इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 30 Aug 2021
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

आयुष विश्वविद्यालय

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2021 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।

प्रमुख बिंदु

  • 21.173 हेक्टेयर क्षेत्र में बन रहे इस विश्वविद्यालय की अनुमानित लागत 299.87 करोड़ रुपए है तथा इसके मार्च 2023 तक बन जाने की संभावना है।
  • प्रदेश के आयुर्वेद, यूनानी व होम्योपैथी के सभी महाविद्यालयों को इस विश्वविद्यालय से संबद्ध किया जाएगा।
  • इस विश्वविद्यालय से राज्य में आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी व सिद्धा चिकित्सा पद्धतियों का विकास होगा तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति में छात्र-छात्राएँ दक्ष होंगे।
  • विश्वविद्यालय का वास्तुशिल्प भारतीय संस्कृति के अनुरूप होगा। इसके परिसर में एकेडमिक भवन, प्रशासनिक भवन, आवासीय भवन, छात्रावास, गेस्ट हाउस के अलावा ऑडिटोरियम और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक भी होगा।
  • गौरतलब है कि अब तक उत्तर प्रदेश में आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा, योग, सिद्धा की चिकित्सा पद्धति (जिन्हें समन्वित रूप में आयुष कहा जाता है) के लिये अलग-अलग संस्थाएँ रही हैं। प्रदेश में पहली बार आयुष पद्धतियों के पाठ्यक्रम का नियमन किया जा रहा है।
  • प्रदेश में वर्तमान में आयुष महाविद्यालयों की कुल संख्या 94 है, जिसमें आयुर्वेद महाविद्यालय 67 (8 सरकारी व 59 निजी), यूनानी महाविद्यालय 15 (2 सरकारी व 13 निजी) तथा होम्योपैथी महाविद्यालय 12 (9 सरकारी व 3 निजी) हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

पीएम स्वनिधि योजना

चर्चा में क्यों?

29 अगस्त, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बालाघाट में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में प्रथम एवं द्वितीय किश्त वितरण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में योजना के 50 हज़ार हितग्राहियों के खाते में 50 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की तथा  स्वनिधि योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ भी किया।

प्रमुख बिंदु

  • योजना के द्वितीय चरण में हितग्राहियों के खाते में ब्याज मुक्त 20-20 हज़ार रुपए की राशि अंतरित की गई।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वनिधि योजना से मिलने वाली सहायता राशि से छोटे व्यापारी धीरे-धीरे अपना काम बढ़ा सकते हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश देशभर में प्रथम है। 
  • योजना के प्रारंभ में ही लगभग 3.50 लाख हितग्राहियों को 10-10 हज़ार रुपए की सहायता राशि वितरित की गई थी। 
  • योजना के द्वितीय चरण के शुभारंभ पर प्रदेश के लगभग 1000 हितग्राहियों को योजना की द्वितीय किश्त (20-20 हज़ार रुपए) प्रदान की गई। 
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व-सहायता समूहों को कोविड संकट के पूर्व दी जाने वाली मदद को सरकार द्वारा पुन: प्रारंभ किया जाएगा, प्रदेश में वर्ष 2024 तक सभी गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध करा दिये जाएंगे तथा 18 सितंबर, 2021 को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के द्वितीय चरण में 5 लाख नए कनेक्शन दिये जाएंगे।

राजस्थान Switch to English

MyBookLo ऐप

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2021 को राजस्थान के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने कॉलेज विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री सुलभता से उपलब्ध करवाने के लिये जयपुर में डिजिटल लाइब्रेरी MyBookLo ऐप का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस ऐप के माध्यम से छात्र-छात्राएँ अपने पाठ्यक्रम की अध्ययन सामग्री प्राप्त करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इसके तहत विद्यार्थियों को अलग-अलग श्रेणियों की कोचिंग दी जाएगी। 
  • कॉलेज शिक्षा विभाग की ओर से किया गया यह नवाचार आने वाले समय में राजस्थान की उच्च शिक्षण व्यवस्था को नई दिशा देने में मददगार साबित होगा। 
  • कॉलेज में पढ़ने वाले स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम अनुसार डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने के लिये आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा एवं MyBookLo कंपनी के बीच एमओयू साइन किया गया है। इसके तहत विकसित यह ऐप कॉलेज विद्यार्थियों के लिये एक डिजिटल लाइब्रेरी होगा। जिसके माध्यम से ये वीडियो और पीडीएफ नोट्स प्राप्त कर सकते हैं।

राजस्थान Switch to English

नाथद्वारा में हेलिकॉप्टर जॉयराइड

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2021 को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने राजसमंद ज़िले के नाथद्वारा में हेलिकॉप्टर जॉयराइड का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इसके माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई ऊँचाईयाँ प्रदान की जाएंगी और सरकार, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
  • जोशी ने कहा कि नाथद्वारा आने वाले पर्यटकों को उदयपुर-नाथद्वारा-कुंभलगढ़ के नैसर्गिक सौंदर्य को हेलिकॉप्टर के माध्यम से निहारने का मौका मिलेगा तथा वह एक दिन की बजाय दो-तीन दिन नाथद्वारा में रुककर पर्यटन का आनंद ले सकेंगे, जिससे क्षेत्र के पर्यटन विकास सहित यहाँ के लोगों का आर्थिक विकास भी संभव हो सकेगा।
  • उन्होंने कहा कि यात्रीभार को देखते हुए हेलिकॉप्टर की संख्या में भी इजाफा किया जा सकेगा और आगामी दिनों में दो इंजन वाले हेलिकॉप्टर का उपयोग भी किया जाएगा।

मध्य प्रदेश Switch to English

सर्वोच्च खेल अलंकरण पुरस्कार, 2020

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2021 को खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा मध्य प्रदेश के सर्वोच्च खेल पुरस्कारों के लिये गठित चयन समिति की अनुशंसा एवं प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री के अनुमोदन के बाद राज्यस्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की गई।

प्रमुख बिंदु

  • वर्ष 2020 के लिये राज्य शासन द्वारा 13 एकलव्य, 10 विक्रम, 3 विश्वामित्र, 1 स्व. प्रभाष जोशी और 1 लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार घोषित किये गए हैं।
  • वर्ष 2020 के लिये लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार पद्मश्री अभय छजलानी को दिया जाएगा, वहीं प्रदेश के ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को राज्य के सर्वोत्तम विक्रम पुरस्कार से नवाजा जाएगा। 
  • वर्ष 2020 राज्यस्तरीय खेल पुरस्कारों के लिये घोषित व्यक्तियों की सूची इस प्रकार है-  
  • एकलव्य पुरस्कार: व्यक्तिगत खेल में- सुषमा वर्मा, क्याकिंग-कैनोइंग (सीहोर), तुषिता सिंह, सॉफ्ट टेनिस (भोपाल), स्पर्श खरे, वूशु (जबलपुर), अर्जुन सिंह, घुड़सवारी (भोपाल), सुनील डावर, एथलेटिक्स (बड़वानी), गौरांशी शर्मा, बैडमिंटन (दिव्यांग) (भोपाल), राममिलन यादव, सेलिंग (टीकमगढ़), अंकित शर्मा, फेंसिंग (ग्वालियर), अनुराधा अहिरवार, तीरंदाजी (भोपाल), प्रीति रजक, शूटिंग (होशंगाबाद), शशांक पटेल, ताईक्वांडो (भोपाल)। दलीय खेल- साधना सेंगर, हॉकी (होशंगाबाद) एवं ध्रुवराज कुर्रे, पावर लिफ्टिंग (भोपाल)। 
  • विक्रम पुरस्कार: व्यक्तिगत खेल में- विश्वजीत सिंह, कैनो-स्लॉलम (होशंगाबाद), सुनिधि चौहान, शूटिंग (भोपाल), निधि नन्हेट, कराटे (बालाघाट), परिधि जोशी, घुड़सवारी (इंदौर), मंजू बंबोरिया, बॉक्सिंग (उज्जैन), एकता यादव, सेलिंग (भोपाल)। दलीय खेल- विवेक सागर प्रसाद, हॉकी (होशंगाबाद), हर्षवर्धन तोमर, बास्केटबॉल (ग्वालियर), पूजा मालवीय, मल्लखम्ब (उज्जैन)। दिव्यांग श्रेणी में- प्राची यादव, पैरा कैनो (ग्वालियर) शामिल हैं।
  • विश्वामित्र पुरस्कार: व्यक्तिगत खेल- वीरेंद्र डबास, पैरा स्वीमिंग एवं पैरा एथलेटिक्स (ग्वालियर) एवं रिचपाल सिंह सलारिया, तीरंदाजी (जबलपुर)। दलीय खेल- डॉ. हबीब हसन शामिल हैं।
  • लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार: अभय छजलानी, पद्मश्री तथा पूर्व अध्यक्ष इंदौर टेबल टेनिस संघ। 
  • स्व. प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार: वैष्णवी कहार, मल्लखंब (उज्जैन)।

झारखंड Switch to English

फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट

चर्चा में क्यों?

झारखंड में तिलाया, कोनार, मैथन और पंचेत (बंगाल-झारखंड) सहित दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) से संबंधित सभी बाँधों में फ्लोटिंग सौर परियोजनाएँ स्थापित की जाएंगी, जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 50 मेगावाट होगी।

प्रमुख बिंदु

  • पेरिस समझौते को ध्यान में रखते हुए इन सौर ऊर्जा परियोजनाएँ स्थापित करने का निर्णय लिया गया है तथा DVC के सभी बाँधों पर फ्लोटिंग सौर परियोजनाएँ स्थापित की जाएंगी।
  • DVC का उद्देश्य फ्लोटिंग सोलर और पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के माध्यम से अपनी अक्षय ऊर्जा उत्पादन क्षमता को बढ़ाना है। DVC की योजना वर्ष 2030 के अंत तक अपनी विद्युत् उत्पादन क्षमता को 10,000 मेगावाट तक बढ़ाना है।
  • सक्रिय थर्मल इकाइयों के साथ-साथ निष्क्रिय थर्मल इकाइयों की अधिशेष भूमि पर भी सौर इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी।
  • लुगु हिल्स में एक 1500 मेगावाट पंप स्टोरेज प्लांट भी प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा जल्द ही बोकारो थर्मल प्लांट की बी प्लांट यूनिट में एक सौर ऊर्जा इकाई स्थापित कि जाएगी।

छत्तीसगढ़ Switch to English

सूखा प्रभावित किसानों को वित्तीय मदद

चर्चा में क्यों?

29 अगस्त, 2021 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के सूखा प्रभावित किसानों (चाहे उत्पादन प्रभावित हो या नहीं) को प्रति एकड़ 9,000 रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने वर्तमान खरीफ मौसम में धान, कोदो-कुटकी, अरहर की बुवाई की है, यदि वर्षा के अभाव में उनकी फसल खराब हो जाती है (चाहे उत्पादन हो अथवा न हो) तो उन्हें सरकार वित्तीय सहायता देगी।
  • राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत सूखा प्रभावित किसानों को गिरदावरी सर्वे के आधार पर प्रति एकड़ 9,000 रुपए के मान से मदद दी जाएगी।
  • राज्य के कई क्षेत्रों में अल्पवृष्टि और अनावृष्टि के चलते सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिसने खरीफ फसलों मुख्यरूप से धान, बाजरा और दलहन को प्रभावित किया है।
  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘पंडवानी’ कलाकार स्वर्गीय पुनाराम निषाद और ‘नाचा-गम्मत’ कलाकार स्वर्गीय मदन कुमार निषाद की जीवनी के प्रकाशन की भी घोषणा की।

उत्तराखंड Switch to English

खेल दिवस पर मुख्यमंत्री की घोषणा

चर्चा में क्यों?

29 अगस्त, 2021 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य में खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिये विभिन्न घोषणाएँ की गईं।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रत्येक वर्ष आठ से 14 वर्ष की आयु के 50 लड़कियों और लड़कों का चयन उनकी क्षमता के आधार पर किया जाएगा और उन्हें प्रत्येक वर्ष मुख्यमंत्री खिलाड़ी उत्थान छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी साथ ही खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता 225 रुपए निर्धारित किया जाएगा। 
  • उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर ज़िले में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी, जबकि राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वालों को उत्तराखंड राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, कॉलेजों और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पाँच प्रतिशत खेल कोटा प्रदान किया जाएगा। 
  • राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक में पदक विजेताओं को प्रदान की जाने वाली सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
  • इसके साथ ही धामी ने घोषणा की कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिये राज्य खेल विकास संस्थान में खेल विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा तथा देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज को खेल विश्वविद्यालय बनाने का भी प्रयास किया जाएगा।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2