दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


जैव विविधता और पर्यावरण

चक्रवाती तूफान ‘फानी’

  • 01 May 2019
  • 4 min read

चर्चा में क्यों?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department- IMD) के आँकड़ों की मानें तो हाल ही में उत्तरी हिंद महासागर में विकसित चक्रवाती तूफान फानी (Cyclonic storm Fani) 1976 के बाद इस क्षेत्र का पहला तीव्र (अप्रैल के महीने में) चक्रवात है।

प्रमुख बिंदु

  • भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान फानी की उत्पत्ति ग्लोबल वार्मिंग के कारण बंगाल की खाड़ी के बेसिन का तापमान बढ़ने से हुई है।

india

  • भारत मौसम विज्ञान विभाग की चक्रवात-सांख्यिकी के आँकड़ों से पता चलता है कि 1965-2017 के बीच बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों में कुल 46 गंभीर चक्रवाती तूफान विकसित हुए।
  • ‘फानी’ एक उष्ण-कटिबंधीय चक्रवात है।

उष्ण-कटिबंधीय चक्रवात

  • उष्ण-कटिबंधीय चक्रवात कर्क रेखा तथा मकर रेखा के बीच उत्पन्न होने वाले चक्रवात होते हैं।
  • ये साधारणतः अप्रैल से नवंबर के बीच आते हैं।
  • वृहद् समुद्री सतह जहाँ तापमान 27°C से अधिक हो, कोरिओलिस बल का होना, उर्ध्वाधर वायु कर्तन (Vertical Wind Shear) का क्षीण होना, समुद्री तल तंत्र का ऊपरी अपसरण आदि इनकी उत्पत्ति एवं विकास के लिये अनुकूल स्थितियाँ हैं।
  • अत्यधिक वाष्पीकरण के कारण आर्द्र हवाओं के ऊपर उठने से इनका निर्माण होता है।
  • उष्ण-कटिबंधीय चक्रवात अपने निम्नदाब के कारण ऊँची सागरीय लहरों का निर्माण करते हैं।
  • इन चक्रवातों का मुख्य प्रभाव तटीय भागों में पाया जाता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD)

  • भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत यह मौसम विज्ञान प्रेक्षण, मौसम पूर्वानुमान और भूकंप विज्ञान का कार्यभार संभालने वाली सर्वप्रमुख एजेंसी है।
  • IMD विश्व मौसम विज्ञान संगठन के छह क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्रों में से एक है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का मुख्यालय नई दिल्ली में है।
  • वर्ष 1864 में चक्रवात के कारण कलकत्ता में हुई क्षति और वर्ष 1866 तथा वर्ष 1871 के अकाल के बाद मौसम विश्लेषण और डाटा संग्रह के कार्य को एक ढाँचे के अंतर्गत किये जाने करने का निर्णय लिया गया।
  • इसके परिणामस्वरूप वर्ष 1875 में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की स्थापना हुई।
  • हेनरी फ्राँसिस ब्लैनफर्ड को विभाग के पहले मौसम विज्ञान संवाददाता के रूप में नियुक्त किया गया था।
  • IMD का मुख्यालय वर्ष 1905 में शिमला, बाद में 1928 में पुणे और अंततः नई दिल्ली में स्थानांतरित किया गया।

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र

  • भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (Indian National Centre for Ocean Information Services- INCOIS) की स्थापना वर्ष 1999 में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त निकाय के रूप में की गई थी।
  • यह पृथ्वी प्रणाली विज्ञान संगठन (Earth System Science Organization- ESSO) की एक इकाई है।

स्रोत- द हिंदू

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow