इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

मेन्स प्रैक्टिस प्रश्न

  • प्रश्न :

    महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत के पक्ष में दिये जाने वाले तर्कों की विवेचना कीजिये। यह प्लेट विवर्तनिक सिद्धांत से किस प्रकार भिन्न है?

    12 Dec, 2017 सामान्य अध्ययन पेपर 1 भूगोल

    उत्तर :

    उत्तर की रूपरेखा- 

    • महाद्वीपीय विस्थापन का संक्षिप्त परिचय दें।
    • महाद्वीपीय विस्थापन के पक्ष में तर्क प्रस्तुत करें।
    • महाद्वीपीय विस्थापन और प्लेट विवर्तनिकी में अंतर बताएँ।

    महाद्वीपीय विस्थापन का सिद्धांत जर्मन वैज्ञानिक अल्फ्रेड वेगनर द्वारा दिया गया था। इसके अनुसार सभी महाद्वीप एक बड़े भूखंड से जुड़े हुए थे। यह भूखंड एक बड़े महासागर से घिरा हुआ था। इस बड़े महाद्वीप को पैंजिया और बड़े महासागर को पैंथालसा नाम दिया गया। 20 करोड़ वर्षों पहले पैंजिया विभाजित होकर लारेशिया और गोंडवाना लैंड नामक दो बड़े भूखंडों में विभक्त हुआ, और बाद में ये खंड विभक्त होकर आज के महाद्वीपों के रूप में परिवर्तित हो गए। 

    महाद्वीपीय विस्थापन के पक्ष में तर्क

    • महाद्वीपों में साम्य- दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के आमने-सामने की तटरेखाएँ अद्भुत व त्रुटिरहित साम्य दिखाती हैं। 
    • महासागरों के पार चट्टानों की आयु में समानता- 200 करोड़ वर्ष प्राचीन शैल समूहों की एक पट्टी ब्राज़ील तट और पश्चिमी अफ्रीका के तट पर मिलती है, जो आपस में मेल खाती है। 
    • भारत में पाए जाने वाले गोंडवाना श्रेणी के तलछटों के प्रतिरूप दक्षिणी गोलार्द्ध के छः विभिन्न स्थलखण्डों में मिलते हैं। इसी क्रम के प्रतिरूप अफ्रीका, फॉकलैंड द्वीप, मैडागास्कर, अंटार्कटिक और ऑस्ट्रेलिया में मिलते हैं।
    • घाना तट पर सोने के बड़े निक्षेप तथा ब्राज़ील में भी सोनायुक्त शिराओं का पाया जाना आश्चर्यजनक तथ्य है। 
    • जीवाश्मों का वितरण- मेसोसारस नामक छोटे रेंगने वाले जीव केवल उथले खारे पानी में रह सकते थे। इनकी अस्थियाँ केवल दक्षिण अफ्रीका के दक्षिणी केप प्रांत और ब्राज़ील में इरावर शैल समूह में ही मिलते हैं। ये दोनों स्थान आज एक दूसरे से 4800 किमी दूर हैं। 

    महाद्वीपीय विस्थापन और प्लेट-विवर्तनिकी सिद्धांत में अंतर-

    • महाद्वीपीय विस्थापन में सिर्फ महाद्वीपों का विस्थापन बताया गया है, जबकि प्लेट विवर्तनिकी में महाद्वीपों और महासागरों दोनों का संचरण बताया गया है।
    • महाद्वीपीय विस्थापन वलित पर्वतों के निर्माण का कारण SiMa और  SiAl के घर्षणात्मक संयोग के आधार पर बताता है, जबकि प्लेट विवर्तनिकी इसका कारण टेक्टोनिक प्लेटों के अभिसरण को बताता है।
    • प्लेट विवर्तनिकी ज्वालामुखियों के निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी देता है, परंतु महाद्वीपीय विस्थापन से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिलती।

    To get PDF version, Please click on "Print PDF" button.

    Print
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow