राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स
पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दंडमुक्ति समाप्त करने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस (IDEI) 2025
- 03 Nov 2025
- 20 min read
चर्चा में क्यों?
2 नवंबर, 2025 को संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) के तत्वावधान में पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दंडमुक्ति समाप्त करने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day to End Impunity for Crimes Against Journalists- IDEI) मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विशेष फोकस विषय है “महिला पत्रकारों के विरुद्ध AI-सक्षम लैंगिक आधारित हिंसा” (AI-facilitated Gender-Based Violence against Women Journalists)। यह अभियान इस बात पर ध्यान केंद्रित करता है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) किस प्रकार मीडिया में कार्यरत महिलाओं के विरुद्ध नए प्रकार के उत्पीड़न और उनकी आवाज़ दबाने के तरीकों को सक्षम बना रही है।
मुख्य बिंदु
- यह दिवस संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2013 में स्थापित किया गया था, जब फ्राँसीसी पत्रकार गिस्लेन ड्यूपॉंट (Ghislaine Dupont) और क्लॉड वर्लोन (Claude Verlon) की माली में हत्या की गई थी।
- यूनेस्को का अभियान: संगठन ने “CTRL + ALT + MUTE” नामक जन-जागरूकता पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य महिला पत्रकारों के समक्ष मौजूद खतरों को उजागर करना और दंडमुक्ति तथा डिजिटल हिंसा के विरुद्ध वैश्विक कार्रवाई को प्रोत्साहित करना है।
- 2025 की थीम: इस वर्ष का फोकस “AI-सक्षम लैंगिक आधारित हिंसा” पर है, जो इस तथ्य को रेखांकित करता है कि डीपफेक्स, डॉक्सिंग और संगठित ऑनलाइन ट्रोलिंग जैसे दुरुपयोग के रूप महिला पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिये गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
- वैश्विक आँकड़े: वर्ष 2006 से 2024 के बीच विश्वभर में 1,700 से अधिक पत्रकारों की हत्या हुई है, जिनमें से लगभग 10 में से 9 मामलों में न्याय नहीं मिल पाया है।
संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (UNESCO)
- स्थापना: 1945 (संविधान 1946 में प्रभावी हुआ)
- मुख्यालय: पेरिस, फ्राँस
- मंडेट (Mandate): शिक्षा, विज्ञान, संस्कृति और संचार के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना, ताकि शांति, सतत् विकास और मानवाधिकारों को विश्वभर में सशक्त किया जा सके।
- मुख्य कार्य:
- अपने कार्यक्षेत्रों में वैश्विक मानक और मानदंड (Norms and Standards) निर्धारित करना।
- अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिये उपकरण और कार्यक्रम विकसित करना।
- ज्ञान का उत्पादन करना और सदस्य देशों के लिये साक्ष्य-आधारित नीतिनिर्माण (Evidence-Based Policymaking) का समर्थन करना।
- विश्व धरोहर स्थल (World Heritage Sites), जीवमंडल आरक्षित क्षेत्र (Biosphere Reserves) और रचनात्मक नगर (Creative Cities) जैसी वैश्विक नेटवर्क व्यवस्थाओं का संरक्षण और प्रबंधन करना।