उत्तर प्रदेश
CIP-दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (CSARC), आगरा
- 26 Jun 2025
- 4 min read
चर्चा में क्यों?
सरकार ने उत्तर प्रदेश के आगरा ज़िले के सिंगना में पेरू स्थित अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना को मंजूरी दे दी है।
- भारत में CIP क्षेत्रीय केंद्र न केवल घरेलू किसानों की बल्कि अन्य दक्षिण एशियाई देशों के किसानों की भी आवश्यकताओं को पूरा करेगा।
मुख्य बिंदु
- उद्देश्य:
- परियोजना का प्राथमिक उद्देश्य खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को बढ़ाना, किसानों की आय में वृद्धि करना तथा आलू और शकरकंद की उत्पादकता, कटाई के बाद प्रबंधन एवं मूल्य संवर्द्धन में सुधार करके रोज़गार सृजन करना है।
- परियोजना लागत:
- उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रस्तावित केंद्र के लिये 10 हेक्टेयर भूमि आवंटित की है। परियोजना की कुल लागत 171 करोड़ रुपए है, जिसमें भारत 111 करोड़ रुपए का योगदान देगा और CIP (अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र) द्वारा 60 करोड़ रुपए प्रदान किये जाएंगे।
- रोज़गार पर प्रभाव:
- भारत का आलू क्षेत्र- उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, परिवहन, विपणन तथा विस्तृत मूल्य शृंखला जैसे क्षेत्रों में रोज़गार सृजन की महत्त्वपूर्ण क्षमता रखता है।
- नवाचार:
- CSARC (केंद्रीय आलू एवं शकरकंद अनुसंधान केंद्र) द्वारा आलू और शकरकंद की उच्च उपज देने वाली, पोषक तत्त्वों से भरपूर तथा जलवायु-अनुकूल किस्मों का विकास किया जाएगा, जिससे विश्व स्तरीय वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से न केवल भारत बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में सतत् विकास को गति मिलेगी।
- भारत का आलू उत्पादन:
- भारत विश्व स्तर पर आलू का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता है, जिसका उत्पादन वर्ष 2020 में 51.30 मिलियन टन था।
- भारत और चीन मिलकर वैश्विक आलू उत्पादन का एक-तिहाई से अधिक उत्पादन करते हैं, जो वर्ष 2020 में कुल 359.07 मिलियन टन था।
- भारत में प्रमुख उत्पादक राज्य:
- उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल आलू उत्पादन में अग्रणी हैं, जिनमें से प्रत्येक ने 2020-21 में 15 मिलियन टन का योगदान दिया।
- बिहार में 9 मिलियन टन उत्पादन होता है तथा गुजरात, मध्य प्रदेश और पंजाब भी इसमें महत्त्वपूर्ण योगदान देते हैं।
संबंधित संस्थान
- अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP): इसकी स्थापना वर्ष 1971 में हुई थी, इसका मुख्यालय लीमा, पेरू में है, यह आलू, शकरकंद तथा अन्य कंद फसलों पर अनुसंधान करता है।
- चीन: पूर्वी एशिया और प्रशांत क्षेत्र की सेवा के लिये वर्ष 2017 में बीजिंग के यानकिंग में चाइना सेंटर फॉर एशिया पैसिफिक (CCCAP) की स्थापना की गई।
- भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR): भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद कंद फसलों पर केंद्रित दो प्रमुख संस्थानों का संचालन करती है:
- ICAR-CPRI (केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान), शिमला, जो आलू पर अनुसंधान करता है।
- ICAR-CTCRI (केंद्रीय कंद फसल अनुसंधान संस्थान), तिरुवनंतपुरम, जो शकरकंद पर अनुसंधान करता है।
- अन्य कृषि केंद्र की स्थापना: वर्ष 2017 में, कृषि मंत्रालय ने वाराणसी में फिलीपींस स्थित अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI) के एक क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना का समर्थन किया।