इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

शेंगेन ज़ोन

  • 19 Feb 2024
  • 7 min read

स्रोत: द हिंदू

चर्चा में क्यों?

हाल ही में शेंगेन अनुमोदन में देरी का सामना करने के बाद कोसोवो (Kosovo) ने एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इसने विश्व के सबसे बड़े मुक्त आवागमन वाले क्षेत्र शेंगेन ज़ोन में वीज़ा-मुक्त पहुँच सुरक्षित कर ली है।

  • कोसोवो इस विशेषाधिकार का आनंद लेने वाला पश्चिमी बाल्कन में अंतिम गैर-यूरोपीय यूनियन (EU) देश बन गया है।

शेंगेन ज़ोन क्या है?

  • परिचय:
    • शेंगेन समझौता 1985 में यूरोपीय आर्थिक समुदाय के पाँच सदस्य देशों (बेल्जियम, फ्राँस, जर्मनी, लक्ज़मबर्ग और नीदरलैंड) द्वारा हस्ताक्षरित एक संधि है।
      • समझौते का उद्देश्य यूरोप में एक सीमा-मुक्त क्षेत्र बनाना है जो लोगों, वस्तुओं, सेवाओं और पूंजी की मुक्त आवाजाही की अनुमति देता है जिसे शेंगेन ज़ोन कहा जाता है, जहाँ आंतरिक सीमा जाँच को काफी हद तक समाप्त कर दिया जाता है।
    • बिना ऑप्ट-आउट के सभी यूरोपीय संघ के सदस्य देशों को तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने पर शेंगेन में शामिल होना होगा।
      • स्विट्ज़रलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और आइसलैंड जैसे गैर-यूरोपीय यूनियन देश विशेष एसोसिएशन समझौतों के माध्यम से शेंगेन का हिस्सा हैं।
    • समय के साथ शेंगेन ज़ोन बढ़कर 27 देशों तक फैल गया है, जो 4 मिलियन वर्ग किलोमीटर से अधिक में फैला है और लगभग 420 मिलियन निवासियों की मेज़बानी करता है।
  • शेंगेन के लाभ:
    • शेंगेन सीमा जाँच के बिना सदस्य राज्यों में 400 मिलियन से अधिक व्यक्तियों के लिये निर्बाध यात्रा को सक्षम बनाता है।
    • पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देते हुए वार्षिक लगभग 1.25 बिलियन यात्राओं की सुविधा प्रदान करता है।
    • शेंगेन आतंकवाद और संगठित अपराध से निपटने के लिये पुलिस, सीमा शुल्क तथा सीमा नियंत्रण अधिकारियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देता है।
    • शेंगेन देशों के नागरिकों के लिये वीज़ा मुक्त यात्रा एवं आंतरिक सीमा जाँच की अनुपस्थिति सुविधा में वृद्धि के साथ आर्थिक एकीकरण की सुविधा भी प्रदान करती है।
    • शेंगेन का सीमा-मुक्त शासन एकता एवं एकीकरण के यूरोपीय मूल्यों का प्रतीक है।

कोसोवो के बारे में मुख्य तथ्य:

  • कोसोवो, जिसमें बहुसंख्यक अल्बानियाई आबादी एवं सर्ब अल्पसंख्यक हैं, अल्बानिया, मैसेडोनिया, सर्बिया और मोंटेनेग्रो से घिरा एक भूमि-रुद्ध क्षेत्र है।
  • इसकी राजधानी तथा सबसे बड़ा शहर प्रिस्टिना है।
  • विश्व बैंक के अनुसार कोसोवो एक संसदीय गणतंत्र तथा उच्च-मध्यम आय वाला देश है। इसने 17 फरवरी 2008 को सर्बिया से स्वतंत्रता की घोषणा की और 100 से अधिक संयुक्त राष्ट्र सदस्यों द्वारा इसे एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दी गई है।
    • भारत, ब्राज़ील, चीन, रूस तथा मैक्सिको ने कोसोवो को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता नहीं दी है।
    • हालाँकि सर्बिया कोसोवो को एक स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता नहीं देता है तथा कोसोवो एवं मेटोहिजा के स्वायत्त प्रांत के रूप में दावा करता रहता है।

और पढ़ें… कोसोवो-सर्बिया संघर्ष

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2023)

प्रायः समाचारों में उल्लिखित होने वाले क्षेत्र  समाचारों में होने का कारण

  1. उत्तरी किवू और इटुरी     : आर्मीनिया और अज़रबैजान के बीच युद्ध
  2. नागोर्नो-काराबाख          :   मोज़ाम्बीक में विद्रोह
  3. खेरसॉन और ज़ापोरिज़िया : इज़रायल और लेबनान के बीच विवाद

उपर्युक्त में से कितने युग्म सही सुमेलित हैं?

(a) केवल एक
(b) केवल दो
(c) सभी तीन
d) कोई भी नहीं

उत्तर: (d)

व्याख्या:

  • किवू और इटुरी कांगो गणराज्य से संबंधित हैं। कांगो गणराज्य और रवांडा के बीच युद्ध वर्ष 1994 में 800,000 रवांडन तुत्सी तथा हुतस के नरसंहार के साथ शुरू हुआ। अतः युग्म 1 सही सुमेलित नहीं है।
  • नागोर्नो-काराबाख दक्षिण-पश्चिमी अज़रबैजान का एक क्षेत्र है। इसका उपयोग पूर्व अज़रबैजान सोवियत सोशलिस्ट रिपब्लिक (S.S.R.) के एक स्वायत्त ओब्लास्ट (प्रांत) और स्व-घोषित देश नागोर्नो-काराबाख गणराज्य के लिये किया जाता है, जिसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त नहीं है। पुराने स्वायत्त क्षेत्र ने लगभग 1,700 वर्ग मील (4,400 वर्ग किमी.) के क्षेत्र पर कब्ज़ा कर लिया था, जबकि नागोर्नो-काराबाख के स्व-घोषित गणराज्य की सेना वर्तमान में लगभग 2,700 वर्ग मील (7,000 वर्ग किमी) पर कब्ज़ा कर चुकी है। अतः युग्म 2 सही सुमेलित नहीं है।
  • खेरसॉन और ज़ापोरिज़िया यूक्रेन से संबंधित हैं तथा वे यूक्रेन एवं रूस के बीच विवाद से संबंधित हैं। अतः युग्म 3 सही सुमेलित नहीं है।

 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2