दृष्टि के NCERT कोर्स के साथ करें UPSC की तैयारी और जानें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी समारोह

  • 07 Nov 2025
  • 39 min read

स्रोत: पी.आई.बी

चर्चा में क्यों? 

हॉकी इंडिया ने 7 नवंबर को पूरे देश में आयोजित कार्यक्रमों के साथ भारतीय हॉकी के 100 वर्ष (1925–2025) पूरे होने का उत्सव मनाया, जिसकी अगुवाई नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह ने की।

विगत 100 वर्षों में भारतीय हॉकी कैसे विकसित हुई है?

  • हॉकी की उत्पत्ति: हॉकी का इतिहास लगभग 4,000 वर्ष पुराना है, जिसके प्रारंभिक उल्लेख ईरान, मिस्र और यूनान में मिलते हैं। आधुनिक हॉकी का रूप ब्रिटेन में विकसित हुआ, जहाँ वर्ष 1876 में औपचारिक नियम बनाए गए।
    • हॉकी के दो प्रमुख प्रकार हैं- फील्ड हॉकी और आइस हॉकीफील्ड हॉकी कृत्रिम घास वाले मैदान (Artificial Pitch) पर खेली जाती है, जबकि आइस हॉकी बर्फ की सतह (Ice Rink) पर स्केटिंग करने वाली टीमों द्वारा खेली जाती है।
  • भारत में आगमन: हॉकी का आगमन भारत में 1850 के दशक में ब्रिटिश शासन के दौरान हुआ। यह शीघ्र ही लोकप्रिय हो गई, जिसके परिणामस्वरूप पहला हॉकी क्लब 1855 में कोलकाता (कलकत्ता) में स्थापित किया गया।
    • घरेलू प्रतियोगिताएँ: बेटन कप (कोलकाता) और आगा खान टूर्नामेंट (बॉम्बे) जैसी घरेलू प्रतियोगिताओं ने इस खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाया।
    • भारतीय हॉकी महासंघ (IHF), भारत में हॉकी के लिये पहली शासी संस्था भारतीय हॉकी महासंघ (Indian Hockey Federation- IHF) की स्थापना 7 नवंबर, 1925 को की गई थी, जो अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) की स्थापना के एक वर्ष बाद बनी।
  • शीर्ष शासी निकाय: हॉकी इंडिया (Hockey India- HI) की स्थापना वर्ष 2009 में भारतीय हॉकी महासंघ (IHF) (पुरुषों) और भारतीय महिला हॉकी महासंघ के विलय के बाद की गई। यह भारत में हॉकी के लिये शीर्ष शासी निकाय के रूप में कार्य करती है।
    • हॉकी इंडिया (HI) को वर्ष 2014 में राष्ट्रीय खेल महासंघ (National Sports Federation) के रूप में मान्यता प्राप्त हुई।
    • यह अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH), भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और एशियाई हॉकी महासंघ (AHF) से संबद्ध है तथा राष्ट्रीय टीमों को सशक्त बनाने के लिये दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम संचालित करती है।

भारत की हॉकी उपलब्धियाँ

  • स्वर्ण युग (1928–1956): इस अवधि में भारत विश्व की सबसे सफल हॉकी राष्ट्र बन गया, जब लगातार छह ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते- एम्स्टर्डम (1928), लॉस एंजेलिस (1932), बर्लिन (1936), लंदन (1948), हेलसिंकी (1952) और मेलबर्न (1956)।
    • वर्ष 2025 तक, भारत 13 ओलंपिक पदकों (8 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य) के शानदार प्रदर्शन के साथ विश्व की सबसे सफल हॉकी राष्ट्र बन चुका है।
  • वर्ल्ड कप गौरव (1975): भारत ने 1975 में मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित हॉकी विश्व कप में खिताब जीतकर अपना एकमात्र विश्व कप गौरव प्राप्त किया।
  • क्षेत्रीय वर्चस्व (1980 से वर्तमान तक): भारत ने अब तक चार पुरुष एशिया कप हॉकी खिताब जीते हैं, जिससे वह दक्षिण कोरिया के बाद दूसरे स्थान पर है। इन विजयों में सबसे हालिया सफलता भारत के बिहार में आयोजित 2025 के संस्करण में प्राप्त हुई।
    • भारत ने तीनों महाद्वीपीय खिताब (एशियाई खेल, एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी (ACT) और एशिया कप) अपने नाम कर लिये हैं और यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली पुरुष टीम बन गई है।
  • ध्यानचंद और विरासत: भारत के 1926 के न्यूज़ीलैंड दौरे ने ध्यानचंद (जिन्हें "हॉकी का जादूगर" और व्यापक रूप से सर्वकालिक महानतम खिलाड़ी माना जाता है) को उजागर किया। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अब भारत के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के रूप में उनकी विरासत का सम्मान करता है।
  • प्रतीक: भारत की समृद्ध हॉकी विरासत बलबीर सिंह सीनियर, मोहम्मद शाहिद, धनराज पिल्लै, पी.आर. श्रीजेश, हरमनप्रीत सिंह और सविता पुनिया जैसे महान खिलाड़ियों के माध्यम से होती है, जिनके अद्वितीय कौशल और प्रेरक नेतृत्व ने विभिन्न युगों में खेल की दिशा और गौरव को निर्धारित किया।
  • समकालीन प्रदर्शन: महिला टीम ने वर्ष 2020 ओलंपिक में उल्लेखनीय चौथा स्थान हासिल किया
    • वर्तमान FIH रैंकिंग में, जुलाई 2025 तक भारत की पुरुष टीम 5वें और महिला टीम 9वें स्थान पर है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

1. अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (IHF) की स्थापना कब हुई थी?
IHF की स्थापना 7 नवंबर, 1925 को हुई थी, जो अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (IHF) के निर्माण के एक वर्ष बाद हुई थी।

2. हॉकी इंडिया का गठन कब हुआ और इसकी स्थिति क्या है?
हॉकी इंडिया का गठन वर्ष 2009 में हुआ था और इसे वर्ष 2014 में राष्ट्रीय खेल महासंघ (NSF) के रूप में मान्यता दी गई थी।

3. भारत ने कितने हॉकी विश्व कप खिताब जीते हैं?
भारत ने एक विश्व कप का खिताब जीता है, जो उसने वर्ष 1975 में (कुआलालंपुर, मलेशिया) में जीता था।

4. हॉकी में भारत की वर्तमान FIH विश्व रैंकिंग क्या है?
वर्ष 2025 तक, FIH रैंकिंग में पुरुषों की टीम 5वें स्थान पर है और महिलाओं की टीम 9वें स्थान पर है।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्षों के प्रश्न (PYQ)

प्रश्न. 32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये:

  1. इस ओलंपिक का आधिकारिक आदर्श वाक्य- 'एक नई दुनिया' है।
  2.  इस ओलंपिक में स्पोर्ट क्लाइंबिंग, सर्फिंग, स्केटबोर्डिंग, कराटे और बेसबॉल खेलों को शामिल किया गया है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (b)

close
Share Page
images-2
images-2