इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

महानदी

  • 18 Aug 2022
  • 5 min read

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है, जिसने ओडिशा की महानदी में बाढ़ की आशंका को जन्म दिया है।

  • बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD):

  • IMD की स्थापना वर्ष 1875 में हुई थी।
  • यह भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (Ministry of Earth Science- MoES) की एक एजेंसी है।
  • यह मौसम संबंधी अवलोकन, मौसम पूर्वानुमान और भूकंप विज्ञान के लिये प्रमुख एजेंसी है।

महानदी की प्रमुख विशेषताएँ:

  • परिचय:
    • महानदी प्रणाली ओडिशा राज्य की सबसे बड़ी नदी और प्रायद्वीपीय भारत की तीसरी सबसे बड़ी (गोदावरी और कृष्णा नदी के बाद) नदी है।
    • इस नदी का जलग्रहण क्षेत्र छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और महाराष्ट्र तक विस्तारित है।
    • इसका बेसिन उत्तर में मध्य भारत की पहाड़ियों, दक्षिण और पूर्व में पूर्वी घाट तथा पश्चिम में मैकाल पर्वतमाला से घिरा है।
  • उद्गम:
    • यह छत्तीसगढ़ के रायपुर ज़िले में सिहावा के निकट निकलती है।
  • महानदी की प्रमुख सहायक नदियाँ:
    • शिवनाथ, हसदेव, मांड और ईब महानदी की बाईं जबकि ओंग, तेल और जोंक इसकी दाईं सहायक नदियाँ हैं।
  • महानदी जल विवाद:
  • महानदी पर प्रमुख बाँध/परियोजनाएँ:
    • हीराकुंड बाँध: यह भारत का सबसे लंबा बांँध है।
    • रविशंकर सागर, दुधावा जलाशय, सोंदूर जलाशय, हसदेव बांगो और तांडुला अन्य प्रमुख परियोजनाएँ हैं।
  • शहरी केंद्र:
    • बेसिन में तीन महत्त्वपूर्ण शहरी केंद्र रायपुर, दुर्ग और कटक हैं।
  • उद्योग:
    • महानदी बेसिन, अपने समृद्ध खनिज संसाधन और पर्याप्त विद्युत संसाधन के कारण एक अनुकूल औद्योगिक पारितंत्र है।
      • भिलाई में लौह एवं इस्पात संयंत्र
      • हीराकुंड और कोरबा में एल्युमीनियम के कारखाने
      • कटक के पास पेपर मिल
      • सुंदरगढ़ में सीमेंट कारखाना।
    • मुख्य रूप से कृषि उत्पादों पर आधारित अन्य उद्योग चीनी और कपड़ा मिलें हैं।
    • कोयला, लोहा और मैंगनीज का खनन अन्य औद्योगिक गतिविधियाँ हैं।

Mahanadi

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्षो के प्रश्न (PYQs):

प्रश्न: निम्नलिखित नदियों पर विचार कीजिये: (2015)

  1. वंशधारा
  2. इंद्रावती
  3. प्राणहिता
  4. पेन्नार

उपर्युक्त में से गोदावरी की सहायक नदियाँ कौन-सी हैं?

(a) 1, 2 और 3
(b) 2, 3 और 4
(c) 1, 2 और 4
(d) 2 और 3

उत्तर: (d)

व्याख्या:

  • गोदावरी नदी का उद्गम महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर में होता है। यह महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा आदि राज्यों में बहती है। यह बंगाल की खाड़ी में मिल जाती है।
  • इसकी बायीं ओर की सहायक नदियों में प्राणहिता, इंद्रावती (वेनगंगा, पेंगंगा, वर्धा और वैनगंगा का संयुक्त जल), सबरी आदि शामिल हैं, जबकि इसके दाहिने किनारे की सहायक नदियों में प्रवरा, मंजीरा, मनेर आदि शामिल हैं। अतः 2 और 3 सही हैं।
  • वामसाधारा नदी ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बहती है और बंगाल की खाड़ी में गिरती है लेकिन गोदावरी नदी में नहीं मिलती है। अतः 1 सही नहीं है।
  • पेन्नार नदी कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बहती है और बंगाल की खाड़ी में गिरती है। यह गोदावरी में नहीं मिलती है। अत: 4 सही नहीं है।

अतः विकल्प (d) सही उत्तर है।


प्रश्न. रन-ऑफ-रिवर जलविद्युत परियोजना से आप क्या समझते हैं? यह किसी अन्य जलविद्युत परियोजना से किस प्रकार भिन्न है? (मुख्य परीक्षा, 2013)

प्रश्न. नदियों को आपस में जोड़ने से सूखा, बाढ़ और बाधित जल परिवहन जैसी बहुआयामी अंतर-संबंधित समस्याओं का व्यावहारिक समाधान मिल सकता है। आलोचनात्मक परीक्षण कीजिये। (मुख्य परीक्षा, 2020)

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2