रैपिड फायर
असम के राइनो हॉर्न का DNA प्रोफाइलिंग
- 15 Jul 2025
- 3 min read
स्रोत: द हिंदू
असम वन विभाग ने भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के सहयोग से 2,573 राइनो हॉर्न (गैंडे के सींगों) के नमूनों की DNA प्रोफाइलिंग पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य संरक्षण को सुदृढ़ करना और वन्यजीव अपराधों की जाँच को सशक्त बनाना है।
राइनो हॉर्न की DNA प्रोफाइलिंग:
- परिचय: शिकार-रोधी और संरक्षण प्रयासों के तहत, वर्ष 2021 में जब्त और स्वाभाविक रूप से मृत गैंडों के सींगों के सार्वजनिक दहन के दौरान सुरक्षित रखे गए राइनो हॉर्न (गैंडे के सींगों) के नमूनों की DNA प्रोफाइलिंग की जा रही है।
- ये नमूने मुख्यतः शिकार के मामलों में जब्त किये गए हॉर्न और प्राकृतिक मृत्यु से प्राप्त हुए हैं, जिनका काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान, असम में सत्यापन किया गया।
- आनुवंशिक विश्लेषण: नमूनों को भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), देहरादून भेजा गया है, जहाँ पर RhoDIS (राइनो DNA इंडेक्स सिस्टम) भारत कार्यक्रम के अंतर्गत DNA विश्लेषण किया जा रहा है।
RhoDIS इंडिया:
- RhoDIS इंडिया, जिसे वर्ष 2016 में शुरू किया गया, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC), राइनो की आबादी वाले राज्य, भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) और WWF-India का एक सहयोगात्मक प्रयास है।
- इसका उद्देश्य वन्यजीव अपराध जाँच और वन हॉर्न राइनो के आनुवंशिक संरक्षण की योजना को समर्थन देने वाले राष्ट्रीय फोरेंसिक डेटाबेस में एकीकरण के लिये राइनो हॉर्न की व्यक्तिगत DNA प्रोफाइल बनाना है।
वन हॉर्न्ड राइनो (राइनोसेरस यूनिकॉर्निस):
- ग्रेटर वन हॉर्न्ड राइनो (या भारतीय गैंडा) राइनो की सबसे बड़ी प्रजाति है, जिसकी पहचान 8 से 25 इंच लंबे काले हॉर्न और कवच जैसी त्वचा की परतों से होती है।
- यह सामान्यतः एकाकी जीवन जीता है और इसका घरेलू क्षेत्र (home range) एक-दूसरे से आंशिक रूप से मेल खाता है, लेकिन स्पष्ट रूप से परिभाषित नहीं होता। यह एक चरने वाला शाकाहारी है, जो मुख्य रूप से घास, साथ ही पत्तियाँ, फल और जलीय पौधे खाता है।
- असम में विश्व की वन हॉर्न्ड राइनो की लगभग 80% आबादी पाई जाती है, जिसमें से केवल काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान (1,300 वर्ग किमी) में ही 70% राइनो हैं (वर्ष 2022 के अनुसार)।
- निरंतर संरक्षण प्रयासों के कारण, 1980 के दशक से भारत के राइनो की आबादी में 170% की वृद्धि हुई है, जो वर्ष 2024 में लगभग 1,500 से बढ़कर 4,014 हो गई है।
और पढ़ें: स्टेट ऑफ द राइनो, 2023