इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 21 Nov, 2023
  • 13 min read
प्रारंभिक परीक्षा

कक्षा 1 में प्रवेश हेतु उपयुक्त आयु

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

कक्षा 1 में प्रवेश लेने की उपयुक्त आयु का मुद्दा भारत में लंबे समय से बहस का विषय रहा है।

  • मार्च 2022 तक 14 राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेश ऐसे थे, जो छह वर्ष से कम आयु के बच्चों को कक्षा 1 में प्रवेश की अनुमति देते थे।
  • हालाँकि केंद्र सरकार ने हाल ही में नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत सभी राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों में कक्षा 1 के लिये प्रवेश की न्यूनतम आयु छह वर्ष करने का आदेश दिया है।

NEP 2020 में कक्षा 1 में प्रवेश हेतु न्यूनतम आयु क्या है? 

  • नई नई शिक्षा नीति 3-8 वर्ष (मूलभूत चरण), 8-11 वर्ष (प्रारंभिक चरण), 11-14 वर्ष (मध्यम चरण) और 14-18 वर्ष (माध्यमिक चरण) के आयु समूहों के अनुरूप औपचारिक स्कूली शिक्षा के लिये "5+3+3+4" की रूपरेखा पर ज़ोर देती है। 
    • यह प्रारंभिक बचपन की शिक्षा (जिसे 3 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों के लिये प्रीस्कूल शिक्षा के रूप में भी जाना जाता है) को औपचारिक स्कूली शिक्षा के दायरे में लाती है।
  • इसका अर्थ यह है कि तीन वर्ष की प्रारंभिक बचपन की शिक्षा पूरी करने के बाद कक्षा 1 में प्रवेश के लिये बच्चे की उम्र 6 वर्ष होनी चाहिये।

नोट:

  • शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009, 6-14 वर्ष की आयु तक शिक्षा की गारंटी देता है।
    • इसका अर्थ यह है कि एक बच्चे से 6 वर्ष की उम्र में प्रारंभिक शिक्षा (कक्षा 1) शुरू करने की उम्मीद की जाती है।

औपचारिक शिक्षा के लिये प्रवेश आयु के विषय में शोध क्या कहता है?

  • तुलनात्मक अध्ययन में देखा गया कि न्यूज़ीलैंड में बच्चों के समूह 5 और 7 वर्ष की उम्र में औपचारिक साक्षरता पाठ शुरू करते हैं।
    • जिन बच्चों ने 5 वर्ष की उम्र में शुरुआत की, उन्होंने पढ़ने के प्रति कम सकारात्मक दृष्टिकोण दिखाया और बाद में शुरू करने वालों की तुलना में पाठ की कमज़ोर समझ प्रदर्शित की।
  • प्रवेश आयु को लेकर वैश्विक परिप्रेक्ष्य:
    • पूर्वी एशिया और अधिकांश यूरोपीय देशों में प्राथमिक विद्यालय के लिये छह वर्ष मानक आयु है।
      • स्कैंडिनेवियाई देशों में औपचारिक शिक्षा सात वर्ष की आयु में शुरू होती है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. संविधान के निम्नलिखित में से किस प्रावधान का भारत की शिक्षा पर प्रभाव पड़ता है? (2012)

  1. राज्य के नीति निदेशक सिद्धांत 
  2. ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकाय 
  3. पाँचवीं अनुसूची 
  4. छठी अनुसूची 
  5. सातवीं अनुसूची

निम्नलिखित कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1 और 2 
(b) केवल 3, 4 और  5 
(c) केवल 1, 2 और 5 
(d) 1, 2, 3, 4 और 5

उत्तर- (d)


प्रारंभिक परीक्षा

लद्दाख सी बकथॉर्न और केरल ओनाटुकारा तिल

स्रोत: द हिंदू

हाल ही में भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत संचालित भौगोलिक संकेतक (GI) रजिस्ट्री ने उद्योग और वाणिज्य विभाग, लद्दाख को 'लद्दाख सी बकथॉर्न' के लिये GI टैग प्रदान किया है।

  • यह मान्यता लद्दाख खुबानी (रकत्से कारपो), लद्दाख पश्मीना और लद्दाखी लकड़ी की नक्काशी के लिये पहले दिये गए GI टैग का अनुसरण करती है।
  • एक अन्य क्षेत्र में केरल में GI-टैग ओनाटुकारा तिल के पंजीकृत मालिक ओनाटुकारा विकास एजेंसी (OVA) इस अद्वितीय तिल किस्म की कृषि का विस्तार करने हेतु सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

सी बकथॉर्न के बारे में मुख्य तथ्य क्या हैं?

  • सी बकथॉर्न (हिप्पोफे एल) एक झाड़ी (Shrub) है जो नारंगी-पीले रंग की खाने योग्य बेरी पैदा करती है, यह स्वाद में खट्टी होती है लेकिन इसमें विटामिन, विशेष रूप से विटामिन C भरपूर होता है।
    • लद्दाख सी बकथॉर्न केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख की एक महत्त्वपूर्ण फसल है, जिसका 90% उत्पादन इसी क्षेत्र से होता है।
    • इसे 'वंडर प्लांट', 'लद्दाख गोल्ड', 'गोल्डन बुश' या 'गोल्ड माइन' के नाम से भी जाना जाता है।
  • भारत में यह आमतौर पर हिमालय क्षेत्र में वृक्ष रेखा के ऊपर लद्दाख और स्पीति के ठंडे रेगिस्तान जैसे शुष्क क्षेत्रों में पाया जाता है।
  • यह मृदा को बाँधने वाला पौधा है जो मृदा अपरदन को रोकता है, नदियों में गाद जमा होने से रोकता है और पुष्प जैवविविधता को संरक्षित करने में मदद करता है।

ओनाटुकारा तिल के बारे में मुख्य तथ्य क्या हैं?

  • ओनाटुकारा तिल भारत के केरल में उगाया जाने वाला एक प्रकार का तिल है।
  •  ओनाटुकारा विकास एजेंसी ने तिल की खेती का क्षेत्र 600 हेक्टेयर से बढ़ाकर 2,000 हेक्टेयर करने की योजना बनाई है।
  • ओनाटुकारा तिल तथा इसका तेल अपने अनूठे स्वास्थ्य संबंधी लाभों के लिये प्रसिद्ध हैं।
    • ओनाटुकारा तिल में मौजूद अपेक्षाकृत उच्च एंटीऑक्सीडेंट तत्त्व उन मुक्त कणों से लड़ने में मदद करता है, जो शरीर की कोशिकाओं को नष्ट कर देते हैं।
    • इसके अतिरिक्त असंतृप्त वसा की बहुलता इसे हृदय रोगियों के लिये लाभकारी बनाती है।
  • संबद्ध क्षेत्र के पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सक 18वीं शताब्दी से गठिया (रूमेटिज़्म) (व्यापक शब्द जो गठिया तथा कई अन्य स्थितियों को संदर्भित करता है, जोड़ों, टेंडन एवं मांसपेशियों को प्रभावित करता है) तथा त्वचा की सुरक्षा के उपचार हेतु ओनाटुकारा तिल के तेल का उपयोग करते रहे हैं।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्षों के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित में से किसे 'भौगोलिक संकेतक' का दर्जा प्रदान किया गया है? (2015)

  1. बनारस के जरी वस्त्र एवं साड़ी 
  2. राजस्थान के दाल-बाटी-चूरमा 
  3. तिरुपति के लड्डू

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (c)


प्रश्न. भारत ने वस्तुओं के भौगोलिक संकेतक (पंजीकरण और संरक्षण) अधिनियम, 1999 को किसके दायित्वों का पालन करने के लिये अधिनियमित किया? (2018)

(a) अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन
(b) अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष
(c) व्यापार एवं विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन
(d) विश्व व्यापार संगठन

उत्तर: (d)


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 21 नवंबर, 2023

अर्जेंटीना के राष्ट्रपति पद के चुनाव में जेवियर माइली विजयी

भारत के प्रधानमंत्री ने अर्जेंटीना में राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीत दर्ज करने वाले जेवियर माइली को बधाई दी तथा भारत-अर्जेंटीना की रणनीतिक साझेदारी को वैविध्यपूर्ण बनाने एवं उसका विस्तार करने पर ज़ोर दिया।

  • फरवरी 2019 में भारत-अर्जेंटीना संबंधों का रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक विस्तार किया गया।
  • भारत, अर्जेंटीना का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, जिसका द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2022 में अविश्वसनीय रूप से 6.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा, जिसमें वर्ष 2021 की तुलना में 12% की वृद्धि दर दर्ज की गई।

संथाली भाषा और साहित्य

हाल ही में भारत की राष्ट्रपति ने ओडिशा के बारीपदा में अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ के 36वें वार्षिक सम्मेलन और साहित्यिक महोत्सव के उद्घाटन समारोह की शोभा बढ़ाई।

  • राष्ट्रपति ने संथाली भाषा और साहित्य में योगदान देने वाले लेखकों एवं शोधकर्त्ताओं की सराहना की।
  • संथाली ऑस्ट्रो-एशियाई भाषा-परिवार की मुंडा शाखा की एक भाषा है जो मुख्य रूप से पूर्व-मध्य भारतीय राज्यों पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बोली जाती है।
  • संथाली भाषा को वर्ष 2003 में संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था।
    • पंडित रघुनाथ मुर्मू ने संथाली साहित्य में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया, जिसका पारंपरिक स्वरूप मौखिक था और इसमें ओल चिकी लिपि (Ol Chiki Script) भी शामिल थी, जिसे कभी-कभी ओल चेमेट (Ol Chemet) के रूप में भी जाना जाता था।

और पढ़ें…भारत के संविधान का ओल चिकी लिपि में अनुवाद

विश्व मत्स्यपालन दिवस

विश्व मत्स्यपालन दिवस प्रतिवर्ष 21 नवंबर को विश्व भर में मनाया जाता है।

  • इस दिवस का मुख्य उद्देश्य विश्व भर में टिकाऊ मत्स्यपालन भंडार सुनिश्चित करना, छोटे पैमाने पर मछली पकड़ने वाले समुदायों के अधिकारों को मज़बूत करना, मछली पकड़ने वाले समुदायों की वास्तविक कामकाजी परिस्थितियों में अंतर लाना और अवैध, असूचित तथा अनियमित मत्स्यन प्रथाओं को खत्म करना है।
  • भारत सरकार विश्व मत्स्यपालन दिवस के अवसर पर अहमदाबाद के गुजरात साइंस सिटी में 'मत्स्यपालन और जलीय कृषि संपदा का जश्न ' विषय के साथ वैश्विक मत्स्यपालन सम्मेलन 2023 का आयोजन कर रही है।

और पढ़ें… विश्व मत्स्यपालन दिवस

चक्रवात मिधिली 

हाल ही में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस बात की पुष्टि की है कि चक्रवात मिधिली, जो बंगाल की खाड़ी में एक गहरे अवदाब  से उत्पन्न हुआ था और जिसका नाम मालदीव द्वारा रखा गया था, बांग्लादेश के तट पर टकराने के बाद एक गहरे अवदाब से कम अवदाब में परिवर्तित हो गया।

  • एक चक्रवाती तूफान में निरंतर पवन की अधिकतम गति 62-88 किमी. प्रति घंटा होती है, साथ ही यदि पवन की अधिकतम गति 89-117 किमी. प्रति घंटे तक पहुँच जाती है, तो इसे गंभीर चक्रवाती तूफान कहा जाता है ।

और पढ़ें… चक्रवात


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2