दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 नवंबर, 2022

  • 24 Nov 2022
  • 4 min read

हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय वार्ता 2022 

23 नवंबर को नई दिल्ली में भारतीय नौसेना की तीन दिवसीय शीर्ष स्तरीय क्षेत्रीय रणनीतिक वार्ता, हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय वार्ता 2022 शुरू हुई। यह एक वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन है जो विचारों के आदान-प्रदान और हिंद-प्रशांत से संबंधित समुद्री मुद्दों पर विचार-विमर्श को बढ़ावा देता है। रक्षा राज्य मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भारत समुद्री क्षेत्र में खतरों से निपटने के लिये पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने देश की समुद्री क्षमता बढ़ाने, समुद्री संसाधनों के सतत् प्रबंधन और सैन्य क्षमता को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। नौसेना प्रमुख ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने में भारतीय नौसेना की पहुँच को रेखांकित किया

संगाई महोत्सव 

मणिपुर संगाई महोत्सव 21 से 30 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। मणिपुर संगाई महोत्सव मणिपुर की विशिष्टता को प्रदर्शित करने हेतु प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम है। इस उत्सव का नाम मणिपुर के राजकीय पशु, संगाई हिरण के नाम पर रखा  गया है, जो केवल लोकटक झील में तैरते हुए केइबुल लामजाओ राष्ट्रीय उद्यान में पाया जाता है। यह उत्सव कारीगरों और बुनकरों  को स्वदेशी हस्तशिल्प और हथकरघा के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। हेरिटेज पार्क में प्रदर्शित अलग अलग तरह से बनाई झोपड़ियों के माध्यम से विभिन्न जनजातियों की जीवन-शैली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। स्थानीय लोग देशी खेलों में अपने कौशल का प्रदर्शन करते हैं जिसमें मणिपुर की प्रसिद्ध युद्ध कला (मार्शल आर्ट )  थांग ता (भाला और तलवार के कौशल का संयोजन) के साथ-साथ अन्य खेल शामिल हैं। सगोल कांगजेई पोलो का स्वदेशी रूप है जो यहाँ बड़े पैमाने पर खेला जाता है। इन खेलों के अलावा विभिन्न स्थानों पर ट्रेकिंग, व्हाइट वाटर राफ्टिंग और पैरासेलिंग जैसे साहसिक खेलों का आनंद लिया जा सकता है।

सोलोमन द्वीप 

सोलोमन द्वीप में 22 नवंबर, 2022 को 7.0 तीव्रता का भूकंप आया। इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में आए भूकंप के बाद सोलोमन द्वीप में यह भूकंप आया है। सोलोमन द्वीप पापुआ न्यू गिनी के पूर्व में मेलानेशिया में स्थित एक राष्ट्र है, जिसमें 990 से अधिक द्वीप शामिल हैं। इसकी राजधानी होनियारा है, जो कि ग्वाडलकैनाल द्वीप पर स्थित है। इसमें ज्वालामुखीय द्वीपों और प्रवाल द्वीपों की दोहरी शृंखला शामिल है। मेलानेशिया दक्षिण-पश्चिमी प्रशांत महासागर में ओशिनिया का एक उपक्षेत्र है। बुका और बोगनविले के अपवाद के साथ सोलोमन शृंखला का अधिकांश हिस्सा इस देश में शामिल है, जो कि उत्तर-पश्चिमी छोर पर पापुआ न्यू गिनी नामक एक स्वायत्त क्षेत्र का निर्माण करते हैं। यह द्वीप एक संवैधानिक राजतंत्र है, जिसका प्रतिनिधित्व ब्रिटिश सम्राट द्वारा नियुक्त गवर्नर-जनरल करता है, जो राज्य के औपचारिक प्रमुख के रूप में कार्य करता है। 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow