दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

मेन्स प्रैक्टिस प्रश्न

  • प्रश्न :

    बर्लिन की दीवार के पतन ने पूंजीवादी विचारधारा को बल प्रदान किया और साम्यवाद की हार का प्रतीक बना। चर्चा कीजिये। (250 शब्द)

    07 Dec, 2019 सामान्य अध्ययन पेपर 1 इतिहास

    उत्तर :

    प्रश्न विच्छेद

    • जर्मनी के एकीकरण को पूंजीवाद व साम्यवाद के संदर्भ में विश्लेषित करना है।

    हल करने का दृष्टिकोण

    • सर्वप्रथम भूमिका लिखिये।

    • जर्मनी के विभाजन की चर्चा करते हुए साम्यवाद के प्रभाव को बताइये।

    • बर्लिन की दीवार के पतन को पूंजीवाद के उभार व साम्यवाद के अवसान के रूप में बताइये।

    • निष्कर्ष दीजिये।

    बर्लिन की दीवार को शीतयुद्ध की उत्पत्ति माना जाता है। पूर्वी यूरोप में साम्यवादी विचारधारा के प्रसरण के फलस्वरूप बर्लिन की दीवार को निर्मित किया गया जिसे 1980 के दशक में ढहाकर साम्यवाद के पतन के प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया। बर्लिन की दीवार का पतन जर्मनी के एकीकरण के साथ-साथ जर्मनी के लोगों की विचारधाराओं को भी एकीकृत करता है।

    द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी की हार के पश्चात् जर्मनी पूर्व तथा पश्चिम दो भागों में विभाजित हो गया। पश्चिमी जर्मनी (जर्मन संघीय गणराज्य) में पश्चिमी पूंजीवादी राष्ट्रों की सहयोगी सरकार थी, जबकि पूर्वी जर्मनी (जर्मन जनतांत्रिक गणराज्य) पर सोवियत यूनियन का प्रभाव था। पश्चिमी जर्मनी प्रदेश में लोकतांत्रिक सरकार, पूंजीवादी आर्थिक प्रणाली, स्वतंत्र चर्च तथा श्रमिक संगठनों की व्यवस्था ने विकास की राह मज़बूती प्रदान की थी तो वहीं दूसरी तरफ, पूर्वी जर्मनी पर मार्क्स-लेनिन के प्रभाव से युक्त साम्यवादी तानाशाही सरकार स्थापित थी। कमज़ोर आर्थिक स्थिति तथा नकारात्मक राजनैतिक परिस्थितियों के कारण पूर्वी जर्मनी से सैकड़ों श्रमिक तथा व्यवसायी पश्चिमी जर्मनी की तरफ आय अर्जन हेतु जाते थे।

    जर्मनी के विभाजन के उपरांत भी लोगों का आवागमन न रुकने से पूर्वी जर्मनी को आर्थिक व राजनैतिक हानि का सामना करना पड़ रहा था। 1949 से 1961 के मध्य 25 लाख लोगों ने पूर्वी जर्मनी से पश्चिमी जर्मनी की तरफ प्रवास किया, जिसका नकारात्मक प्रभाव पूर्वी जर्मनी की अर्थव्यवस्था को उठाना पड़ा। इसी परिप्रेक्ष्य में साम्यवादी सरकार ने 1961 में बर्लिन की दीवार का निर्माण करने का आदेश दिया ताकि सीमाओं को बंद कर दिया जाए। बर्लिन की दीवार के निर्माण का मुख्य उद्देश्य पूर्वी जर्मनी में बाहर से आने वालों को रोकना नहीं अपितु भीतर से बाहर जाने वालों को रोकना था।

    बर्लिन की दीवार का निर्माण साम्यवाद के लिये अत्यधिक बुरा सिद्ध हुआ। पूर्वी व पश्चिमी जर्मनी के लोगों के लिये यह दीवार समाजवादी शोषण का प्रतीक बन गई। 1980 का दशक जनमानस को चेतना की जागृति का काल था जब पूर्वी यूरोप में साम्यवादी सत्ता के विरुद्ध जनता ने व्यापक प्रदर्शन किये। इसी दौर में 9 नवंबर, 1984 का दिन बर्लिन की दीवार के ढ़हने के लिये जाना जाता है। इसी के साथ ही पूर्वी जर्मनी की सोशलिस्ट सरकार का पतन हो गया तथा जर्मनी के पुन: एकीकरण के साथ ही जर्मन राष्ट्र-राज्य की पुनर्स्थापना संभव हो सकी।

    ध्यातव्य है कि साम्यवादी सरकार की आय की समानता, मुफ्त जन-कल्याण, पूर्ण रोज़गार जैसे आदर्शों के स्थान पर पूंजीवादी विचारधारा में विद्यमान उच्च स्तरीय विषमता, बेरोज़गारी तथा सामाजिक जोखिम को अपनाने का मुख्य कारण जनता को मिलने वाली आज़ादी थी। पूंजीवादी विचारधारा की स्वतंत्रता की अवधारणा ने साम्यवाद के पतन में अहम भूमिका निभाई।

    स्पष्ट है कि बर्लिन की दीवार बनने से लेकर इसके गिरने तक में साम्यवादी विचारधारा का प्रभाव था। साम्यवाद को बचाने के उद्देश्य से शीतयुद्ध के दौर में खड़ी की गई दीवार को जनमानस की जागरूकता ने 28 वर्षों के शोषण के उपरांत गिरने को विवश कर दिया, जिसका परिणाम जर्मनी के साथ-साथ पूर्वी यूरोप से साम्यवाद के पतन के रूप में देखा गया।

    To get PDF version, Please click on "Print PDF" button.

    Print
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow