प्रारंभिक परीक्षा
गति शक्ति परिवहन योजना एवं अनुसंधान संगठन (GTPRO)
- 12 Nov 2025
- 41 min read
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय सरकार प्रधानमंत्री गति शक्ति शासन ढाँचे का पुनर्गठन करने की योजना बना रही है, जिसके तहत मौजूदा नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप (NPG) को समाप्त कर एक नई उच्च-स्तरीय संस्था गति शक्ति परिवहन योजना एवं अनुसंधान संगठन (GTPRO) की शुरुआत की जाएगी।
- उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के तहत स्थापित NPG का उद्देश्य प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत विभिन्न मंत्रालयों के परियोजनाओं का समन्वय करना था, किंतु इसे कई आंतरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
गति शक्ति परिवहन योजना एवं अनुसंधान संगठन (GTPRO) क्या है?
- परिचय: समेकित परिवहन योजना प्राधिकरण, जिसे संभवतः गति शक्ति परिवहन योजना एवं अनुसंधान संगठन (GTPRO) नाम दिया जाएगा, का उद्देश्य सड़कों, रेल, नौवहन और विमानन सहित प्रत्येक परिवहन मंत्रालय के लिये मध्यम से दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करना है।
- यह संगठन 5-वर्षीय और 10-वर्षीय एकीकृत योजनाएँ विकसित करेगा, जो भारत के विश्व-स्तरीय अवसंरचना निर्माण तथा वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के अनुरूप होंगी।
- संरचना: यह संगठन कैबिनेट सचिव के नेतृत्व में कार्य करेगा।
- कार्य:
- परियोजना मूल्यांकन: ₹500 करोड़ से अधिक मूल्य वाली परिवहन क्षेत्र की परियोजनाओं की समीक्षा और अनुमोदन करना।
- निगरानी एवं मूल्यांकन: परियोजनाओं की प्रगति का अनुश्रवण करना और उनके आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन करना।
- डेटा भंडार: भविष्य की अवसंरचना योजना के लिये एक एकीकृत राष्ट्रीय डाटाबेस का रखरखाव करना।
- नीतिगत अनुसंधान: लॉजिस्टिक लागत घटाने और संचालन दक्षता बढ़ाने के लिये रणनीतियाँ सुझाना।
- संस्थागत मॉडल: अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी में मौजूद एकीकृत परिवहन योजना संस्थाओं से प्रेरित होकर, GTPRO एक एकीकृत थिंक टैंक के रूप में कार्य करेगा, जो अवसंरचना रणनीति तथा अनुसंधान पर केंद्रित होगा।
- क्रियान्वयन समयसीमा: अगले वित्तीय वर्ष से संचालन में आने की अपेक्षा है।
PM गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (NMP)
- PM गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (NMP) भारत में बुनियादी ढाँचे की योजना के लिये डिजिटल कमांड सेंटर है।
- GIS आधारित प्लेटफॉर्म पर निर्मित, यह आर्थिक क्लस्टर, लॉजिस्टिक्स हब, वन, नदियाँ और सामाजिक बुनियादी ढाँचे सहित 550 से अधिक लाइव डेटा परतों को होस्ट करता है।
- वर्ष 2025 तक, पूरे 1.46 लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को NMP पोर्टल पर मैप किया गया है।
- यह भौगोलिक बुद्धिमत्ता आधारित योजना को सक्षम बनाता है, जिससे परियोजना में देरी, पर्यावरणीय टकराव और लागत बढ़ोतरी को कम किया जा सकता है।
नए युग के राजमार्गों के लिये भारत की पहल
- भारत के पास विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क है, जो मार्च 2025 तक 63 लाख किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई में वर्ष 2014 से 2025 के बीच 60% की वृद्धि हुई है जो 91,287 किलोमीटर से बढ़कर 1,46,204 किलोमीटर हो गई है।

- FASTag और NETC पारिस्थितिकी तंत्र: भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) द्वारा विकसित राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह प्रणाली (NETC) के माध्यम से FASTag द्वारा बिना रुकावट टोल भुगतान सुनिश्चित किया जाता है। यह एक RFID-आधारित प्रणाली है, जिसकी कवरेज 98% से अधिक है और इसके 8 करोड़ से अधिक उपयोगकर्त्ता हैं।
- MLFF टोलिंग प्रणाली (2025): पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल गुजरात के चोर्यासी शुल्क प्लाजा (Choryasi Fee Plaza) पर शुरू किया गया है। यह एक कैमरा और RFID आधारित टोलिंग प्रणाली है, जो चलती वाहनों को पहचानकर टोल वसूली करती है।
- राजमार्गयात्रा: सरकार द्वारा शुरू किया गया राजमार्गयात्रा एप, राजमार्ग यात्रियों के लिये एक नागरिक-केंद्रित मोबाइल प्लेटफॉर्म है।
- NHAI वन एप: NHAI वन एप परियोजना संचालन को एकीकृत करता है और राजमार्गों पर दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिये वास्तविक समय की जियो-ट्रैकिंग का उपयोग करता है।
- प्रौद्योगिकी संचालित बुद्धिमान परिवहन प्रणाली (ITS): ITS ATMS और V2X प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करता है, जिसे दिल्ली-मेरठ, ट्रांस-हरियाणा, ईस्टर्न पेरिफेरल और बंगलूरू-मैसूर एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख गलियारों पर तैनात किया गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs):
प्रश्न 1. GTPRO क्या है और इसकी स्थापना क्यों की जा रही है?
GTPRO (गतिशक्ति परिवहन योजना एवं अनुसंधान संगठन) सभी परिवहन मंत्रालयों में एकीकृत, दीर्घकालिक अवसंरचना योजना और परियोजना मूल्यांकन प्रदान करने के लिये नेटवर्क योजना समूह का स्थान लेगा।
प्रश्न 2. पीएम गति शक्ति का GIS-आधारित प्लेटफॉर्म परियोजना नियोजन को कैसे बेहतर बनाता है?
यह वास्तविक समय डेटा की 550 से अधिक परतों को एकीकृत करता है, जिससे तीव्र, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और अधिक कुशल परिवहन योजना संभव हो पाती है।
प्रश्न 3. परिवहन आधुनिकीकरण में राजमार्गयात्रा और NHAI वन जैसे ऐप्स की क्या भूमिका है?
वे वास्तविक समय डेटा, उपयोगकर्त्ता प्रतिक्रिया और परिचालन निगरानी प्रदान करते हैं, जिससे नागरिक सहभागिता और डिजिटल शासन को बढ़ावा मिलता है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, पिछले वर्ष के प्रश्न (PYQs)
प्रिलिम्स:
प्रश्न: भारत में "सार्वजनिक कुंजी अवसंरचना" शब्द का प्रयोग किसके संदर्भ में किया जाता है? (2020)
(a) डिजिटल सुरक्षा अवसंरचना
(b) खाद्य सुरक्षा अवसंरचना
(c) स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा का बुनियादी ढाँचा
(d) दूरसंचार और परिवहन अवसंरचना
उत्तर: A
मेन्स:
प्रश्न. राष्ट्रीय नगरीय परिवहन नीति 'वाहनों की आवाजाही' के बजाय 'लोगों की आवाजाही' पर बल देती है। इस संबंध में सरकार की विविध रणनीतियों की सफलता की आलोचनात्मक चर्चा कीजिये।
(2014)
