इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


अंतर्राष्ट्रीय संबंध

दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस को भारत का समर्थन

  • 03 Apr 2024
  • 13 min read

प्रिलिम्स के लिये:

फिलीपींस, दक्षिण चीन सागर, ताइवान, लूजॉन स्ट्रेट, मलक्का जलसंधि, नाइन-डैश लाइन, सेनकाकू द्वीपसमूह, एजियन सागर, विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र, एक्ट ईस्ट पॉलिसी, आसियान, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल

मेन्स के लिये:

दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में विवाद, भारत और फिलीपींस के बीच सहयोग के क्षेत्र।

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

चर्चा में क्यों? 

दक्षिण चीन सागर पर चीन के साथ विवाद के बीच हाल ही में विदेश मंत्रालय ने फिलीपींस द्वारा अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता को बनाए रखने में फिलीपींस का दृढ़ता से समर्थन किया है।

  • वर्ष 2024 में फिलीपींस और भारत के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। यह सफर दोनों देशों के बीच एक परिवर्तनकारी साझेदारी का प्रतीक है।

दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में विवाद क्या है?

  • दक्षिण चीन सागर का महत्त्व: 
    • सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण अवस्थिति: सामरिक दृष्टि से दक्षिण चीन सागर की अवस्थिति महत्त्वपूर्ण है, इसकी सीमा उत्तर में चीन और ताइवान से, पश्चिम में भारत-चीन प्रायद्वीप (वियतनाम, थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर सहित), दक्षिण में इंडोनेशिया तथा ब्रुनेई एवं पूर्व में फिलीपींस (जिसे पश्चिम फिलीपीन सागर कहा जाता है) से लगती है।
      • यह ताइवान जलसंधि द्वारा पूर्वी चीन सागर से और लूज़ॉन जलसंधि द्वारा फिलीपीन सागर (प्रशांत महासागर के दोनों सीमांत समुद्र) से जुड़ा हुआ है।
    • व्यापारिक महत्त्व: समुद्री मार्ग से व्यापार का एक-तिहाई हिस्सा दक्षिण चीन सागर के माध्यम से किया जाता है। चीन का 64% से अधिक समुद्री व्यापार दक्षिण चीन सागर पर निर्भर है।
      • भारत का 55% से अधिक व्यापार दक्षिण चीन सागर और मलक्का जलसंधि से होता है।
    • मत्स्य पालन के लिये महत्त्वपूर्ण क्षेत्र: दक्षिण चीन सागर मत्स्य पालन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण एवं एक समृद्ध क्षेत्र भी है, जो इस क्षेत्र के लाखों लोगों के लिये आजीविका व खाद्य सुरक्षा का एक प्रमुख स्रोत है।
      • यह वैविध्यपूर्ण समुद्री पारितंत्र और मत्स्य पालन को बनाए रखने में मदद करता है, साथ ही यह क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं तथा खाद्य आपूर्ति में भी महत्त्वपूर्ण योगदान देता है।
  • विवाद: 
    • दक्षिण-चीन सागर विवाद का केंद्र भूमि सुविधाओं (द्वीपों और चट्टानों) और उनसे संबंधित क्षेत्रीय जल पर क्षेत्रीय दावों के इर्द-गिर्द घूमता है।
      • इन विवादों में शामिल पक्षों में चीन, ब्रुनेई, ताइवान, फिलीपींस, वियतनाम और मलेशिया शामिल हैं।
      • चीन अपने "नाइन-डैश लाइन" मानचित्र के साथ समुद्र के 90% हिस्से पर दावा करता है और नियंत्रण स्थापित करने के लिये इसने द्वीपों का भौतिक रूप से विस्तार किया है तथा वहाँ सैन्य प्रतिष्ठानों का निर्माण किया है।
    • चीन पारासेल और स्प्रैटली द्वीप समूह में विशेष रूप से सक्रिय है। चीन निरंतर तटरक्षक उपस्थिति के माध्यम से स्कारबोरो शोल को भी नियंत्रित करता है।

क्षेत्रीय विवादों का सामना करने वाले अन्य प्रमुख जल निकाय कौन-से हैं?

समुद्री क्षेत्र

शामिल प्राथमिक देश

क्षेत्रीय विवाद

मैप 

पूर्वी चीन सागर

चीन, जापान, ताइवान

सेनकाकू/डियाओयू द्वीप समूह पर विवाद

एजियन सागर

ग्रीस, तुर्की

अतिव्यापी दावे, संसाधन अन्वेषण, समुद्री सीमाएँ

आर्कटिक महासागर

अमेरिका, कनाडा, रूस, डेनमार्क, नॉर्वे

विस्तारित विशिष्ट आर्थिक क्षेत्रों के लिये दावे 

समुद्री विवादों में सलामी स्लाइसिंग तकनीक क्या है?

  • परिचय: इसमें समय के साथ छोटे, क्रमिक कार्यों के माध्यम से समुद्री क्षेत्रों पर नियंत्रण बढ़ाने वाले देश शामिल हैं।
    • यह सीधे टकराव से बचता है, कानूनी अस्पष्टताओं का फायदा उठाता है और विवादित जल में प्रभाव स्थापित करने तथा अपरिवर्तनीय स्थिति पैदा करने का लक्ष्य रखता है।
  • उदाहरण: चीन पर कृत्रिम द्वीपों के निर्माण, संसाधन अन्वेषण का संचालन करने और अन्य देशों के लिये नियंत्रण तथा पहुँच को सीमित करने हेतु मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाने जैसी कार्रवाइयों के माध्यम से दक्षिण चीन सागर में सलामी स्लाइसिंग तकनीक को नियोजित करने का आरोप लगाया गया है।
    • उदाहरण के लिये, हाल ही में चीनी तट रक्षक जहाज़ों ने सेकेंड थॉमस शोल में फिलीपीन जहाज़ों को रोक दिया, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में तनाव बढ़ गया।

भारत और फिलीपींस के बीच सहयोग के क्षेत्र क्या हैं?

  • परिचय: भारत और फिलीपींस ने औपचारिक रूप से 26 नवंबर, 1949 को राजनयिक संबंध स्थापित किये।
    • वर्ष 2014 में शुरू की गई एक्ट ईस्ट पॉलिसी के साथ, फिलीपींस के साथ संबंध राजनीतिक सुरक्षा, व्यापार, उद्योग और  पीपल-टू-पीपल क्षेत्रों में तथा अधिक विविध हो गए हैं।
  • द्विपक्षीय व्यापार: भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के आधिकारिक व्यापार आँकड़ों के अनुसार भारत और फिलीपींस के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2022-23 में पहली बार 3 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक हो गया है।
    • भारत फिलीपींस को अभियांत्रिकी वस्तु, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, पेट्रोलियम उत्पाद, भेषजीय पदार्थ, गोजातीय नस्ल के पशुओं का माँस, तिलहन, तंबाकू और मूंगफली का निर्यात करता है।
    • फिलीपींस से भारत में आयात की जाने वाली वस्तुओं में विद्युत मशीनरी, अर्द्धचालक, अयस्क, ताँबा, प्लास्टिक, मोती, खाद्य उद्योग से प्राप्त अपशिष्ट और पशु चारा शामिल हैं।
  • स्वास्थ्य और चिकित्सा: फिलीपींस भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सिन के आपातकालीन उपयोग को अनुमति (EUA) प्रदान करने वाला पहला आसियान सदस्य था।
    • वर्तमान में भारत द्वारा आसियान देशों को किये जाने वाले कुल औषध निर्यात का 20% फिलीपींस को किया जाता है और भारत इसका सबसे बड़ा आपूर्तिकर्त्ता है।
  • विज्ञान और प्रौद्योगिकी: भारत और फिलीपींस ने विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एक द्विपक्षीय सहयोग कार्यक्रम (Programme of Cooperation- POC) पर अक्तूबर 2019 में हस्ताक्षर किये जिसमें कृषि जैव प्रौद्योगिकी, भौतिक विज्ञान एवं महासागर विज्ञान जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
    • भारत ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल के तट-आधारित एंटी-शिप संस्करण की आपूर्ति के लिये जनवरी 2022 में फिलीपींस के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया।
      • यह भारत की उन्नत रक्षा क्षमताओं की वैश्विक मांग को रेखांकित करता है।

 

दृष्टि मेन्स प्रश्न:

प्रश्न. दक्षिण चीन सागर में हाल के विवादों के संदर्भ में क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक व्यवस्था पर अनिर्णीत समुद्री विवादों के संभावित आर्थिक तथा सुरक्षा प्रभावों का आकलन कीजिये।

प्रश्न. भू-राजनीतिक और भू-आर्थिक आयामों पर विचार करते हुए भारत तथा फिलीपींस के मध्य विकसित होते संबंधों का मूल्यांकन कीजिये।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2018)

क्षेत्र जो कभी-कभी                -       देश
समाचारों में उल्लिखित होते हैं

  1. केटालोनिया              -             स्पेन
  2. क्रीमिया                    -            हंगरी
  3. मिंडानाओ                -             फिलीपींस
  4. ओरोमिया                 -            नाइजीरिया

उपर्युक्त युग्मों में से कौन-से सही सुमेलित है?

(a) 1, 2 और 3
(b) केवल 3 और 4
(c) केवल 1 और 3
(d) केवल 2 और 4

उत्तर: (c)


प्रश्न. दक्षिण-पूर्व एशिया ने भू-स्थानिक रूप से महत्त्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में अंतरिक्ष और समय पर वैश्विक समुदाय का ध्यान आकर्षित किया है। निम्नलिखित में से कौन-सी इस वैश्विक परिप्रेक्ष्य के लिये सबसे ठोस व्याख्या है? (2011) 

(a) द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यह सबसे गर्म थिएटर था।
(b) चीन और भारत की एशियाई शक्तियों के बीच इसका स्थान।
(c) यह शीत युद्ध के समय में महाशक्ति टकराव का अखाड़ा था।
(d) प्रशांत और भारतीय महासागरों तथा इसके पूर्व-प्रख्यात समुद्री चरित्र के बीच इसका स्थान। 

उत्तर: (d)


प्रश्न. निम्नलिखित देशों पर विचार कीजिये: (2018) 

  1. ऑस्ट्रेलिया
  2. कनाडा
  3. चीन
  4. भारत
  5. जापान 
  6. संयुक्त राज्य अमेरिका  

उपर्युक्त में से कौन-कौन आसियान (ए.एस.इ.ए.एन.) के 'मुक्त व्यापार भागीदारों' में से हैं? 

(a) 1, 2, 4 और 5 
(b) 3, 4, 5 और 6 
(c) 1, 3, 4 और 5 
(d) 2, 3, 4 और 6 

उत्तर: (C)


प्रश्न. निम्नलिखित देशों पर विचार कीजिये: (2009) 

  • ब्रुनेई दारुस्सलाम 
  • पूर्वी तिमोर
  • लाओस

उपर्युक्त में से कौन-कौन आसियान (ए.एस.इ.ए.एन.) का सदस्य है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2 और 3 
(c) केवल 1 और 3 
(d) 1, 2 और 3 

उत्तर: C


मेन्स:

प्रश्न. शीतयुद्धोत्तर अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य के संदर्भ में, भारत की पूर्वोन्मुखी नीति के आर्थिक और सामरिक आयामों का मूल्याकंन कीजिये। (2016)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2