इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 23 मार्च, 2023

  • 23 Mar 2023
  • 5 min read

शहीद दिवस

वर्ष 1931 से प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को पूरे भारत में शहीद दिवस मनाया जाता है। यह तीन स्वतंत्रता सेनानियों- भगत सिंह, सुखदेव थापर, और शिवराम राजगुरु के बलिदान की याद में मनाया जाता है जिन्होंने ब्रिटिश शासन से आज़ादी के लिये भारत की लड़ाई का नेतृत्त्व करते हुए अपनी जान न्यौछावर कर दी थी। वर्ष 1931 में ब्रिटिश सरकार द्वारा इन तीन स्वतंत्रता सेनानियों को फाँसी दे दी गई थी। इन तीनों पर आरोप था कि इन्होंने लाला लाजपत राय की मौत का बदला लेने के लिये वर्ष 1928 में उप पुलिस अधीक्षक जेपी सॉन्डर्स की हत्या की थी।
और पढ़ें… शहीद दिवस

नस्लीय भेदभाव के उन्मूलन के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस

प्रतिवर्ष 21 मार्च को संयुक्त राष्ट्र नस्लीय भेदभाव के उन्मूलन के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में चिह्नित किया जाता है, नस्लभेद के खिलाफ “पास कानून (Pass Law)” हेतु दक्षिण अफ्रीका के शार्पविल में एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान मार्च 1960 में पुलिस द्वारा किये गए संहार के पीड़ितों की स्मृति में इसे नस्लवाद उन्मूलन दिवस भी कहा जाता है। ‘पास कानून’ दक्षिण अफ्रीका में अश्वेत, भारतीय और विभिन्न नस्ल के लोगों के आंदोलन को नियंत्रित करने के लिये इस्तेमाल की जाने वाली प्रणाली थी। इसके अनुसार किसी व्यक्ति को कुछ क्षेत्रों में जाने या रहने की अनुमति होती है और यदि कोई व्यक्ति इन क्षेत्रों के बाहर पाया जाता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता था। नस्लीय भेदभाव के उन्मूलन के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस, 2023 की थीम नस्लवाद और नस्लीय भेदभाव का सामना करने की तात्कालिकता पर केंद्रित है। इस दिवस का उद्देश्य "नस्लीय भेदभाव और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के खिलाफ खड़े होने वाले व्यक्तियों और संगठनों के योगदान की पहचान करना" है।
और पढ़ें… नस्लीय भेदभाव के उन्मूलन के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस

विश्व मौसम विज्ञान दिवस

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की स्थापना के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 23 मार्च को विश्व स्तर पर विश्व मौसम विज्ञान दिवस मनाया जाता है, जिसकी स्थापना वर्ष 1950 में हुई थी। इस वर्ष WMO की 150वीं वर्षगाँठ है। विश्व मौसम विज्ञान दिवस 2023 का विषय “द फ्यूचर ऑफ वेदर, क्लाइमेट एंड वाटर अक्रॉस जेनरेशंस” (The future of weather, climate, and water across generations) है। विश्व मौसम विज्ञान दिवस के लिये चुने गए विषय सामयिक मौसम, जलवायु और जल से संबंधित मुद्दों को दर्शाते हैं। यह दिन "समाज की सुरक्षा एवं भलाई में 'राष्ट्रीय मौसम विज्ञान तथा हाइड्रोलॉजिकल सर्विसेज़' (NMHS) की आवश्यक भूमिका पर प्रकाश डालता है"। साथ ही यह दिन पृथ्वी के वायुमंडल की रक्षा में उनकी भूमिका के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिये भी मनाया जाता है।
और पढ़े… विश्व मौसम विज्ञान दिवस

शारदा पीठ

हाल ही में गृहमंत्री ने शारदा देवी को समर्पित माता शारदा देवी मंदिर का वर्चुअल किया और घोषणा की कि भारत सरकार शारदा-सभ्यता की खोज एवं शारदा-लिपि के प्रचार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम के रूप में शारदा पीठ के लिये करतारपुर-शैली का गलियारा बनाने का प्रयास करेगी। शारदा पीठ एक परित्यक्त हिंदू मंदिर और शिक्षा का प्राचीन केंद्र है। यह नियंत्रण रेखा के साथ जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले के तीतवाल गाँव में पाक-अधिकृत कश्मीर के नीलम घाटी में स्थित है। यह 18 महाशक्ति पीठों में से एक है और इसे हिंदू देवी सरस्वती का निवास माना जाता है। शारदा पीठ कश्मीरी पंडितों के लिये सबसे पूजनीय धार्मिक स्थल है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2