प्रारंभिक परीक्षा
पद्म पुरस्कार 2026
- 27 Jan 2026
- 43 min read
77वें गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर राष्ट्रपति ने 131 लोगों को दिये जाने वाले 2026 के पद्म पुरस्कारों की सूची को अनुमोदित किया, जिसमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।
- प्रमुख पुरस्कार विजेताओं में अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन शामिल हैं, जिन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म पुरस्कार क्या हैं?
- परिचय: पद्म पुरस्कार, भारत रत्न के साथ, देश के सर्वोच्च पुरस्कार हैं जो सार्वजनिक सेवा और मानव प्रयास के सभी क्षेत्रों में असाधारण योगदान को पहचानने के लिये प्रदान किये जाते हैं।
- ऐतिहासिक विकास: पद्म पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1954 में की गई थी। शुरुआत में दो नागरिक पुरस्कार- भारत रत्न (सर्वोच्च) और पद्म विभूषण (जिसकी तीन श्रेणियाँ थीं) स्थापित किये थे। वर्ष 1955 में पद्म विभूषण की श्रेणियों को पुनर्गठित कर प्रतिष्ठा के क्रम में तीन अलग-अलग पुरस्कारों में बदल दिया गया।
- पद्म विभूषण: "असाधारण और विशिष्ट सेवा" के लिये; भारत रत्न के बाद दूसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार।
- पद्म भूषण: "उच्च क्रम की विशिष्ट सेवा" के लिये।
- पद्म श्री: "किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा" के लिये।
- संवैधानिक प्रावधान: भारतीय संविधान का अनुच्छेद 18(1) सभी उपाधियों (जैसे कि राय बहादुर, नवाब) को समाप्त करता है और राज्य को किसी भी व्यक्ति, चाहे वह नागरिक हो या गैर-नागरिक, को उपाधि प्रदान करने से प्रतिबंधित करता है। हालाँकि इस निषेध के दो स्पष्ट अपवाद हैं, अर्थात सैन्य और शैक्षणिक विशिष्टताएँ।
- न्यायिक दृष्टिकोण: 'बालाजी राघवन बनाम भारत संघ, 1996' मामले में, सर्वोच्च न्यायालय (SC) ने यह निर्णय दिया कि भारत रत्न और पद्म पुरस्कार जैसे राष्ट्रीय पुरस्कार असाधारण कार्य और योग्यता की राज्य द्वारा दी गई मान्यता हैं। ये न तो वंशानुगत हैं और न ही व्यक्तिगत उपाधियाँ, इसलिये इन्हें योग्य व्यक्तियों को प्रदान किया जा सकता है।
- इसी प्रकार, इंदिरा जयसिंह बनाम भारत का सर्वोच्च न्यायालय (2017) मामले में, सर्वोच्च न्यायालय ने निर्णय दिया कि ‘वरिष्ठ अधिवक्ता’ का पद अनुभव और दक्षता का एक पेशेवर सीमांकन है, न कि कोई उपाधि और इसलिये यह अनुच्छेद 18 का उल्लंघन नहीं करता है।
- व्यापक क्षेत्र: ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में दिये जाते हैं, जिनमें कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, नागरिक सेवा तथा अन्य शामिल हैं।
- पात्रता: ये पुरस्कार सभी व्यक्तियों के लिये हैं, चाहे उनकी जाति, व्यवसाय, पद या लिंग कुछ भी हो जिसमें भारतीय नागरिक, विदेशी, NRI, PIO और OCI शामिल हैं।
- वर्ष 2014 से सरकार "अपरिचित नायकों" को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित कर रही है, जिससे इन्हें "जनता का पद्म" के रूप में मान्यता मिली है।
- चयन प्रक्रिया: इसे पद्म पुरस्कार समिति के माध्यम से संचालित किया जाता है, जिसका गठन प्रतिवर्ष प्रधानमंत्री द्वारा किया जाता है। इस समिति की अध्यक्षता कैबिनेट सचिव करते हैं और इसमें गृह सचिव, राष्ट्रपति के सचिव तथा 4–6 प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल होते हैं। समिति की सिफारिशें अंतिम मंज़ूरी के लिये प्रधानमंत्री और भारत के राष्ट्रपति के पास भेजी जाती हैं।
- समिति की सिफारिशों के आधार पर इसे प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर घोषित किया जाता है और मार्च/अप्रैल में भारत के राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक रूप से प्रदान किया जाता है। पुरस्कार विजेताओं को एक सनद (प्रमाण पत्र), एक पदक (मेडल) और एक प्रतिकृति दी जाती है।
- मुख्य नियम: सामान्यतः यह पुरस्कार मरणोपरांत नहीं दिया जाता, केवल कुछ अत्यंत योग्य और दुर्लभ मामलों में ही अपवाद बनता है।
- उच्च श्रेणी का पद्म पुरस्कार केवल पिछले पद्म पुरस्कार के कम-से-कम पाँच वर्षों बाद ही दिया जा सकता है।
- यह पुरस्कार कोई उपाधि नहीं है और इसे नाम के पहले या बाद में प्रयोग नहीं किया जा सकता।
- प्रतिवर्ष (मरणोपरांत, NRI, विदेशी और OCI प्राप्तकर्त्ताओं को छोड़कर) अधिकतम 120 पुरस्कारों तक सीमित हैं।
- पुरस्कारों का निलंबन: वार्षिक पुरस्कारों को दो अवसरों पर निलंबित किया गया है:
- 1978–79: मोरारजी देसाई के नेतृत्व वाली जनता पार्टी सरकार द्वारा, जिसने इन्हें 'निरर्थक और राजनीतिक रंग में रंगा हुआ' माना था।
- 1993–97: लंबे समय तक चली मुकदमेबाज़ी (बालाजी राघवन मामला, 1996) के कारण, जिसमें अदालतों में इनकी संवैधानिक वैधता को चुनौती दी गई थी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
1. पद्म पुरस्कार क्या हैं?
पद्म पुरस्कार भारत के प्रमुख नागरिक सम्मान हैं, जिसकी स्थापना वर्ष 1954 में की गई थी। इनका उद्देश्य लोक सेवा और मानवीय प्रयास के विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट और असाधारण सेवा को मान्यता प्रदान करना है।
2. पद्म पुरस्कारों को अनुच्छेद 18 के तहत "उपाधि" क्यों नहीं माना जाता है?
सर्वोच्च न्यायालय ने यह स्पष्ट किया कि पद्म पुरस्कार योग्यता पर आधारित, गैर-वंशानुगत सम्मान हैं; ये नाम के साथ लगाए जाने वाले उपसर्ग या प्रत्यय नहीं हैं, इसलिये अनुच्छेद 18(1) का उल्लंघन नहीं करते।
3. पद्म पुरस्कार प्राप्तकर्त्ताओं के चयन की देखरेख कौन करता है?
प्रधानमंत्री द्वारा नामित और कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाली पद्म पुरस्कार समिति नामांकनों की समीक्षा करती है और अनुशंसाएँ प्रस्तुत करती है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न
प्रश्न. भारत रत्न और पद्म पुरस्कारों के संबंध में, निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2021)
- भारत रत्न और पद्म पुरस्कार भारत के संविधान के अनुच्छेद 18 (1) के अंतर्गत उपाधियाँ हैं।
- वर्ष 1954 में प्रारंभ किये गए पद्म पुरस्कारों को केवल एक बार निलंबित किया गया था।
- किसी वर्ष-विशेष में भारत रत्न पुरस्कारों की अधिकतम संख्या पाँच तक सीमित है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही नहीं हैं?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर: (d)
