इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 26 सितंबर, 2022

  • 26 Sep 2022
  • 5 min read

अंत्योदय दिवस  

भारत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को चिह्नित करने के लिये प्रत्येक वर्ष 25 सितंबर को अंत्योदय दिवस (Antyodaya Diwas) के रूप में मनाया जाता है। अंत्योदय का अर्थ "गरीब से गरीब व्यक्ति का उत्थान" या "अंतिम व्यक्ति का उत्थान" (uplifting the poorest of the poor” or “rise of the last person)" है। यह दिन भारत सरकार द्वारा 25 सितंबर, 2014 को घोषित किया गया था और आधिकारिक तौर पर वर्ष 2015 से मनाया जा रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर, 1916 को मथुरा ज़िले के नगला चन्द्रभान ग्राम में हुआ था। इनके द्वारा प्रस्तुत दर्शन को ‘एकात्म मानववाद’ कहा जाता है जिसका उद्देश्य एक ऐसा ‘स्वदेशी सामाजिक-आर्थिक मॉडल’ प्रस्तुत करना था जिसमें विकास के केंद्र में मानव हो। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने पश्चिमी ‘पूंजीवादी व्यक्तिवाद’ एवं ‘मार्क्सवादी समाजवाद’ दोनों का विरोध किया, लेकिन आधुनिक तकनीक तथा पश्चिमी विज्ञान का स्वागत किया।

दिलीप तिर्की 

हाल ही में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान दिलीप तिर्की को निर्विरोध हॉकी इंडिया का अध्‍यक्ष चुना गया। वे वर्ष 1998 के एशियाई खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्‍य भी रहे।  हॉकी इंडिया के इतिहास में पहली बार कोई पूर्व ओ‍लम्पियन इसकी अध्‍यक्षता करेगा। 44 वर्षीय दिलीप तिर्की ने 15 वर्ष के अपने कॅरियर में 412 अंतर्राष्‍ट्रीय मैच खेले। वे टीम के मज़बूत डिफेंडर माने जाते थे। उन्‍होंने वर्ष 1996 में अटलाँटा, वर्ष 2000 में सिडनी तथा वर्ष 2004 में एथेंस ओलिम्पिक्स में देश का प्रतिनिधित्त्व किया। पिछले महीने अंतर्राष्‍ट्रीय हॉकी महासंघ और प्रशासकों की समिति ने 9 अक्‍तूबर तक हॉकी इंडिया के चुनाव पूरे कराने को कहा था। दिलीप तिर्की के अध्‍यक्ष चुने जाने से पहले दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर प्रशासकों की समिति हॉकी इंडिया का काम‍काज देख रही थी। राष्‍ट्रीय खेल अधिनियम के कथित उल्‍लंघन के आरोपों पर दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने यह आदेश दिया था।

‘चक्रवात नोरू 

शक्तिशाली चक्रवात ‘नोरू’ के कारण फिलीपींस में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। चक्रवात से देश के पूर्वी द्वीप तबाह हो गए हैं। नागरिकों से उच्च खतरे वाले क्षेत्रों को तुरंत खाली करने को कहा गया है। चक्रवात के कारण 240 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल रही हैं। इससे राजधानी मनीला में भूस्खलन, बाढ़ और चक्रवात के खतरे की आशंका है। 24 घंटे में चक्रवात की तीव्रता में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की वृद्धि हुई है। फिलीपींस के मौसम विभाग ने लूज़ोन द्वीप के लिये भी चेतावनी जारी की है। चक्रवात के कारण क्वेज़ोन प्रांत में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई  है। दिसंबर 2021 में चक्रवात ‘राय’ से फिलीपींस में व्‍यापक विनाश हुआ था और लगभग 400 लोगों की मौत हो गई थी। चक्रवात ‘नोरू’  को इस वर्ष दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में आने वाला सबसे शक्तिशाली चक्रवात माना जा रहा है। फिलीपींस दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित एक देश है। पश्चिमी प्रशांत महासागर में स्थित द्वीपों के समूह से बने इस देश का आधिकारिक नाम 'फिलीपींस गणतंत्र' है और इसकी राजधानी मनीला है। फिलीपीन द्वीप-समूह पूर्व में फिलीपींस महासागर से पश्चिम में दक्षिण चीन सागर से और दक्षिण में सेलेबस सागर से घिरा हुआ है। 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow