राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स
खाद्य एवं कृषि स्थिति (SOFA) रिपोर्ट 2025
- 08 Nov 2025
- 20 min read
चर्चा में क्यों?
खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने “विभिन्न भूमि स्वामित्व स्तरों पर भूमि क्षरण का समाधान” नामक शीर्षक से खाद्य एवं कृषि स्थिति (SOFA) रिपोर्ट 2025 जारी की है।
मुख्य बिंदु
- रिपोर्ट के बारे में:
- वैश्विक कृषि भूमि में कमी: लगभग 20% वैश्विक कृषि भूमि में मृदा अपरदन, पोषक तत्त्वों की कमी और कार्बन की हानि के कारण उत्पादकता में गिरावट देखी जा रही है।
- क्षेत्रीय प्रभाव: एशिया और अफ्रीका सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहाँ दक्षिण एशिया तथा उप-सहारा अफ्रीका में उत्पादकता में गंभीर अंतर (संभावित स्तर से 70% तक कम) देखा गया है।
- भारत की स्थिति: भारत में वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक उपज अंतराल (yield gap) देखा गया है, जिसका मुख्य कारण भूमि का अत्यधिक उपयोग और मृदा की उर्वरता में गिरावट है।
- मुख्य प्रेरक करक: वनों की कटाई (वन हानि का 90%), एकल फसल उत्पादन, अत्यधिक उर्वरक उपयोग, अनियमित सिंचाई और खराब मिट्टी प्रबंधन।
- भूमि क्षरण:
- भूमि क्षरण को आवश्यक पारिस्थितिकी तंत्र सेवाएँ प्रदान करने की भूमि की क्षमता में दीर्घकालिक गिरावट के रूप में परिभाषित किया जाता है, जो प्राकृतिक प्रक्रियाओं और मानवीय गतिविधियों जैसे वनों की कटाई, अतिचारण तथा असंगत सिंचाई के कारण होती है।
- भूमि क्षरण तटस्थता (LDN):
- यह एक वैश्विक लक्ष्य है, जिसका उद्देश्य भूमि संसाधनों की मात्रा और गुणवत्ता को स्थिर रखना या समय के साथ इसमें सुधार सुनिश्चित करना है।
- इसे वर्ष 2015 में सतत् विकास लक्ष्य (SDG) 15.3 के भाग के रूप में, मरुस्थलीकरण से निपटने हेतु संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (UNCCD) के तहत अपनाया गया।
- भूमि क्षरण तटस्थता (LDN) पदानुक्रम:
- भूमि क्षरण से बचें > कम करें > पलटें ( Avoid > Reduce > Reverse land degradation) यह पारिस्थितिकी संतुलन को बहाल करने के लिये FAO का मुख्य सिद्धांत है।
खाद्य और कृषि संगठन (FAO)
- परिचय:
- इसकी स्थापना वर्ष 1945 में हुई थी। इसका मुख्यालय रोम, इटली में स्थित है।
- यह संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी के रूप में कार्य करता है और इसके 194 सदस्य देश हैं, जिनमें यूरोपीय संघ भी शामिल है।
- उद्देश्य:
- इसका उद्देश्य भुखमरी को समाप्त करना, पोषण में सुधार करना, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और सतत् कृषि को बढ़ावा देना है।
- प्रमुख रिपोर्ट:
- खाद्य एवं कृषि स्थिति (SOFA)
- विश्व में खाद्य सुरक्षा और पोषण की स्थिति (SOFI)
- विश्व मत्स्य पालन और जलीय कृषि की स्थिति (SOFIA)
- विश्व के वनों की स्थिति (SOFO)
- भारत और FAO:
- भारत FAO का एक संस्थापक सदस्य है; यह भारत के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना और सतत् भूमि प्रबंधन पहलों का समर्थन करता है।