प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 10 जून से शुरू :   संपर्क करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 20 Nov, 2023
  • 23 min read
प्रारंभिक परीक्षा

चिकनगुनिया के लिये Ixchiq वैक्सीन

स्रोत: द हिंदू

हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने चिकनगुनिया के लिये विश्व के पहले टीके को मंज़ूरी दी।

  • यूरोपीय वैक्सीन निर्माता वलनेवा ने Ixchiq नामक एक सफल वैक्सीन बनाई है जो चिकनगुनिया वायरस (CHIKV) से बचाव में एक बड़ी प्रगति का प्रतिनिधित्व करती है।

Ixchiq वैक्सीन की मुख्य विशेषताएँ क्या हैं?

  • इसे मांसपेशियों में इंजेक्शन के माध्यम से एकल खुराक के रूप में दिया जाता है। इसमें चिकनगुनिया वायरस का एक जीवित, कमज़ोर संस्करण होता है, जो संभावित रूप से टीका प्राप्तकर्त्ताओं में बीमारी के समान लक्षण उत्पन्न करता है।
  • जिन व्यक्तियों को वायरस से संक्रमित होने का अधिक खतरा है और जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है, वे टीका प्राप्त कर सकते हैं।

चिकनगुनिया क्या है?

  • परिचय: चिकनगुनिया एक मच्छर जनित वायरल बीमारी है जिसकी पहचान पहली बार वर्ष 1952 में दक्षिणी तंज़ानिया में इसके संक्रमण के दौरान की गई थी।
  • लक्षण: चिकनगुनिया में बुखार और गंभीर जोड़ों का दर्द होता है, जो अक्सर दुर्बल करने वाला तथा भिन्न अवधि का होता है।    
    • डेंगू और जीका के लक्षण चिकनगुनिया के समान होते हैं, जिससे चिकनगुनिया का गलत निदान हो सकता है।

नोट: शब्द "चिकनगुनिया" की उत्पत्ति किमाकोंडे भाषा (तंज़ानिया और मोज़ाम्बिक के एक जातीय समूह माकोंडे लोगों द्वारा बोली जाने वाली) से हुई है, जिसका अनुवाद "विकृत हो जाना" है, जो गंभीर जोड़ों के दर्द का अनुभव करने वाले व्यक्तियों की झुकी हुई मुद्रा को दर्शाता है।

  • संचरण: चिकनगुनिया संक्रमित मादा मच्छरों के काटने से मनुष्यों में फैलता है।
    • आमतौर पर इसमें एडीज़ एजिप्टी और एडीज़ एल्बोपिक्टस मच्छर शामिल हैं।
    • ये दोनों प्रजातियाँ डेंगू सहित अन्य मच्छर जनित वायरस भी प्रसारित कर सकती हैं। 
      • वे दिन के उजाले में काटते हैं, हालाँकि सुबह और दोपहर में इस गतिविधि की चरम सीमा हो सकती है।
  • व्यापकता: WHO के अनुसार, यह अफ्रीका, एशिया और अमेरिका में प्रचलित है; लेकिन अन्य क्षेत्रों में इसके छिटपुट प्रकोप की सूचना मिली है।
  • उपचार विकल्प: वर्तमान में चिकनगुनिया का कोई इलाज नहीं है, रोगसूचक राहत ही प्राथमिक उपाय है। उपचार में दर्दनाशक दवाओं, ज्वरनाशक दवाओं, आराम और पर्याप्त तरल पदार्थ का सेवन शामिल है।
  • रोकथाम रणनीतियाँ: रोकथाम रणनीतियाँ मुख्य रूप से मच्छर नियंत्रण गतिविधियों के इर्द-गिर्द घूमती हैं, जिसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य आउटरीच, नागरिक रखरखाव, औषधीय मच्छरदानी का उपयोग एवं मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिये जल जमाव को समाप्त करना शामिल है।
  • भारत सरकार की संबंधित पहल: 

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स: 

प्रश्न. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2017)

1. उष्णकटिबंधीय प्रदेशों में ज़ीका वायरस रोग उसी मच्छर द्वारा संचरित होता है जिससे डेंगू संचरित होता है।

2. ज़ीका वायरस रोग का लैंगिक संचरण संभव है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1 
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2 

उत्तर: (c) 


प्रश्न. ‘वोलबैचिया पद्धति’ का कभी-कभी निम्नलिखित में से किस एक के संदर्भ में उल्लेख होता है? (2023)

(a) मच्छरों से होने वाले विषाणु रोगों के प्रसार को नियंत्रित करना।
(b) शेष शस्य (क्रॉप रेज़िड्यु) से संवेष्टन सामग्री (पैकिंग मटीरियल) बनाना।
(c) जैव निम्नीकरणीय प्लास्टिकों का उत्पादन करना।
(d) जैव मात्र के ऊष्मरासायनिक रूपांतरण से बायोचार का उत्पादन करना। 

उत्तर: (a)


प्रारंभिक परीक्षा

गाज़ा पट्टी पर UNSC का प्रस्ताव

स्रोत: द हिंदू

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (United Nations Security Council- UNSC) ने गाज़ा पट्टी में "विस्तारित मानवीय विराम" के लिये एक प्रस्ताव अपनाया है, यह हाल ही में इज़रायल-हमास संघर्ष शुरू होने के बाद UNSC द्वारा पहली औपचारिक प्रतिक्रिया है।

प्रस्ताव किस विषय में है?

  • माल्टा (यूरोप में देश) द्वारा तैयार किये गए प्रस्ताव को पक्ष में पड़े 12 वोटों के साथ अपनाया गया। जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका (US), यूनाइटेड किंगडम (UK) और रूस ने इस प्रस्ताव पर अपना मत नहीं दिया।
    • अमेरिका और ब्रिटेन इज़रायल में हमास के हैरान करने वाले सीमा पार हमलों की निंदा करने में प्रस्ताव की विफलता के कारण अनुपस्थित रहे तथा रूस ने मानवीय संघर्ष विराम की मांग करने में प्रस्ताव की विफलता के कारण अपना मत नहीं दिया, जिसका इज़रायल एवं अमेरिका विरोध करते हैं।
    • यह निर्णय गाज़ा की स्थिति के संबंध में इन प्रमुख शक्तियों के रुख पर सवाल उठाता है।
  • इस प्रस्ताव में सभी पक्षों से अंतर्राष्ट्रीय मानवीय दायित्वों का पालन करने का आह्वान किया गया है। खासकर बच्चों सहित नागरिकों की सुरक्षा के मामले में।
  • यह संघर्ष से प्रभावित नागरिकों को सहायता के लिये पूरे गाज़ा में तत्काल और विस्तारित मानवीय ठहराव एवं गलियारों की आवश्यकता पर ज़ोर देता है।
  • इसमें "सभी बंधकों की तत्काल और बिना शर्त रिहाई" का आग्रह किया गया है, माना जाता है कि हमास के कब्ज़े में 230 से अधिक लोग हैं।
  • प्रस्ताव में यह सवाल उठाया गया है कि मानवीय विराम के लिये कितने दिन पर्याप्त माने जाएंगे। 
    • पिछले मसौदे में संकल्प अपनाने के 24 घंटों के भीतर लगातार पाँच दिनों के प्रारंभिक विराम का सुझाव दिया गया था।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 5 स्थायी सदस्य होते हैं और शेष 10 सदस्य महासभा द्वारा कितनी अवधि के लिये चुने जाते हैं? (2009)

(a) 1 वर्ष 
(b) 2 वर्ष 
(c) 3 वर्ष 
(d) 5 वर्ष 

उत्तर: (b)


प्रारंभिक परीक्षा

एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन 2023

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

हाल ही में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (Asia-Pacific Economic Cooperation- APEC) देशों का शिखर सम्मेलन 2023 संयुक्त राज्य अमेरिका के सैन फ्राँसिस्को में हुआ।

APEC देशों के शिखर सम्मेलन 2023 की मुख्य विशेषताएँ क्या हैं?

  • APEC 2023 शिखर सम्मेलन का विषय "सभी के लिये एक लचीला और टिकाऊ भविष्य बनाना" है।
  • APEC ने मुक्त, निष्पक्ष और खुले व्यापार और निवेश तथा क्षेत्र में समावेशी एवं सतत् विकास को बढ़ावा देने के लिये अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
  • शिखर सम्मेलन गोल्डन गेट घोषणा (Golden Gate Declaration) को अपनाने के साथ संपन्न हुआ।
  • घोषणा सभी सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के लिये एक लचीला और टिकाऊ भविष्य बनाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
  • APEC नेताओं ने जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा सुरक्षा पर APEC एक्शन एजेंडा का समर्थन किया, जिसमें जलवायु संकट को संबोधित करने तथा ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सहयोग एवं समन्वय बढ़ाने के लिये ठोस कार्यों व लक्ष्यों की एक रूपरेखा तैयार की गई।

एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग क्या है?

  • परिचय:
    • APEC एशिया-प्रशांत की बढ़ती परस्पर निर्भरता का लाभ उठाने के लिये वर्ष 1989 में स्थापित एक क्षेत्रीय आर्थिक मंच है।
    • APEC का लक्ष्य संतुलित, समावेशी, टिकाऊ, नवीन और सुरक्षित विकास को बढ़ावा देकर तथा क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण में तेज़ी लाकर क्षेत्र के लोगों को अधिक समृद्ध बनाना है।
    • APEC प्रक्रिया सिंगापुर स्थित एक स्थायी सचिवालय द्वारा समर्थित है।
  • सदस्य:
    • ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, कनाडा, चिली, चीन, हॉन्गकॉन्ग, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, मैक्सिको, न्यूज़ीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, पेरू, फिलीपींस, रूस, सिंगापुर, चीनी ताइपे, थाईलैंड, वियतनाम और संयुक्त राज्य अमेरिका।
    • भारत को फिलहाल 'पर्यवेक्षक' का दर्जा हासिल है।

  • महत्त्व:
    • वर्ष 2021 में APEC की हिस्सेदारी विश्व सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 62% और विश्व व्यापार में 48% रही है।
      • यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे पुराने और सबसे प्रभावशाली बहुपक्षीय प्लेटफाॅर्मों में से एक है।
    • APEC का संचालन बिना किसी बाध्यकारी प्रतिबद्धताओं या संधि दायित्वों के आधार पर होता है। प्रतिबद्धताएँ स्वेच्छा से की जाती हैं और क्षमता-निर्माण परियोजनाएँ सदस्यों को APEC पहलों को लागू करने में सहायता करती हैं।
    • APEC का मुख्य लक्ष्य आर्थिक विकास और समृद्धि का समर्थन करना, क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को बढ़ाना, मानव सुरक्षा को मज़बूत करना तथा जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा जैसी चुनौतियों का समाधान करना है।
  • भारत- APEC:
    • भारत वर्ष 1991 में APEC में शामिल होना चाहता था, यह वही वर्ष था जब भारतीय अर्थव्यवस्था में उदारीकरण लागू किया गया था, जिसने भारत के साथ अन्य देशों को व्यापार करने में सक्षम बनाया।
      • कुछ APEC सदस्यों ने भारत को इस समूह में शामिल करने का समर्थन किया, वहीं कुछ APEC सदस्य इसके खिलाफ थे, क्योंकि उन्हें लगा कि भारत में अभी भी बहुत सारे नियम और प्रतिबंध हैं जिससे उनके लिये भारत के साथ व्यापार करना कठिन होगा।
    • भारत के APEC में शामिल न हो पाने का एक अन्य कारण यह था कि इस समूह ने वर्ष 1997 में नए सदस्यों को शामिल न करने का निर्णय लिया, ताकि वर्तमान सदस्यों के बीच मौजूदा सहयोग को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जा सके।
      • यह निर्णय वर्ष 2012 तक ही जारी रहना था लेकिन उसके बाद इसे नहीं बदला गया, इसलिये भारत अभी भी APEC में शामिल नहीं हो सका।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2009)

संगठन

मुख्यालय का स्थान

1. एशियाई विकास बैंक

टोक्यो

2. एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग

 सिंगापुर

3. दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संघ

बैंकॉक

उपार्युक्त में से कौन-सा/से युग्म सही सुमेलित है/हैं?

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2
(c) केवल 2 और 3
(d) केवल 3

उत्तर: (b)

  • एशियाई विकास बैंक (ADB) 19 दिसंबर, 1966 को स्थापित एक क्षेत्रीय विकास बैंक है। इसकी कल्पना विश्व के सबसे निर्धन क्षेत्रों में तेज़ी से आर्थिक विकास और सहयोग की सुविधा के लिये एशियाई क्षेत्र हेतु वित्तीय संस्थान के रूप में की गई है। इसमें 68 सदस्य देश हैं जिनमें से 49 एशिया-प्रशांत क्षेत्र के तथा 19 बाहरी देश हैं। इसका मुख्यालय फिलीपींस के मेट्रो मनीला के मांडलुयॉन्ग शहर में स्थित ओर्टिगास सेंटर में है। अतः युग्म 1 सही सुमेलित नहीं है।
  • एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) एशिया-प्रशांत की बढ़ती परस्पर निर्भरता का लाभ उठाने के लिये वर्ष 1989 में स्थापित एक क्षेत्रीय आर्थिक मंच है। APEC के 21 सदस्यों का लक्ष्य संतुलित, समावेशी, सतत्, नवीन एवं सुरक्षित विकास को बढ़ावा देकर तथा क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण में तेज़ी लाकर क्षेत्र के लोगों के लिये अधिक समृद्धि लाना है। APEC का मुख्यालय सिंगापुर में है तथा APEC प्रक्रिया के लिये यह मूल समर्थन तंत्र के रूप में कार्य करता है। यह समन्वय, तकनीकी तथा सलाहकार सहायता के साथ-साथ सूचना प्रबंधन, संचार व सार्वजनिक आउटरीच सेवाएँ प्रदान करता है। अतः युग्म 2 सही सुमेलित है।
  • दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है जिसमें दक्षिण-पूर्व एशिया के दस देश शामिल हैं, जो अंतर-सरकारी सहयोग को बढ़ावा देता है तथा अपने सदस्यों व अन्य देशों के बीच आर्थिक, राजनीतिक, सुरक्षा, सैन्य, शैक्षिक एवं सामाजिक-सांस्कृतिक एकीकरण की सुविधा प्रदान करता है। इसका मुख्यालय जकार्ता, इंडोनेशिया में है। अतः युग्म 3 सही सुमेलित नहीं है।

अतः विकल्प (b) सही उत्तर है


प्रश्न. भारत निम्नलिखित में से किसका/किनका सदस्य है? (2015)

  1. एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन)
  2. दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन (एसोसिएशन ऑफ साउथ-ईस्ट एशियन नेशन्स)
  3. पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईस्ट एशिया समिट)

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 3
(c) 1, 2 और 3
(d) भारत इनमें से किसी का भी सदस्य नहीं है

उत्तर: (b)


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 20 नवंबर, 2023

इंदिरा गांधी जयंती

हाल ही में प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती (19 नवंबर, 1917 को इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश में) पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

  • इंदिरा गांधी, जिन्हें भारत की आयरन लेडी के नाम से भी जाना जाता है, भारत की तीसरी और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री थीं, जिन्होंने वर्ष 1966 से वर्ष 1977 तथा वर्ष 1980 से वर्ष 1984 तक अपनी सेवाएँ दी।
  • उनके कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ वर्ष 1971 के युद्ध में भारत को विजय मिली, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ।
  • उन्होंने वर्ष 1975 में नागरिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को निलंबित करते हुए आपातकाल लागू कर दिया।
  • स्वर्ण मंदिर में सिख आतंकवादियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई, ऑपरेशन ब्लू स्टार के प्रतिशोध में उनकी हत्या कर दी गई थी।
  • उन्हें वर्ष 1984 में मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

और पढ़ें…भारत-पाक युद्ध: 1971, ऑपरेशन ब्लू स्टार के

रानी लक्ष्मीबाई की जयंती

प्रधानमंत्री ने भारतीय नारी शक्ति की वीरता की प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती (19 नवंबर, 1828, वाराणसी, उत्तर प्रदेश) पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

  • रानी लक्ष्मीबाई, जिनका मूल नाम मणिकर्णिका था, भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बहादुर योद्धाओं में से एक थीं और मराठा शासित झाँसी रियासत की रानी थीं।
  • 14 वर्ष की उम्र में मणिकर्णिका का विवाह झाँसी के महाराजा गंगाधर राव नेवालकर से हुआ। अतः मणिकर्णिका झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई बन गई।
    • रानी लक्ष्मीबाई ने एक पुत्र को जन्म दिया जिसकी जन्म के तीन महीने बाद ही मृत्यु हो गई। बाद में दंपति ने गंगाधर राव के परिवार से एक बेटे दामोदर राव को गोद ले लिया।
  • वर्ष 1853 में जब झांसी के महाराजा की मृत्यु हुई, तो लॉर्ड डलहौज़ी ने बच्चे को उत्तराधिकारी स्वीकार करने से इनकार कर दिया और व्यपगत का सिद्धांत (Doctrine of Lapse) को लागू किया तथा राज्य पर कब्ज़ा लिया।
    • इस नीति के अनुसार कोई भी रियासत जो ईस्ट इंडिया कंपनी के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष नियंत्रण में थी और जहाँ शासक के पास कानूनी रूप से पुरुष उत्तराधिकारी नहीं था, उस पर कंपनी द्वारा कब्ज़ा कर लिया जाता था।
  • वह 1857 के भारतीय विद्रोह की प्रमुख व्यक्तित्वों में से एक थीं।
  • रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेज़ों के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी ताकि झाँसी साम्राज्य को विलय से बचाया जा सके।
  • 17 जून, 1858 को युद्ध के मैदान में लड़ते हुए उनकी मौत हो गई।
  • भारतीय राष्ट्रीय सेना ने अपनी पहली महिला इकाई (1943 में) का नाम झाँसी की बहादुर रानी के नाम पर रखा गया था।

और पढ़ें… रानी लक्ष्मीबाई

मंगल ग्रह पर ऑक्सीजन उत्पादन की AI-संचालित विधि

शोधकर्त्ताओं ने मंगल ग्रह के उल्कापिंडों से ऑक्सीजन का उत्पादन करने के लिये AI-संचालित रसायन विज्ञान का उपयोग करके एक अभूतपूर्व विधि तैयार की है।

  • उल्कापिंडों को यौगिकों में परिवर्तित करके और उत्प्रेरक बनाकर इस AI-रसायनज्ञ ने नकली मंगल ग्रह की स्थितियों के तहत ऑक्सीजन का उत्पादन करने की क्षमता का प्रदर्शन किया, जो आत्मनिर्भर मंगल ग्रह की खोज की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण छलांग है।
  • यह अभिनव दृष्टिकोण स्वदेशी संसाधनों के उपयोग की क्षमता को उजागर करता है, भविष्य के मिशनों को लागत-प्रभावशीलता और कम जटिलता की ओर ले जाता है।

ऑस्ट्रेलिया ने ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 जीता

क्रिकेट विश्व कप 2023 के अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के खिलाफ छह विकेट के अंतर से जीत हासिल की। 

  • मैच में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने शतक जमाया।
  • इस जीत ने ऑस्ट्रेलिया के छठे विश्व कप खिताब को चिह्नित किया, जिसने एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया क्योंकि उसने इससे पहले टूर्नामेंट के 1987, 1999, 2003, 2007 व 2015 संस्करणों में जीत हासिल की थी।
    • भारत ने वर्ष 1983 और वर्ष 2011 में दो बार विश्व कप में जीत हासिल की।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2