उत्तर प्रदेश
कन्नौज FSL ने ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त किया
- 12 Aug 2025
- 17 min read
चर्चा में क्यों?
उत्तर प्रदेश में कन्नौज फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL), ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन प्राप्त करने वाली राज्य की पहली प्रयोगशाला बन गई है।
मुख्य बिंदु
- प्रमाणन के बारे में:
- 8 अगस्त, 2025 को तकनीकी सेवा मुख्यालय के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने यह प्रमाण-पत्र उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण को औपचारिक रूप से प्रदान किया।
- यह प्रमाणन प्रयोगशाला की फॉरेंसिक जाँच और विश्लेषण में उच्च मानकों की मान्यता देता है, जो क्षेत्र की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को महत्त्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती है।
- प्रयोगशाला ने ISO 9001:2015 मानकों को पूरा करने के लिये विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में महत्त्वपूर्ण सुधार किये, जैसे उन्नत उपकरण, भंडारण, स्टाफ सेवाएँ, नमूना संग्रह और ऑडिट।
- महत्त्व:
- यह प्रमाणन न केवल कन्नौज प्रयोगशाला के परिचालन ढाँचे को मज़बूत बनाता है, बल्कि न्यायिक कार्यवाही में प्रस्तुत किये जाने वाले फॉरेंसिक साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बढ़ाता है।
उत्तर प्रदेश में फोरेंसिक प्रयोगशालाएँ
- वर्ष 2025 के मध्य तक, उत्तर प्रदेश में कुल 12 (लखनऊ, वाराणसी, आगरा और गाज़ियाबाद, झाँसी, कन्नौज, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली, गोंडा, अलीगढ़ तथा मुरादाबाद) परिचालन फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाएँ हैं तथा 6 (अयोध्या, बस्ती, बाँदा, आज़मगढ़, मिर्ज़ापुर एवं सहारनपुर) और प्रयोगशालाएँ स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे राज्य में कुल फोरेंसिक प्रयोगशालाओं की संख्या 18 हो जाएगी।
ISO 9001:2015 प्रमाणन
- ISO 9001:2015 प्रमाणन गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (QMS) के लिये एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मानक है, जिसे अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (ISO) द्वारा प्रकाशित किया जाता है।
- ISO एक स्वतंत्र, गैर-सरकारी अंतर्राष्ट्रीय संगठन है, जो सर्वोत्तम प्रथाओं को स्थापित करने के लिये वैश्विक विशेषज्ञों को एकजुट करता है।
- किसी भी आकार या क्षेत्र के संगठन ग्राहक और नियामक आवश्यकताओं को पूरा करने वाले उत्पाद तथा सेवाएँ लगातार प्रदान करने की अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिये इस प्रमाणन का प्रयास कर सकते हैं।
- इसके लाभों में ग्राहकों का विश्वास बढ़ना, कार्यकुशलता में सुधार, बाज़ार तक आसान पहुँच तथा निरंतर व्यावसायिक सुधार के लिये एक संरचित दृष्टिकोण शामिल हैं।