मुख्य परीक्षा
कोल्ड डेज़र्ट बायोस्फीयर रिज़र्व
- 29 Sep 2025
- 54 min read
चर्चा में क्यों?
हिमाचल प्रदेश स्थित कोल्ड डेज़र्ट बायोस्फीयर रिज़र्व (CDBR) को कई देशों के 25 अन्य बायोस्फीयर रिज़र्व/जैवमंडल रिज़र्व के साथ यूनेस्को द्वारा विश्व जैवमंडल रिज़र्व नेटवर्क (WNBR) में शामिल किया गया है।
- साओ टोमे और प्रिंसिपे (मध्य अफ्रीका का द्वीप देश) पहला राज्य बन गया है, जिसके पूरे क्षेत्र को बायोस्फीयर रिज़र्व के रूप में नामित किया गया है।
कोल्ड डेज़र्ट बायोस्फीयर रिज़र्व के संबंध में मुख्य तथ्य क्या हैं?
- स्थान: ट्रांस-हिमालयी क्षेत्र में, यह रिज़र्व पूरे स्पीति वन्यजीव प्रभाग और लाहौल वन प्रभाग के आस-पास के क्षेत्रों को कवर करता है, जिसमें बारालाचा दर्रा, भरतपुर और सरचू (ऊँचाई 3,300-6,600 मीटर) शामिल हैं।
- इसे वर्ष 2009 में बायोस्फीयर रिज़र्व घोषित किया गया, जिससे यह भारत का 16वाँ और पहला उच्च ऊँचाई वाला कोल्ड डेज़र्ट बायोस्फीयर रिज़र्व बन गया।
- भूदृश्य: इसमें पिन घाटी राष्ट्रीय उद्यान, किब्बर वन्यजीव अभयारण्य, चंद्रताल आर्द्रभूमि, पवन-प्रवाहित पठार, हिमनद घाटियाँ, अल्पाइन झीलें और उच्च ऊँचाई वाले रेगिस्तान सम्मिलित हैं, जो इसे WNBR में सबसे ठंडे और शुष्क पारिस्थितिकी तंत्रों में से एक बनाते हैं।
- पुष्प विविधता: इसमें 14 स्थानिक, 68 देशी और 62 संकटग्रस्त पौधों की प्रजातियाँ शामिल हैं, जिनमें सैलिक्स प्रजाति, बेतुला यूटिलिस आदि जैसे प्रमुख औषधीय पौधे शामिल हैं।
- यह कठोर अल्पाइन घास, औषधीय जड़ी-बूटियों तथा विलो-लीव्ड सी-बक्थॉर्न, हिमालयन बर्च और फारसी जुनिपर के दुर्लभ पौधों को आश्रय प्रदान करता है।
- जीव विविधता: यह दुर्लभ और लुप्तप्राय प्रजातियों का आवास है, जिनमें हिम तेंदुआ, हिमालयी भेड़िया, तिब्बती मृग, हिमालयी भूरा भालू, हिमालयी ग्रिफॉन, हिमालयी आइबेक्स, बियर्डेड गिद्ध, रेड फॉक्स और तिब्बती हिरन शामिल हैं।
बायोस्फीयर रिज़र्व का विश्व नेटवर्क क्या है?
- परिचय: विश्व जैवमंडल रिज़र्व नेटवर्क (WNBR) में उत्कृष्टता स्थलों का एक गतिशील और इंटरैक्टिव नेटवर्क शामिल है।
- उद्देश्य: यह उत्तर-दक्षिण, दक्षिण-दक्षिण और दक्षिण-उत्तर-दक्षिण सहयोग को बढ़ावा देता है और अनुभवों तथा जानकारी, क्षमता के आदान-प्रदान के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिये एक अद्वितीय उपकरण का प्रतिनिधित्व करता है।
- यूनेस्को संबद्धता: WNBR संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के मानव और जैवमंडल कार्यक्रम के अंतर्गत कार्य करता है।
- वैश्विक कवरेज: WNBR में अब 142 देशों के 785 स्थल शामिल हैं तथा वर्ष 2018 से अब तक एक मिलियन वर्ग किमी. अतिरिक्त प्राकृतिक क्षेत्र को संरक्षण में लाया गया है - जो बोलीविया के आकार के बराबर है।
बायोस्फीयर रिज़र्व
- परिचय: बायोस्फीयर रिज़र्व (BR) UNESCO द्वारा महत्त्वपूर्ण प्राकृतिक और सांस्कृतिक परिदृश्यों के लिये एक अंतर्राष्ट्रीय पदनाम है, जो व्यापक स्थलीय, तटीय या समुद्री पारिस्थितिक तंत्रों या इनके संयोजन को शामिल करता है।
- ये एक स्व-स्थाने संरक्षण पद्धति है, जो आर्थिक और सामाजिक विकास को सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक संरक्षण के साथ संतुलित करती है और सामंजस्यपूर्ण मानव-पर्यावरण सह-अस्तित्व का उदाहरण प्रस्तुत करती है।
- कार्य: बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्र तीन मुख्य कार्य करते हैं:
- संरक्षण: जैव विविधता और सांस्कृतिक विविधता की रक्षा करना।
- आर्थिक विकास: सामाजिक-सांस्कृतिक और पर्यावरणीय रूप से सतत् विकास को बढ़ावा देना।
- संचालन सहायता: अनुसंधान, निगरानी, शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से विकास को सुगम बनाना।
- BR की संरचना: बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्र तीन ज़ोन के माध्यम से अपने कार्य संपन्न करते हैं:
- कोर ज़ोन: भूदृश्यों, पारिस्थितिकी तंत्र, प्रजातियों और आनुवंशिकी के संरक्षण के लिये सख्ती से संरक्षित (उदाहरण के लिये, राष्ट्रीय उद्यान या वन्यजीव अभयारण्य)
- बफर ज़ोन: अनुसंधान, निगरानी, प्रशिक्षण और शिक्षा को समर्थन देने वाली पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों के लिये कोर क्षेत्र के चारों ओर का क्षेत्र है।
- संक्रमण क्षेत्र: जहाँ समुदाय सामाजिक-सांस्कृतिक और पारिस्थितिक रूप से स्थाई आर्थिक एवं मानवीय गतिविधियों में संलग्न होते हैं।
- BR के नामकरण के मानदंड: किसी स्थल में एक संरक्षित, न्यूनतम रूप से विक्षुब्ध, संरक्षण मूल्य का मुख्य क्षेत्र होना चाहिये, जो सभी पोषी स्तरों पर व्यवहार्य आबादी को बनाए रखने के लिये पर्याप्त बड़ा हो और एक जैव-भौगोलिक इकाई का प्रतिनिधित्व करता हो।
- इसमें स्थानीय समुदायों को शामिल किया जाना चाहिये, जैव विविधता संरक्षण में उनके ज्ञान को शामिल किया जाना चाहिये और सामंजस्यपूर्ण पर्यावरणीय उपयोग के लिये पारंपरिक जनजातीय या ग्रामीण जीवन शैली के संरक्षण का समर्थन किया जाना चाहिये।
भारत में बायोस्फीयर रिज़र्व
- अवलोकन: भारत ने UNESCO के जैवमंडल आरक्षित क्षेत्र कार्यक्रम (MAB) के मार्गदर्शन में वर्ष 1986 में जैवमंडल आरक्षित क्षेत्र योजना शुरू की थी क्योंकि भारत, MAB द्वारा प्रवर्तित भूदृश्य दृष्टिकोण का एक हस्ताक्षरकर्त्ता है।
- वित्तीय सहायता: इस योजना के अंतर्गत, पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों तथा तीन हिमालयी राज्यों को 90:10 के अनुपात में और अन्य राज्यों को 60:40 के अनुपात में बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्रों के रखरखाव, सुधार एवं विकास के लिये निधि प्रदान की जाती है।
- राज्य सरकार प्रत्येक आरक्षित क्षेत्र के लिये प्रबंधन कार्य योजना तैयार करती है, जिसे केंद्रीय जैवमंडल आरक्षित क्षेत्र समिति द्वारा अनुमोदित और निगरानी की जाती है।
- भारत में BR: भारत में 18 बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्र हैं, जिनमें से अब 13 UNESCO की WNBR में सूचीबद्ध हैं।
निष्कर्ष
कोल्ड डेज़र्ट बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्र उच्च-ऊँचाई वाले पारिस्थितिकी तंत्र संरक्षण और सतत् मानव-पर्यावरण सह-अस्तित्व का उदाहरण है। UNESCO के विश्व बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्र नेटवर्क में इसका समावेश, जैव विविधता संरक्षण, सांस्कृतिक संरक्षण और सतत् विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को MAB कार्यक्रम फ्रेमवर्क के अंतर्गत एकीकृत प्रबंधन, अनुसंधान एवं सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से और पुष्ट करता है।
दृष्टि मेन्स प्रश्न: प्रश्न. UNESCO के मानव और जैवमंडल (MAB) कार्यक्रम द्वारा परिभाषित बायोस्फीयर रिज़र्व आरक्षित क्षेत्र की अवधारणा की व्याख्या कीजिये। इसकी त्रि-क्षेत्रीय संरचना संरक्षण और विकास के बीच संघर्ष को कैसे संतुलित करती है? |
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQs)
प्रिलिम्स
प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2013)
- नोकरेक बायोस्फीयर रिज़र्व: गारो पहाड़ियाँ
- लोगटक (लोकटक) झील: बरैल रेंज
- नामदाफा राष्ट्रीय उद्यान: डफला पहाड़ियाँ
उपर्युक्त युग्मों में से कौन-सा/से सही सुमेलित है/हैं?
(a) केवल 1
(b) केवल 2 और 3
(c) 1, 2 और 3
(d) कोई भी नहीं
उत्तर: (a)
प्रश्न. जैवविविधता के साथ-साथ मनुष्य के परंपरागत जीवन के संरक्षण के लिये सबसे महत्त्वपूर्ण रणनीति निम्नलिखित में से किस एक की स्थापना करने में निहित है? (2014)
(a) जीवमंडल निचय (रिज़र्व)
(b) वानस्पतिक उद्यान
(c) राष्ट्रीय उपवन
(d) वन्यजीव अभयारण्य
उत्तर: (a)