इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 25 नवंबर, 2022

  • 25 Nov 2022
  • 4 min read

अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस 

महिलाओं पर होने वाली हिंसा को रोकने के लिये प्रतिवर्ष 25 नवंबर को विश्व भर में ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस’ (International Day for the Elimination of Violence against Women) मनाया जाता है। इस दिवस के आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकना और महिलाओं को उनके बुनियादी मानवाधिकारों एवं लैंगिक समानता के विषय में जागरूक करना है। महिला अधिकार कार्यकर्त्ताओं द्वारा वर्ष 1981 से प्रतिवर्ष 25 नवंबर को लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ लड़ने हेतु इस दिवस का आयोजन किया जाता है। 07 फरवरी, 2000 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक संकल्प पारित किया, जिसमें 25 नवंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस’ के रूप में नामित किया गया। इस दिवस का आयोजन ‘मिराबाई बहनों’ (डोमिनिकन गणराज्य की तीन राजनीतिक कार्यकर्त्ता) के सम्मान में किया जाता है, जिन्हें वर्ष 1960 में देश के शासक ‘राफेल ट्रुजिलो’ के आदेश पर बेरहमी से मार दिया गया था। भारत में लैंगिक समानता (gender equality) का सिद्धांत भारतीय संविधान में निहित है,साथ ही महिलाओं को लिंग के आधार पर भेदभाव नहीं किये जाने (अनुच्छेद 15) और विधि के समक्ष समान संरक्षण (अनुच्छेद 14) का मूल अधिकार प्राप्त है। महिला सशक्तीकरण से संबंधित प्रमुख सरकारी योजनाएँ इस प्रकार हैं: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री महिला शक्ति केंद्र योजना

भारत-अफ्रीका हैक्‍थॉन-22

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 25 नवंबर, 2022 को उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में यूनेस्‍को की ओर से आयोजित भारत-अफ्रीका हैक्‍थॉन-22 (UIAH) के समापन समारोह को संबोधित किया। हैक्‍थॉन का आयोजन भारत और अफ्रीका के बीच गहरे संबंधों तथा मौजूदा चुनौतियों का मिलकर सामना करने की एकजुट भावना के प्रतीक के रूप में आयोजित किया गया है। यह युवाओं को सामाजिक तथा पर्यावरण और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिये नवाचारों की संभावनाओं का पता लगाने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। हैकाथॉन कार्यक्रम का उद्देश्य नई प्रौद्योगिकियों या कौशल की खोज करना, व्यावसायिक नवाचार को बढ़ावा देना, इनक्यूबेशन कार्यक्रमों की सोर्सिंग, संभावित स्टार्ट-अप बनाना, ब्रांडिंग, सामाजिक कारणों का समाधान खोजना व भविष्यवाणी करने के लिये डेटा का विश्लेषण करना है। साथ ही इसमें LIFE मिशन के तहत UIAH 2022 के लिये चुने गए पाँच उप विषय- शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, पेयजल तथा स्वच्छता, कृषि एवं स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्रों में समाधान पर भारत व अफ्रीकी देशों के बीच मंथन भी होगा। भारत-अफ्रीका हैक्‍थॉन में 22 अफ्रीकी देश भाग ले रहे हैं। इसमें बोत्सवाना, कैमरून, एस्वातिनी, इथियोपिया, गिनी, जाम्बिया, घाना, गिनी बिसाऊ, केन्या, लेसोथो, मलावी, माली, मॉरीशस, मोरक्को, मोजांबिक, नामीबिया, नाइजर, सिएरा-लियोन, तंज़ानियाा, टोगो, युगांडा और जिम्बाब्वे शामिल हैं। 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow