इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 24 मार्च, 2023

  • 24 Mar 2023
  • 6 min read

सारस क्रेन

हाल ही में उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी सारस क्रेन को बचाकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया है। पक्षी को अभयारण्य में ले जाने के एक दिन बाद यह दावा किया गया कि यह पक्षी लापता है। सारस क्रेन का वैज्ञानिक नाम ग्रस एंटीगोन है। यह दुनिया का सबसे बड़ा उड़ने वाला पक्षी है, जिसकी लंबाई 152-156 सेंटीमीटर और पंखों का फैलाव 240 सेंटीमीटर है। सारस क्रेन मुख्य रूप से लाल सिर और इसकी ऊपरी गर्दन भूरे रंग की होती है, साथ ही हल्के लाल पैर होते हैं। यह जीवन भर के लिये एक साथी के साथ रहने हेतु जाना जाता है और इसका प्रजनन काल मानसून के मौसम में भारी बारिश के दौरान होता है। सारस क्रेन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची IV में सूचीबद्ध है एवं IUCN रेड लिस्ट में सुभेद्य है, यह मुख्य रूप से भारत, दक्षिण पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया में पाया जाता है।

crane

और पढ़ें… सारस क्रेन

राम मनोहर लोहिया

प्रधानमंत्री ने डॉ. राम मनोहर लोहिया (23 मार्च, 1910 - 12 अक्तूबर, 1967) को उनके जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राम मनोहर लोहिया समाजवादी राजनीति और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रमुख व्यक्ति थे। वे ब्रिटिश शासन के खिलाफ महात्मा गांधी के अहिंसक संघर्ष के प्रतिबद्ध समर्थक थे और उन्होंने वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया था। लोहिया के प्रारंभिक राजनीतिक जीवन की शुरुआत काॅन्ग्रेस पार्टी के साथ हुई, जहाँ उन्होंने काॅन्ग्रेस पार्टी के सर्वोच्च निकाय- अखिल भारतीय काॅन्ग्रेस कमेटी (A.I.C.C.) के विदेश विभाग के सचिव के पद पर कार्य किया। वर्ष 1963 में लोहिया फर्रुखाबाद (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) में उपचुनाव के बाद लोकसभा के सदस्य बने। वे कन्नौज (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से वर्ष 1967 के लोकसभा चुनाव में भी विजयी हुए लेकिन कुछ महीने बाद उनका देहांत हो गया।

ram-manihar

और पढ़ें… राम मनोहर लोहिया

आरक्षण में लिंगायतों, वोक्कालिगा की हिस्सेदारी

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने राज्य में प्रभावशाली लिंगायत और वोक्कालिगा जातियों के लिये अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के नए उपसमूह बनाने के राज्य सरकार के आदेश पर लगाई गई रोक हटा दी। मुख्य न्यायाधीश पी.बी. वराले की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने रोक हटाने की अनुमति दी। वर्तमान में लिंगायत और वोक्कालिगा जातियों का आरक्षण क्रमशः 5% आरक्षण के साथ श्रेणी III (B) में और 4% आरक्षण के साथ श्रेणी III (A) में है। पंचमसाली, जो लिंगायतों के भीतर सबसे बड़ा उप-संप्रदाय है, सरकारी नौकरियों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 15% कोटा का लाभ उठाने के लिये ओबीसी 2A श्रेणी के तहत उन्हें शामिल करने की मांग कर रहा है। प्रस्तावित सिफारिशों के अनुसार, प्रमुख वोक्कालिगा और लिंगायतों की पहचान नई ओबीसी श्रेणियों (2C एवं 2D) के तहत की जाएगी तथा उन्हें केंद्र द्वारा बनाए गए 10% आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (EWS) कोटा का 6% आवंटित किया जाएगा।
और पढ़ें…आरक्षण में लिंगायतों, वोक्कालिगा की हिस्सेदारी

अभ्यास कोंकण 2023

वार्षिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास कोंकण 2023 भारतीय नौसेना और ब्रिटेन की रॉयल नेवी के बीच आयोजित एक संयुक्त समुद्री अभ्यास था। वार्षिक सैन्य अभ्यास अरब सागर में कोंकण तट पर 20 से 22 मार्च, 2023 तक आयोजित किया गया था। कोंकण अभ्यास शृंखला वर्ष 2004 में शुरू हुई। अभ्यास ने तैयारी-तत्परता का प्रदर्शन किया, अंतर-संचालनीयता में वृद्धि और संयुक्त ऑपरेशन आयोजित किये गए। इसमें भाग लेने वाले जहाज़ों में INS त्रिशूल (भारतीय नौसेना), HMS लैंकेस्टर (रॉयल नेवी) और टाइप 23 गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट शामिल थे। इस अभ्यास में समुद्री अभियानों, वायु, सतह और उप-सतह के सभी डोमेन शामिल थे तथा इसमें सतह से उड़ान भरने योग्य लक्ष्य 'किलर टोमैटो', हेलीकॉप्टर संचालन, वायु-रोधी तथा पनडुब्बी-रोधी युद्ध अभ्यास, विज़िट बोर्ड सर्च एंड सीज़र (VBSS), जहाज़ युद्धाभ्यास व कर्मियों का आदान-प्रदान शामिल था। भारत और यूके के बीच अन्य सैन्य अभ्यासों में शामिल हैं- कोंकण शक्ति 2021 (पहली बार तीनों सेनाओं का संयुक्त अभ्यास), इंद्रधनुष अभ्यास (संयुक्त वायु सेना अभ्यास), अभ्यास अजय वाॅरियर (भारत और ब्रिटेन के सैनिकों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास)
और पढ़ें….. भारत-यूके संबंध

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2