटिक महासागर या पूर्वी प्रशांत महासागर के ऊपर बनने वाले उष्णकटिबंधीय चक्रवातों को हरिकेन कहा जाता है और जो उत्तर पश्चिमी प्रशांत में बनता है, उसे टाइफून कहा जाता है।

विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 02 नवंबर, 2020

इंदिरा गांधी

31 अक्तूबर, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु की पुत्री इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर, 1917 को प्रयागराज (इलाहाबाद) में हुआ था। इंदिरा गांधी एकमात्र महिला हैं, जिन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है। ध्यातव्य है कि इंदिरा गांधी अपने पिता जवाहरलाल के बाद सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली देश की दूसरी प्रधानमंत्री थीं। वर्ष 1959 में उन्हें कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया और वर्ष 1964 में प्रधानमंत्री नेहरु की मृत्यु के बाद उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के नेतृत्त्व में एक कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया, किंतु लाल बहादुर शास्त्री की आकस्मिक मृत्यु के बाद वर्ष 1966 में वे देश की 5वीं प्रधानमंत्री बनीं। वर्ष 1975 में उनके कार्यकाल के दौरान भारत में आपातकाल लागू किया गया, जो कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक ‘काला अध्याय’ माना जाता है। आपातकाल की समाप्ति के बाद हुए चुनावों में वे हार गईं, जिसके बाद वर्ष 1980 में हुए चुनावों में एक बार फिर सत्ता में आईं। प्रधानमंत्री के तौर पर इंदिरा गांधी के दूसरे कार्यकाल के दौरान अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पर ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को अंजाम दिया गया। 31 अक्तूबर, 1984 को उनके दो सिख अंगरक्षकों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई। इंदिरा गांधी को उनके मज़बूत व्यक्तित्त्व के लिये जाना जाता था और उन्होंने बांग्लादेश के गठन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

रणनीतिक नीति और सुविधा ब्यूरो

आयुष मंत्रालय और इन्वेस्ट इंडिया (Invest India) आयुष क्षेत्र की योजनाबद्ध और व्यवस्थित विकास को सुविधाजनक बनाने के लिये ‘रणनीतिक नीति और सुविधा ब्यूरो’ (SPFB) नामक एक रणनीतिक नीति इकाई स्थापित करने के लिये सहयोग करेंगे। ‘रणनीतिक नीति और सुविधा ब्यूरो’ (SPFB) की स्थापना एक अग्रगामी कदम है जो कि आयुष प्रणालियों (Ayush Systems) को भविष्य के लिये तैयार करेगा। यह ब्यूरो रणनीतिक और नीतिगत पहल करने में आयुष मंत्रालय की सहायता करेगा और इस क्षेत्र की पूर्ण क्षमता तक पहुँचने तथा इसमें विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। ऐसे समय में जब कोरोना वायरस महामारी विश्व भर के तमाम लोगों को प्रभावित कर रही है और लोग अच्छे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं, तो इस तरह की रणनीतिक इकाई आयुष क्षेत्र के हितधारकों के लिये काफी महत्त्वपूर्ण हो सकती है। इस परियोजना में एक भागीदार के रूप में इन्वेस्ट इंडिया, आयुष मंत्रालय के साथ बड़े पैमाने पर सहयोग करेगा ताकि ब्यूरो की कार्य योजना तैयार की जा सके और इसके अल्पकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों को परिभाषित किया जा सके। साथ ही इन्वेस्ट इंडिया, ब्यूरो की कार्य योजना को लागू करने और कार्यान्वित करने के लिये प्रशिक्षित और विशेषज्ञ लोगों की भी नियुक्ति करेगा।

राजस्थान में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध

राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के कारण उत्पन्न हुए खतरे के मद्देनज़र राज्य में त्योहार के सीज़न के दौरान पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने कहा कि ‘इस चुनौतीपूर्ण समय में राज्य सरकार के लिये लोगों की जीवन रक्षा करना और उन्हें वायु प्रदूषण के दुष्प्रभाव से बचाना सर्वोपरि है। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों और आम जनता को ज़हरीली हवा से बचाने के लिये राजस्थान सरकार ने राज्य में पटाखों की बिक्री करने वाले लोगों और प्रदूषण से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन न करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। कई अध्ययनों में यह सामने आया है कि वायु प्रदूषण के कारण कोरोना संक्रमण और उसके कारण होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। उम्मीद है कि राजस्थान सरकार के इस निर्णय का अनुसरण करते हुए देश के अन्य राज्य भी अपने क्षेत्राधिकार में प्रदूषण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई करेंगे।

एंट्रिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड

वर्ष 2005 में हुए एक उपग्रह सौदे को रद्द करने के लिये एक अमेरिका की एक अदालत ने इसरो (ISRO) की वाणिज्यिक शाखा एंट्रिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड को बंगलुरू स्थित स्टार्टअप, देवास मल्‍टीमीडिया को 1.2 बिलियन डॉलर का मुआवजा देने को कहा है। वर्ष 2005 में एंट्रिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने दो उपग्रहों के निर्माण, लॉन्च और संचालन के लिये देवास मल्‍टीमीडिया के साथ समझौता किया था, जिसे वर्ष 2011 में एंट्रिक्स कॉर्पोरेशन द्वारा रद्द कर दिया गया। बंगलुरू स्थित एंट्रिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत कार्यरत भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली एक कंपनी है, जिसे सितंबर 1992 में अंतरिक्ष उत्पादों, तकनीकी परामर्श सेवाओं और इसरो द्वारा विकसित प्रौद्योगिकियों के वाणिज्यिक दोहन व प्रचार प्रसार के लिये एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में स्थापित किया गया था।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2