इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 26 नवंबर, 2022

  • 26 Nov 2022
  • 6 min read

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस

भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज़ कुरियन के जन्मदिन को ‘राष्ट्रीय दुग्ध दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2014 में 26 नवंबर के दिन भारतीय डेयरी एसोसिएशन (IDA) ने पहली बार यह दिवस मनाने की पहल की थी। ध्यातव्य है कि डॉ. वर्गीज़ कुरियन के मार्गदर्शन में ही भारत में कई महत्त्वपूर्ण संस्थाओं जैसे- गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ लिमिटेड और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड का गठन किया गया। वर्ष 1970 में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्र की आय बढ़ाने को ध्यान में रखते हुए ‘ऑपरेशन फ्लड’ की शुरुआत की गई। डॉ. कुरियन ने किसानों और श्रमिकों द्वारा चलाए जा रहे कई संस्थानों की स्थापना के अतिरिक्‍त लोकप्रिय डेयरी ब्रांड अमूल की स्थापना एवं सफलता में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत 22 प्रतिशत वैश्विक उत्पादन के साथ दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। इसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन, पाकिस्तान और ब्राज़ील का स्थान है। यह दिवस इस तथ्य को उजागर करने के लिये मनाया जाता है कि किस प्रकार डेयरी एक अरब लोगों की आजीविका का एक प्रमुख साधन है। भारत बीते कुछ वर्षों में 150 मिलियन टन से अधिक दुग्ध उत्पादन के साथ विश्व में दुग्ध का सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। जहाँ एक ओर वर्ष 1955 में भारत का मक्खन आयात 500 टन था, वहीं वर्ष 1975 तक दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का सभी प्रकार का आयात लगभग शून्य हो गया, क्योंकि इस समय तक भारत दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर हो गया था। इस वर्ष आज़ादी का अमृत महोत्सव पहल के तहत केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड परिसर में एक समारोह का आयोजन भी किया।

संगीत नाटक अकादमी पुरस्‍कारों की घोषणा 

संगीत नाटक अकादमी ने वर्ष 2019, 2020 और 2021 के पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक-कला, कठपुतली एवं प्रदर्शन कला क्षेत्र से कुल 128 कलाकारों का चयन किया गया है। अकादमी की महापरिषद ने सर्वसम्मति से दस प्रतिष्ठित कलाकारों को अकादमी फेलो के रूप में चुना है। अकादमी फेलो सम्मान में ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम के साथ तीन लाख रुपए की नकद राशि. जबकि संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार के लिये एक लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती है। संगीत नाटक अकादमी ने प्रदर्शन कला के 86 कलाकारों को इस पुरस्कार के लिये चुना है। इनमें 75 साल से अधिक उम्र के वे कलाकार भी शामिल हैं जिन्हें अब तक कोई राष्ट्रीय सम्मान नहीं मिला है। ये पुरस्‍कार आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रदान किये जा रहे हैं। अकादमी ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिये हिंदुस्‍तानी और कर्नाटक शैली से बाँसुरी, सितार और मृदंगम वादन तथा गायन क्षेत्र से 102 कलाकारों का चयन किया है। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक/लोक/जनजातीय संगीत/नृत्य/थिएटर, कठपुतली तथा प्रदर्शन कला आदि में समग्र योगदान/छात्रवृत्ति के क्षेत्र के कलाकारों को पुरस्कार दिये जाते हैं। अकादमी पुरस्कार में ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम के साथ एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार शामिल है। संगीत नाटक अकादमी संगीत, नृत्य और नाटक के लिये भारत की राष्ट्रीय अकादमी है। वर्ष 1952 में (तत्कालीन) शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के एक प्रस्ताव द्वारा डॉ. पी.वी. राजमन्नार को इसके पहले अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। यह वर्तमान में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार का एक स्वायत्त निकाय है और इसकी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के लिये सरकार द्वारा पूरी तरह से वित्तपोषित है। अकादमी प्रदर्शन कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय महत्त्व के संस्थानों तथा परियोजनाओं की स्थापना व देखभाल करती है।

अनवर इब्राहिम 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को बधाई दी है। अनवर इब्राहिम ने 24 नवंबर, 2022 को नेशनल पैलेस में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। वर्ष 1990 के दशक में वे मलेशिया के उपप्रधानमंत्री रह चुके हैं। इब्राहिम ने ग्रामीण गरीबी एवं देश को प्रभावित करने वाली अन्य सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के खिलाफ विरोध की अगुयाई की। इब्राहिम ने वर्ष 1971 में मलेशिया के मुस्लिम यूथ मूवमेंट की स्थापना की। हालाँकि बाद में वह यूनाइटेड मलेशियाई नेशनल ऑर्गनाइज़ेशन  पार्टी में शामिल हो गए और वित्त मंत्री बने। वित्त मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्वतंत्र रूप से विभिन्न राजनीतिक निर्णयों को लागू किया जिससे मलेशिया को एशियाई वित्तीय संकट के प्रभाव से बचने में मदद मिली। 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2