उत्तर प्रदेश
राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कारों की 10वीं वर्षगाँठ
- 20 Aug 2025
- 19 min read
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विज्ञान भवन में आयोजित समारोह के दौरान 57वीं सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श कार्यशाला के साथ 8वें "राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार" प्रदान किये।
मुख्य बिंदु
- पुरस्कार 2025 के बारे में:
- वर्ष 2025 में अनुभव पुरस्कार की 10वीं वर्षगाँठ पर शासन और विविधता में महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
- इस वर्ष पुरस्कार प्राप्त करने वालों में एक-तिहाई महिलाएँ थीं, जो शासन में महिला अधिकारियों की बढ़ती उपस्थिति को दर्शाता है।
- 11 मंत्रालयों और विभागों के कुल 15 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें पहली बार एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक तथा एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम के अधिकारी भी शामिल थे।
- उल्लेखनीय पुरस्कार विजेता:
- एम. वेंकटेशन: वर्ष 2014 की कश्मीर बाढ़ और वर्ष 2022 में यूक्रेन से निकासी अभियान सहित संकट काल में उत्कृष्ट सेवाओं के लिये सम्मानित।
- हुकुम सिंह मीणा: 6.4 लाख से अधिक गाँवों में भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण का नेतृत्व किया।
- शालिनी कक्कड़ (SBI): प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, पेंशन सुधार और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- ओ. विरुपाक्षप्पा (डाक विभाग): ग्रामीण क्षेत्रों में डाक बचत और बीमा योजनाओं का विस्तार किया।
- साजू पी.के. (CRPF): असम और पुलवामा जैसे संवेदनशील परिचालन क्षेत्रों में सेवा प्रदान की।
- नई पहलों का शुभारंभ:
- कार्यक्रम में कई पहलें प्रारम्भ की गईं, जिनमें प्रमुख हैं–
- डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 4.0 के लिये दिशानिर्देश जारी किये गए।
- विशेष अभियान 2.0 की सफलता की कहानियों पर आधारित कॉफी टेबल ई-बुक का विमोचन।
- अनुभव पोर्टल पर प्रस्तुत संस्मरणों के विश्लेषण के लिये कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग करने की घोषणा की गई।
- कार्यक्रम में कई पहलें प्रारम्भ की गईं, जिनमें प्रमुख हैं–
राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार
- परिचय: अनुभव पुरस्कार की शुरुआत पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) द्वारा की गई है। इसका उद्देश्य सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्त होने वाले केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के अनुभवों को सम्मानित एवं प्रलेखित करना है।
- प्रारंभ: इस पहल की शुरुआत भारत के प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार मार्च 2015 में अनुभव पोर्टल के माध्यम से की गई। इसका लक्ष्य अनुभव साझा करने की संस्कृति विकसित करना, सुशासन को बढ़ावा देना और प्रशासनिक सुधारों को प्रोत्साहित करना है।
- पात्रता: सेवानिवृत्त होने वाले केंद्रीय सरकारी कर्मचारी/पेंशनभोगी इसके पात्र हैं। DoPPW द्वारा अधिसूचित समयावधि के अंतर्गत अनुभव पोर्टल पर प्रकाशित लेखन को इन पुरस्कारों के लिये विचारार्थ लिया जाता है।