इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

स्मार्ट समाधान चुनौती और समावेशी शहर पुरस्कार 2022

  • 03 Sep 2022
  • 6 min read

हाल ही में आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा स्मार्ट समाधान चुनौती और समावेशी शहर पुरस्कार, 2022 (Smart Solutions Challenge and Inclusive Cities Awards 2022) प्रदान किये गए।

आयोजन की मुख्य विशेषताएँ:

  • प्रारंभिक चरण के नवाचारों की श्रेणी में, विजेता एक ‘वियरेबल’ प्रौद्योगिकी उत्पाद, फिफ्थ सेंस बाय ग्लोवाट्रिक्स प्राइवेट लिमिटेड था।
    • यह उत्पाद सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करके सांकेतिक भाषा के इशारों को भाषण और पाठ में अनुवाद करता है।
  • बाज़ार के लिये तैयार समाधानों की दूसरी श्रेणी में ‘माउसवेयर बाय डेक्सट्रोवेयर डिवाइसेज प्राइवेट लिमिटेड’ विजेता रहा।
    • माउसवेयर एक हेड-वियरेबल डिवाइस है जो कंप्यूटर और स्मार्ट गैजेट्स को हैंड्स-फ्री कंट्रोल करने में सक्षम बनाता है।
  • विकलांग लोगों के लिये शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा तक पहुँच स्थापित करने हेतु बेलगावी स्मार्ट सिटी प्रणाली को कार्यान्वित समाधानों की श्रेणी में शीर्ष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पुरस्कारों के बारे में:

  • परिचय:
    • स्मार्ट समाधान चुनौती भारत में शहरी मामलों के राष्ट्रीय संस्थान (NIUA) और संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक पहल है।
    • शहरी मामलों का राष्ट्रीय संस्थान और संयुक्त राष्ट्र भारत में नवीन विचारों, समाधानों, प्रौद्योगिकियों, उत्पादों और व्यावसायिक समाधानों की तलाश कर रहे हैं जो विकलांग व्यक्तियों, महिलाओं, लड़कियों और बुजुर्गों के सामने आने वाली शहरी स्तर पर समावेशन और पहुँच संबंधी चुनौतियों का समाधान करने में मदद कर सकते हैं।
  • महत्त्व:
    • ये समाधान सार्वभौमिक डिज़ाइन को एकीकृत करने में सहायक होंगे जो वंचित समुदायों के लिये सुरक्षित, समावेशी, सुलभ सार्वजनिक स्थान सुनिश्चित करने के सतत् विकास लक्ष्य 11.7 को प्राप्त करने में मदद करेंगे।

शहरी मामलों के राष्ट्रीय संस्थान (NIUA):

  • NIUA शहरी विकास और प्रबंधन में अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं सूचना के प्रसार के लिये एक संस्थान है। यह नई दिल्ली, भारत में स्थित है।
  • इसकी स्थापना वर्ष 1976 में सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के तहत एक स्वायत्त निकाय के रूप में की गई थी।
  • यह संस्थान आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय, भारत सरकार, राज्य सरकारों, शहरी और क्षेत्रीय विकास प्राधिकरणों तथा शहरी मुद्दों से संबंधित अन्य एजेंसियों द्वारा समर्थित है।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्षों के प्रश्न (PYQs):

स्मार्ट इंडिया हैकथॉन, 2017 के संबंध में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं? (2017)

  1. यह एक दशक में हमारे देश के प्रत्येक शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिये केंद्र-प्रायोजित योजना है।
  2. यह हमारे देश के समक्ष आने वाली कई समस्याओं को हल करने के लिये नई डिजिटल प्रौद्योगिकी नवाचारों की पहचान करने की एक पहल है।
  3. इस कार्यक्रम का उद्देश्य एक दशक में हमारे देश में सभी वित्तीय लेनदेन को पूरी तरह से डिजिटल बनाना है।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 2
(c) केवल 3
(d) केवल 2 और 3

उत्तर: B

व्याख्या:

  • स्मार्ट इंडिया हैकथॉन, 2017 एक 36 घंटे की नॉन-स्टॉप डिजिटल उत्पाद विकास प्रतियोगिता थी, जिसके दौरान हज़ारों प्रौद्योगिकी छात्रों की टीमों ने भारत सरकार के 29 विभिन्न मंत्रालयों/विभागों द्वारा पहचानी गई समस्याओं के लिये अभिनव डिजिटल समाधान बनाने का प्रयास किया। अत: कथन 2 सही है और 1, 3 सही नहीं है।
  • पहली बार सरकारी विभाग सीधे छात्रों से जुड़े, उन्हें उनकी दक्षता में सुधार के लिये डिजिटल समाधान बनाने, राजस्व चोरी और भ्रष्टाचार को रोकने के लिये चुनौती दी।
  • स्मार्ट इंडिया हैकथॉन, 2017 का 'ग्रैंड फिनाले' 26 अलग-अलग शहरों में एक साथ आयोजित किया गया था और विजेताओं को नकद पुरस्कारों के अलावा अपने विचारों को स्टार्टअप में बदलने के लिये समर्थन मिला।

स्रोत: द हिंदू

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow