इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

मेन्स प्रैक्टिस प्रश्न

  • प्रश्न :

    'पूर्व वैदिक समाज की तुलना में उत्तर वैदिक काल के समाज में आए परिवर्तनों के कारण धार्मिक, राजनीतिक एवं आर्थिक परिवर्तनों में निहित थे जिन्होंने समाज के समतामूलक स्वरूप को समय एवं आवश्यकता के अनुसार बदल दिया।' टिप्पणी करें।

    03 Jun, 2021 रिवीज़न टेस्ट्स इतिहास

    उत्तर :

    हल करने का दृष्टिकोण:

    • भूमिका
    • दोनों समाजों का तुलनात्मक स्वरूप
    • निष्कर्ष

    पूर्व वैदिक अर्थात ऋग्वैदिक समाज एक समतामूलक समाज था। इस काल में सामाजिक व्यवस्था सहयोग एवं सहभागिता पर आधारित थी। समाज पितृ सत्तात्मक होने के बावजूद स्त्री-पुरुष विभेद पर आधारित नहीं था, पुत्रियों को पुत्रों के समान माना जाता था तथा उनकी शिक्षा एवं अधिकारों में भी समानता थी, जबकि उत्तर वैदिक काल तक आते-आते समाज में असमानताएँ दिखने लगी।

    पूर्व वैदिक समाज का आधार परिवार होता था जिसमें पिता या बड़ा भाई परिवार का मुखिया होता था। ऋग्वैदिक समाज प्रारंभ में वर्ग विभेद से रहित था। सभी लोगों की समान सामाजिक प्रतिष्ठा थी। इस काल में सभी लोगों को आर्य कहा जाता था। ऋग्वैदिक काल में वर्ण शब्द का प्रयोग रंग के अर्थ में किया जाता था किंतु कहीं-कहीं इसका प्रयोग व्यवसाय चयन के संदर्भ में भी किया जाता था।

    ऋग्वैदिक समाज के प्रारंभ में तीन वर्णों का उल्लेख किया गया है जिन्हें ब्रह्मा, क्षत्र, वैश्य कहा जाता था। कालांतर में एक चौथा वर्ण शूद्र नाम से जुड़ गया। ऋग्वेद के दसवें मंडल के पुरुष सूक्त में पहली बार शूद्र वर्ण का उल्लेख मिलता है। पुरुष सूक्त में चारों वर्णों की उत्पत्ति एक विराट पुरुष से बताई गई। अभी तक वर्ण जन्मजात न होकर व्यवसाय पर आधारित था जैसा कि ऋग्वेद में एक ऋषि कहता है कि “मैं कवि हूँ मेरे पिता वैद्य हैं तथा मेरी माता अन्न पीसती है।” अतः कह सकते हैं कि ऋग्वैदिक समाज में वर्ण व्यवस्था कर्म पर आधारित थी जो कालांतर में संकीर्ण होती चली गयी।

    उत्तर वैदिक काल में आते-आते ऋग्वैदिक सामाजिक संरचना टूटने लगती है। अब वर्ण व्यवस्था कर्म के आधार पर नहीं बल्कि जन्म के आधार पर निर्धारित की जाने लगी। जन्म आधारित वर्ण व्यवस्था ने सामाजिक जटिलता को बढ़ावा दिया। सामाजिक संरचना का निर्माण इस प्रकार किया कि उत्पादन अधिशेष दो उच्च वर्गों के पक्ष में बना रह सके।

    उत्तर वैदिक काल में चतुर्वर्ण व्यवस्था स्थापित हो गई। इसमें ब्राह्मण एवं क्षत्रिय विशेषाधिकार प्राप्त वर्ण के रूप में स्थापित हो गए। समाज में सर्वश्रेष्ठ स्थान ब्राह्मण का था। ब्राह्मण ने यज्ञ एवं मंत्रोच्चारण की प्रविधि द्वारा अपने आप को उच्च स्थान पर स्थापित कर लिया। ब्राह्मण के पश्चात् क्षत्रियों का स्थान आता था। इस काल में जब युद्धास्त्रों के रूप में लोहे के उपकरणों को प्रोत्साहन मिला तो क्षत्रियों की स्थिति अधिक मज़बूत हो गई और सुरक्षा के नाम पर इस वर्ण ने उत्पादन अधिशेष के एक भाग पर अपना दावा किया।

    इस समय तीसरा वर्ग वैश्य वर्ग था जो एकमात्र उत्पादक तथा करदाता के रूप में विद्यमान था जिसे शतपथ ब्राह्मण में अनस्यबलिकृता कहा गया है। इन तीनों वर्णों को द्विज की श्रेणी में रखा गया, इन तीनों वर्णों को उपनयन संस्कार का अधिकार दिया गया था। इन तीनों वर्णों से पृथक एक वर्ण शूद्र था इसका दायित्व उपर्युक्त तीनों वर्णों की सेवा करना था। ऋग्वेद के दसवें मंडल के पुरुष सूक्त में वर्ण विभाजन को धार्मिक आनुष्ठानिक आधार प्रदान करने की कोशिश की गई।

    उत्तर वैदिक काल में तुलनात्मक रूप से स्त्रियों की सामाजिक दशा में गिरावट आई, अब सभा एवं समिति जैसी सामाजिक संस्थाओं में स्त्रियों का प्रवेश वर्जित हो गया था। मैत्रेयी संहिता में नारी को धूत एवं मदिरा के साथ-साथ तीन प्रमुख बुराइयों में गिना गया। तैत्तिरीय संहिता में नारी को शूद्र से भी नीच माना गया है। सामाजिक जीवन में स्त्रियों का प्रवेश क्रमशः कम हो गया। नारी के धार्मिक अधिकारों में भी अंतर आने लगा।

    उत्तर वैदिककालीन समाज में गोत्र की अवधारणा का विकास हुआ । गोत्र शब्द की उत्पत्ति गोष्ठ शब्द से हुई अर्थात् जिनकी गायें एक साथ बाँधी जाती थीं वे एक गोष्ठ के माने जाते थे, फिर एक गोष्ठ के लोग समान रक्त संबंध के माने जाने लगे और यहीं से गोत्र की परिकल्पना विकसित होती चली गई तथा समतामूलक समाज का विभाजन होता चला गया जो अपने जटिल स्वरूप में आज परिलक्षित होता है।

    उपरोक्त से स्पष्ट है कि पूर्व वैदिक समाज की तुलना में उत्तर वैदिक काल के समाज में आए परिवर्तनों के कारण धार्मिक, राजनीतिक एवं आर्थिक परिवर्तन थे और इन्होंने शनैः-शनैः समाज के समतामूलक स्वरूप को समय एवं आवश्यकता के अनुसार बदलकर व्यवस्था में नवीन तत्त्वों को समाहित किया।

    To get PDF version, Please click on "Print PDF" button.

    Print
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2