कुल प्रश्नों की संख्या : 1
-
सुश्री काव्या अय्यर एक तीव्र शहरीकरण वाले ज़िले में ज़िला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें कथित रूप से पुलिस कर्मियों को एक निर्माण स्थल पर बकाया वेतन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रवासी मज़दूरों के एक समूह के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करते हुए दिखाया गया है। कुछ ही घंटों में यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। कई मीडिया चैनलों ने प्राइम-टाइम बहसों में ज़िला प्रशासन पर मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाना शुरू कर दिया। अधिकारियों के निलंबन की मांग वाले हैशटैग ऑनलाइन ट्रेंड करने लगे। नागरिक समाज के समूहों ने भी तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन आयोजित किये।
हालाँकि, एक प्रारंभिक आंतरिक रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि वीडियो क्लिप चुनिंदा रूप से संपादित है और घटनाओं की पूरी शृंखला को प्रदर्शित नहीं करती। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार स्थिति हिंसक हो गई थी और भीड़ को नियंत्रित करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिये न्यूनतम बल का उपयोग किया गया था।
इसी बीच, विपक्षी दलों के राजनीतिक नेता स्थल का दौरा करते हैं और सार्वजनिक रूप से प्रशासन की आलोचना करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के तत्काल निलंबन की मांग करते हैं। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारी हतोत्साहित महसूस कर रहे हैं और उनका तर्क है कि बिना निष्पक्ष जाँच के कोई भी दंडात्मक कार्रवाई उनके मनोबल को कमज़ोर करेगी तथा कानून तोड़ने वालों को प्रोत्साहित करेगी।राज्य सरकार अनौपचारिक रूप से सुश्री अय्यर को “त्वरित और दृश्यात्मक कार्रवाई” करने की सलाह देती है, ताकि नैरेटिव को नियंत्रित किया जा सके और स्थिति को बढ़ने से रोका जा सके, भले ही तथ्य पूरी तरह सत्यापित न हुए हों।
साथ ही, प्रवासी मज़दूरों के वेतन भुगतान में देरी को लेकर वास्तविक चिंताएँ भी हैं, जिसने प्रारंभ में इस विरोध को जन्म दिया।
सुश्री अय्यर को अब यह निर्णय लेना है कि वे इस स्थिति में किस प्रकार प्रतिक्रिया दें, जिसमें सत्य, न्याय, जन-धारणा और प्रशासनिक ज़िम्मेदारी के बीच संतुलन स्थापित करना आवश्यक है।प्रश्न
सामान्य अध्ययन पेपर 4 केस स्टडीज़
1. इस प्रकरण में कौन-कौन से नैतिक मुद्दे शामिल हैं?
2. सुश्री अय्यर के समक्ष कौन-कौन से विकल्प उपलब्ध हैं? प्रत्येक के गुण-दोषों का आकलन कीजिये।
3. सुश्री अय्यर के लिये सबसे उपयुक्त कार्यवाही क्या होनी चाहिये? अपने उत्तर को नैतिक मूल्यों, प्रशासनिक तटस्थता और जन-विश्वास के संदर्भ में उचित ठहराइएँ।