इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 24 Mar, 2023
  • 17 min read
प्रारंभिक परीक्षा

भारत के पारंपरिक नववर्ष त्योहार

हाल ही में भारत में चैत्र शुक्लादि, उगादि, गुड़ी पड़वा, चेटीचंड, नवरेह और साजिबू चेराओबा मनाया गया। वसंत ऋतु के ये त्योहार भारत में पारंपरिक नववर्ष की शुरुआत के प्रतीक हैं।

भारत के पारंपरिक नववर्ष त्योहार:

  • चैत्र शुक्लादि :
    • यह विक्रम संवत के नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है जिसे वैदिक (हिंदू) कैलेंडर के रूप में भी जाना जाता है।
    • विक्रम संवत उस दिन पर आधारित है जब सम्राट विक्रमादित्य ने शकों को हराया, उज्जैन पर आक्रमण किया और एक नए युग का आह्वान किया।
    • यह चैत्र (हिंदू कैलेंडर का पहला महीना) में वर्द्धमान अर्धचंद्र चरण (जिसमें चंद्रमा का दृश्य पक्ष प्रत्येक रात बढ़ रहा होता है) का पहला दिन होता है।
  • गुड़ी पड़वा और उगादी:
    • ये त्योहार कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सहित दक्कन क्षेत्र के लोगों द्वारा मनाए जाते हैं।
    • इसमें गुड़ (मीठा) और नीम (कड़वा) परोसा जाता है, जिसे दक्षिण में बेवु-बेला कहा जाता है, यह जीवन में आने वाले सुख और दुख का प्रतीक होता है।
    • गुड़ी महाराष्ट्र में घरों में तैयार की जाने वाली एक गुड़िया है।
      • उगादी पर घरों में दरवाज़ों को आम के पत्तों से सजाया जाता है जिन्हें कन्नड़ में तोरणालु या तोरण कहा जाता है।
  • चेटीचंड:
    • चेटीचंड सिंधी समुदाय का नववर्ष का त्योहार है।
    • यह त्योहार सिंधी समुदाय के संरक्षक संत झूलेलाल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
  • वैशाखी:
    • इसे हिंदुओं और सिखों द्वारा मनाई जाने वाली बैसाखी के रूप में भी जाना जाता है।
    • यह वर्ष 1699 में गुरु गोबिंद सिंह के अधीन योद्धाओं के खालसा पंथ के गठन की स्मृति में मनाया जाता है।
    • बैसाखी उस दिन को भी चिह्नित करती है जब औपनिवेशिक ब्रिटिश साम्राज्य के अधिकारियों ने एक सभा के दौरान जलियाँवाला बाग हत्याकांड को अंज़ाम दिया था, जो औपनिवेशिक शासन के खिलाफ भारतीय आंदोलन हेतु प्रभावशाली घटना थी।
  • नवरेह:
    • नवरेह कश्मीरी नववर्ष का दिन है।
    • इस दिन को विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन, घरों को फूलों से सजाने, पारंपरिक व्यंजन तैयार करने और देवताओं की प्रार्थना करने के रूप में चिह्नित किया जाता है।
  • साजिबू चेराओबा:
    • यह मणिपुर के सबसे महत्त्वपूर्ण त्योहारों में से एक माना जाता है।
    • यह विशेष रूप से राज्य के मेइती लोगों द्वारा बहुत धूमधाम और खुशी के साथ मनाया जाता है।
  • विशु:
    • यह एक हिंदू त्योहार है जो भारतीय राज्य केरल, कर्नाटक में तुलु नाडु क्षेत्र, पुद्दुचेरी केंद्रशासित प्रदेश के माहे ज़िले, तमिलनाडु के पड़ोसी क्षेत्रों और उनके प्रवासी समुदायों द्वारा मनाया जाता है।
    • यह त्योहार मेदाम के पहले दिन (यह ग्रेगोरियन कैलेंडर में अप्रैल के मध्य में आता है) मनाया जाता है, जो केरल में सौर कैलेंडर में 9वाँ महीना है।
  • पुथंडु:
    • इसे पुथुवरुदम या तमिल नववर्ष के रूप में भी जाना जाता है, यह तमिल कैलेंडर में वर्ष का पहला दिन है और पारंपरिक रूप से एक त्योहार के रूप में मनाया जाता है।
    • त्योहार की तारीख चंद्र हिंदू कैलेंडर के सौर चक्र के साथ निर्धारित की गई है, तमिल महीने चिथिराई के पहले दिन के रूप में।
    • इसलिये यह ग्रेगोरियन कैलेंडर पर प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को या उसके आसपास होता है।
  • बोहाग बिहू:
    • बोहाग बिहू या रोंगाली बिहू जिसे जात (Xaat) बिहू (सात बिहू) भी कहा जाता है, एक पारंपरिक आदिवासी जातीय त्योहार है जो असम के स्वदेशी जातीय समूहों द्वारा असम और पूर्वोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में मनाया जाता है।
    • यह असमिया नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है।
    • यह आमतौर पर अप्रैल के दूसरे सप्ताह में मनाया जाता है एवं ऐतिहासिक रूप से फसल कटाई के समय को दर्शाता है।

प्रश्न. शक संवत पर आधारित राष्ट्रीय पंचांग (कैलेंडर) का 1 चैत्र, ग्रेगोरियन कैलेंडर पर आधारित 365 दिन के सामान्य वर्ष की निम्नलिखित तिथियों में से किस एक के तदनुरूप है? (2014)

(a) 22 मार्च (अथवा 21 मार्च)
(b) 15 मई (अथवा 16 मई)
(c) 31 मार्च (अथवा 30 मार्च)
(d) 21 अप्रैल (अथवा 20 अप्रैल)

उत्तर: (a)

स्रोत: पी.आई.बी.


प्रारंभिक परीक्षा

सिटी फाइनेंस रैंकिंग 2022

देश में शहरी स्थानीय निकायों (Urban Local Bodies- ULB) का उनके वित्तीय स्थिति के आधार पर मूल्यांकन करने के लिये हाल ही में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने 'सिटी फाइनेंस रैंकिंग 2022' लॉन्च की है।

सिटी फाइनेंस रैंकिंग 2022:

  • परिचय:
    • सभी प्रतिभागी शहरों अथवा ULB का मूल्यांकन तीन प्रमुख नगरपालिका वित्त मूल्यांकन मापदंडों में 15 संकेतकों के आधार पर किया जाएगा, वे इस प्रकार हैं:
      • संसाधन संग्रहण
      • व्यय प्रदर्शन
      • राजकोषीय शासन
    • शहरों को निम्नलिखित चार जनसंख्या श्रेणियों में से किसी एक के तहत उनके स्कोर के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर रैंक प्रदान की जाएगी:
      • 4 मिलियन से ऊपर
      • 1-4 मिलियन के बीच
      • 100,000 से 1 मिलियन
      • 100,000 से कम
    • प्रत्येक जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 3 शहरों को राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ प्रत्येक राज्य/राज्य क्लस्टर में पहचाना और पुरस्कृत किया जाएगा।
  • महत्त्व:
    • यह शहरों के वित्तीय प्रदर्शन में उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद करेगा जहाँ वे आगे सुधार कर सकते हैं।
    • यह नगर निगम में वित्तीय सुधारों को लागू करने के लिये शहर/राज्य के अधिकारियों और निर्णय निर्माताओं को प्रेरित करेगी।
    • यह उन्हें गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढाँचा और सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम बनाएगा ताकि नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाया जा सके।
    • रैंकिंग नगर पालिकाओं द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों को उजागर करेगी और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर शहरी स्थानीय निकायों के वित्त की स्थिति के बारे में प्रमुख नीति निर्माताओं को आवश्यक अंतर्दृष्टि प्रदान करेगी।

स्रोत: द हिंदू


प्रारंभिक परीक्षा

विषय आधारित QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग- 2023

हाल ही में विषय आधारित QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग- 2023 जारी की गई।

रिपोर्ट के मुख्य बिंदु:

  • परिचय: रैंकिंग 54 शैक्षणिक विषयों को कवर करती है, भारतीय विश्वविद्यालयों ने कंप्यूटर विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन और भौतिकी के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है।
  • वैश्विक रैंकिंग:
    • अमेरिका का मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) पहले स्थान पर है, इसके बाद क्रमशः यूके का कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय तथा अमेरिका का स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय का स्थान है।
  • भारत का प्रदर्शन:
    • सुधार:
      • इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस (IoE) के नेतृत्त्व में भारत ने QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में अपनी स्थिति में सुधार किया है, जिसमें उनकी संबंधित विषय श्रेणियों में 44 पाठ्यक्रम शामिल हैं, जो देश के उच्च शैक्षणिक संस्थानों में पेश किये गए हैं और वैश्विक शीर्ष 100 में शामिल हैं।
    • शीर्ष प्रदर्शन करने वाले संस्थान:
      • सवेथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंस (दंत चिकित्सा कार्यक्रम में)- विश्व स्तर पर 13वीं रैंक प्राप्त करने वाले भारतीय संस्थानों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन।
      • IIT-कानपुर (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, 87वें स्थान पर) पहली बार शीर्ष 100 श्रेणियों में शामिल।
        • IIT-मद्रास (पेट्रोलियम इंजीनियरिंग में 21वें स्थान पर)।
        • IIT-बॉम्बे (गणित में 92वें स्थान पर)।
        • IIT-दिल्ली (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 49वें स्थान पर)।
      • जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (समाजशास्त्र में 68वें स्थान पर)।
    • तुलना:
      • चीन में 21.9% सुधार के बाद भारत एशिया में दूसरा सबसे बेहतर देश है, जिसके समग्र प्रदर्शन में वर्ष दर वर्ष 17.2% सुधार हुआ है।

qs-world-university-rankings

विषय आधारित QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग:

  • QS दुनिया का वैश्विक उच्च शिक्षा क्षेत्र हेतु सेवाओं, विश्लेषण और अंतर्दृष्टि का अग्रणी प्रदाता है।
  • विषय के आधार पर QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग प्रतिवर्ष संकलित की जाती है ताकि संभावित छात्रों को किसी विशेष विषय में अग्रणी विश्वविद्यालयों की पहचान करने में मदद मिल सके।
  • इस वर्ष की रैंकिंग में तीन नए विषय शामिल हैं: डेटा साइंस, कला का इतिहास और मार्केटिंग

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 मार्च, 2023

सारस क्रेन

हाल ही में उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी सारस क्रेन को बचाकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया है। पक्षी को अभयारण्य में ले जाने के एक दिन बाद यह दावा किया गया कि यह पक्षी लापता है। सारस क्रेन का वैज्ञानिक नाम ग्रस एंटीगोन है। यह दुनिया का सबसे बड़ा उड़ने वाला पक्षी है, जिसकी लंबाई 152-156 सेंटीमीटर और पंखों का फैलाव 240 सेंटीमीटर है। सारस क्रेन मुख्य रूप से लाल सिर और इसकी ऊपरी गर्दन भूरे रंग की होती है, साथ ही हल्के लाल पैर होते हैं। यह जीवन भर के लिये एक साथी के साथ रहने हेतु जाना जाता है और इसका प्रजनन काल मानसून के मौसम में भारी बारिश के दौरान होता है। सारस क्रेन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची IV में सूचीबद्ध है एवं IUCN रेड लिस्ट में सुभेद्य है, यह मुख्य रूप से भारत, दक्षिण पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया में पाया जाता है।

crane

और पढ़ें… सारस क्रेन

राम मनोहर लोहिया

प्रधानमंत्री ने डॉ. राम मनोहर लोहिया (23 मार्च, 1910 - 12 अक्तूबर, 1967) को उनके जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राम मनोहर लोहिया समाजवादी राजनीति और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रमुख व्यक्ति थे। वे ब्रिटिश शासन के खिलाफ महात्मा गांधी के अहिंसक संघर्ष के प्रतिबद्ध समर्थक थे और उन्होंने वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया था। लोहिया के प्रारंभिक राजनीतिक जीवन की शुरुआत काॅन्ग्रेस पार्टी के साथ हुई, जहाँ उन्होंने काॅन्ग्रेस पार्टी के सर्वोच्च निकाय- अखिल भारतीय काॅन्ग्रेस कमेटी (A.I.C.C.) के विदेश विभाग के सचिव के पद पर कार्य किया। वर्ष 1963 में लोहिया फर्रुखाबाद (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) में उपचुनाव के बाद लोकसभा के सदस्य बने। वे कन्नौज (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से वर्ष 1967 के लोकसभा चुनाव में भी विजयी हुए लेकिन कुछ महीने बाद उनका देहांत हो गया।

ram-manihar

और पढ़ें… राम मनोहर लोहिया

आरक्षण में लिंगायतों, वोक्कालिगा की हिस्सेदारी

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने राज्य में प्रभावशाली लिंगायत और वोक्कालिगा जातियों के लिये अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के नए उपसमूह बनाने के राज्य सरकार के आदेश पर लगाई गई रोक हटा दी। मुख्य न्यायाधीश पी.बी. वराले की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने रोक हटाने की अनुमति दी। वर्तमान में लिंगायत और वोक्कालिगा जातियों का आरक्षण क्रमशः 5% आरक्षण के साथ श्रेणी III (B) में और 4% आरक्षण के साथ श्रेणी III (A) में है। पंचमसाली, जो लिंगायतों के भीतर सबसे बड़ा उप-संप्रदाय है, सरकारी नौकरियों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 15% कोटा का लाभ उठाने के लिये ओबीसी 2A श्रेणी के तहत उन्हें शामिल करने की मांग कर रहा है। प्रस्तावित सिफारिशों के अनुसार, प्रमुख वोक्कालिगा और लिंगायतों की पहचान नई ओबीसी श्रेणियों (2C एवं 2D) के तहत की जाएगी तथा उन्हें केंद्र द्वारा बनाए गए 10% आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (EWS) कोटा का 6% आवंटित किया जाएगा।
और पढ़ें…आरक्षण में लिंगायतों, वोक्कालिगा की हिस्सेदारी

अभ्यास कोंकण 2023

वार्षिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास कोंकण 2023 भारतीय नौसेना और ब्रिटेन की रॉयल नेवी के बीच आयोजित एक संयुक्त समुद्री अभ्यास था। वार्षिक सैन्य अभ्यास अरब सागर में कोंकण तट पर 20 से 22 मार्च, 2023 तक आयोजित किया गया था। कोंकण अभ्यास शृंखला वर्ष 2004 में शुरू हुई। अभ्यास ने तैयारी-तत्परता का प्रदर्शन किया, अंतर-संचालनीयता में वृद्धि और संयुक्त ऑपरेशन आयोजित किये गए। इसमें भाग लेने वाले जहाज़ों में INS त्रिशूल (भारतीय नौसेना), HMS लैंकेस्टर (रॉयल नेवी) और टाइप 23 गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट शामिल थे। इस अभ्यास में समुद्री अभियानों, वायु, सतह और उप-सतह के सभी डोमेन शामिल थे तथा इसमें सतह से उड़ान भरने योग्य लक्ष्य 'किलर टोमैटो', हेलीकॉप्टर संचालन, वायु-रोधी तथा पनडुब्बी-रोधी युद्ध अभ्यास, विज़िट बोर्ड सर्च एंड सीज़र (VBSS), जहाज़ युद्धाभ्यास व कर्मियों का आदान-प्रदान शामिल था। भारत और यूके के बीच अन्य सैन्य अभ्यासों में शामिल हैं- कोंकण शक्ति 2021 (पहली बार तीनों सेनाओं का संयुक्त अभ्यास), इंद्रधनुष अभ्यास (संयुक्त वायु सेना अभ्यास), अभ्यास अजय वाॅरियर (भारत और ब्रिटेन के सैनिकों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास)
और पढ़ें….. भारत-यूके संबंध


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow