प्रारंभिक परीक्षा
ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना को लेकर चिंताएँ
- 04 Feb 2026
- 37 min read
चर्चा में क्यों?
निकोबार जनजातीय परिषद् ने आरोप लगाया है कि ₹92,000 करोड़ के ग्रेट निकोबार द्वीप मेगा-इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजना के कुछ भागों के लिये जैसे-जैसे स्वीकृति मिलने का समय नज़दीक आ रहा है, वैसे ज़िला प्रशासन द्वारा उन्हें उनके पूर्वजों की जनजातीय भूमि छोड़ने के लिये दबाव बनाया जा रहा है।
- परिषद ने प्रशासन के इस दावे को चुनौती दी है कि वन संबंधी अधिकार वन अधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लागू किये गए हैं, साथ में यह ज़ोर देकर कहा कि वन अधिकार अधिनियम की प्रक्रिया कभी शुरू ही नहीं हुई।
ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना क्या है?
- परिचय: वर्ष 2021 में शुरू की गई ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना (GNIP) एक मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर पहल है, जिसे ग्रेट निकोबार द्वीप (GNI) पर लागू किया जा रहा है, जो अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी छोर पर स्थित है।
- परियोजना के लिये गैलेथिया बे, पेम्मया बे और नंजप्पा बे जैसे क्षेत्रों में वन भूमि के विचलन की आवश्यकता है, जो 2004 की सुनामी से पहले परंपरागत रूप से निकोबारी समुदाय के निवास क्षेत्र रहे हैं।
- विशेषताएँ: नीति आयोग के नेतृत्व में, इस परियोजना में गैलेथिया बे पर एक ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल, एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, एक ग्रीनफील्ड टाउनशिप और गैस‑आधारित संयंत्र के साथ एक पर्यटन परियोजना शामिल है।
- इसे अंडमान एंड निकोबार आइलैंड्स इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (ANIIDCO) द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है और यह मलक्का जलडमरूमध्य के निकट रणनीतिक रूप से स्थित है, जो हिंद महासागर को प्रशांत महासागर से जोड़ने वाला एक प्रमुख समुद्री मार्ग है।
- सामरिक महत्त्व: निकोबार की स्थिति मलक्का, सुंडा और लोम्बोक जलडमरूमध्य के निकट होने के कारण भारत को वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिये महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्गों की निगरानी में सक्षम बनाती है, जो एक्ट ईस्ट पॉलिसी (2014) और क्वाड की इंडो‑पैसिफिक रणनीति के अनुरूप है।
- प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट रक्षा तैनाती को सुदृढ़ करेगा, जिससे भारत की चीनी नौसेना की गतिविधियों पर नज़र रखने और क्षेत्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने की क्षमता में वृद्धि होगी।
- आर्थिक महत्त्व: इंटरनेशनल कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल (ICTT) का उद्देश्य सिंगापुर और कोलंबो जैसे विदेशी बंदरगाहों पर भारत की निर्भरता को कम करना है।
- यह भारत के दीर्घकालिक आर्थिक रणनीति के अनुरूप मैरिटाइम इंडिया विज़न 2030 और अमृत काल विज़न 2047 का एक प्रमुख हिस्सा बनता है।
ग्रेट निकोबार द्वीप
- परिचय: ग्रेट निकोबार निकोबार समूह का दक्षिणतम और सबसे बड़ा द्वीप है, जो बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित है। यह अधिकांशतः उष्णकटिबंधीय वर्षावन से आच्छादित है।
- इंदिरा प्वाइंट: ग्रेट निकोबार द्वीप पर स्थित इंदिरा प्वाइंट भारत का दक्षिणतम बिंदु है।
- भौगोलिक विभाजन: अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में कुल 836 द्वीप हैं, जो अंडमान (उत्तर) और निकोबार (दक्षिण) में विभाजित हैं। ये द्वीप 150 किमी चौड़ी 10° चैनल से अलग हैं।
- पर्यावरणीय महत्त्व: ग्रेट निकोबार द्वीप पर दो राष्ट्रीय उद्यान स्थित हैं, कैम्पबेल बे राष्ट्रीय उद्यान और गालाथिया राष्ट्रीय उद्यान। इसके अलावा यह ग्रेट निकोबार बायोस्फीयर रिज़र्व का हिस्सा भी है।
- जनजातियाँ: यहाँ कम संख्या में जनजातियाँ निवास करती हैं, जिनमें शॉम्पेन, ओंगे, अंडमानिया और निकोबारि शामिल हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
1. ग्रेट निकोबार द्वीप कहाँ स्थित है?
ग्रेट निकोबार द्वीप अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के दक्षिणतम हिस्से में, बंगाल की खाड़ी में स्थित है।
2. ग्रेट निकोबार द्वीप का पारिस्थितिक महत्त्व क्यों है?
यह उष्णकटिबंधीय वर्षावनों, स्थानिक प्रजातियों, दो राष्ट्रीय उद्यानों और ग्रेट निकोबार बायोस्फीयर रिज़र्व का पर्यावास है।
3. ग्रेट निकोबार द्वीप पर कौन-कौन सी जनजातियाँ निवास करती हैं?
स्थानीय जनजातियों में निकोबारि और शॉम्पेन समुदाय शामिल हैं।
4. भारत के लिये ग्रेट निकोबार द्वीप रणनीतिक रूप से क्यों महत्त्वपूर्ण है?
मलक्का जलसंधि के पास प्रमुख समुद्री मार्गों के निकट होने के कारण यह भारत की समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में उपस्थिति को बढ़ाता है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न
प्रिलिम्स
प्रश्न. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2018)
- बैरेन द्वीप ज्वालामुखी एक सक्रिय ज्वालामुखी है जो भारतीय राज्य-क्षेत्र में स्थित है।
- बैरेन द्वीप ग्रेट निकोबार के लगभग 140 किमी. पूर्व में स्थित है।
- पिछली बार बैरेन द्वीप ज्वालामुखी में वर्ष 1991 में उद्गार हुआ था और तब से यह निष्क्रिय बना हुआ है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?
(a) केवल 1
(b) 2 और 3
(c) केवल 3
(d) 1 और 3
उत्तर: (a)
प्रश्न. निम्नलिखित में से किनमें प्रवाल भित्तियाँ पाई जाती हैं? (2014)
- अंडमान और नोकोबार द्वीप समूह
- कच्छ की खाड़ी
- मन्नार की खाड़ी
- सुंदरबन
नीचे दिये गए कूट का उपयोग कर सही उत्तर चुनिये:
(a) केवल 1, 2 और 3
(b) केवल 2 और 4
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2, 3 और 4
उत्तर: (a)
