इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 29 Aug, 2022
  • 15 min read
प्रारंभिक परीक्षा

राष्ट्रीय खेल दिवस, 2022

राष्ट्रीय खेल दिवस को भारत में प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के रूप में आयोजित किया जाता है, जिनका जन्म वर्ष 1905 में इसी तारीख को हुआ था।

प्रमुख बिंदु:

  • परिचय:
    • इस दिन को पहली बार वर्ष 2012 में भारत के राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में नामित कर मनाया गया।
    • यह दिवस देश महान खिलाडियों को सम्मान स्वरुप याद करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
    • देश के राष्ट्रपति इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार जैसे खेल पुरस्कार प्रदान करते हैं।
  • महत्त्व:
    • राष्ट्रीय खेल दिवस का प्राथमिक उद्देश्य खेल के महत्त्व के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना और दैनिक जीवन में शारीरिक रूप से सक्रिय रहना है।
    • भारत सरकार राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्त्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों और सेमिनारों आदि का आयोजन करती है।

मेजर ध्यानचंद:

  • मेजर ध्यानचंद को 'हॉकी के जादूगर' के रूप में जाना जाता है तथा इनका जन्म 29 अगस्त, 1905 को उत्तर प्रदेश के वर्तमान प्रयागराज में हुआ था।
  • इन्होंने ओलंपिक खेलों में सेंटर फॉरवर्ड खिलाड़ी की भूमिका में वर्ष 1928 में एम्स्टर्डम, 1932 में लॉस एंजिल्स और 1936 में बर्लिन में स्वर्ण पदक जीता।
  • वह पहली भारतीय विदेशी सेना टीम के सदस्य थे जिसने वर्ष 1926 में न्यूज़ीलैंड का दौरा किया था।
  • मेजर ध्यानचंद ने 1926 से 1948 तक अपने करियर में 400 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय गोल किये और अपने पूरे करियर में लगभग 1,000 गोल किये।
  • भारत सरकार ने वर्ष 2012 में ऐसे महान खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देने के लिये उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया।
  • इस मान्यता से पहले, उन्हें भारत सरकार द्वारा वर्ष 1956 में भारत के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
  • उन्होंने 3 दिसंबर, 1979 को दिल्ली में कोमा में जाने के बाद अंतिम सांस ली।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्षों के प्रश्न (PYQs)

प्रश्न. वर्ष 2000 में स्थापित लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2021)

  1. अमेरिकी गोल्फर टाइगर वुड्स इस पुरस्कार के पहले विजेता थे।
  2. यह पुरस्कार अब तक ज़्यादातर 'फॉर्मूला वन' के खिलाड़ियों को ही मिला है।
  3. रोजर फेडरर को यह पुरस्कार दूसरों की तुलना में सबसे अधिक बार मिला है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा सही है?

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (c)

व्याख्या:

  • लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स प्रमुख वैश्विक खेल पुरस्कार हैं। पहली बार वर्ष 2000 में आयोजित वार्षिक आयोजन वर्ष की सबसे बड़ी और सबसे प्रेरणादायक खेल जीत का सम्मान करता है एवं लॉरियस स्पोर्ट फॉर गुड के काम को प्रदर्शित करता है।
  • अमेरिकी गोल्फर टाइगर वुड्स इस पुरस्कार के पहले विजेता थे। अत: कथन 1 सही है।
  • यह पुरस्कार अब तक ज़्यादातर पुरुष फुटबॉल टीम (6 बार) के खिलाड़ियों को मिला है। अतः कथन 2 सही नहीं है।
  • यह पुरस्कार रोजर फेडरर ने सर्वाधिक (5 बार) प्राप्त किया है, इसके बाद उसैन बोल्ट (4 बार) और नोवाक जोकोविच (4 बार) का स्थान है। अत: कथन 3 सही है।

प्रश्न. 32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये:

  1. इस ओलंपिक का आधिकारिक आदर्श वाक्य 'एक नई दुनिया' है।
  2. इस ओलंपिक में स्पोर्ट क्लाइंबिंग, सर्फिंग, स्केटबोर्डिंग, कराटे और बेसबॉल खेलों को शामिल किया गया है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (b)

व्याख्या:

  • 32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपियाड (टोक्यो 2020) खेल को 23 जुलाई से 8 अगस्त, 2021 तक आयोजित किया गया था। ओलंपिक खेल वर्ष 1948 से प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित किये जाते हैं। हालाँकि टोक्यो ओलंपिक खेल, 2020 के आयोजन को कोविड महामारी के कारण वर्ष 2021 तक के लिये स्थगित कर दिया गया था।
  • ओलंपिक खेल, 2020 के लिये आधिकारिक आदर्श वाक्य "यूनाइटेड बाय इमोशन"(United by Emotion) है। इस आदर्श वाक्य ने विविध पृष्ठभूमि के लोगों को एक साथ लाने के लिये खेल की क्षमता पर बल दिया और उन्हें इस तरह से जुड़ने एवं जश्न मनाने की अनुमति दी जो प्रचलित मतभेदों से परे हो। अतः कथन 1 सही नहीं है।
  • टोक्यो 2020 खेल में रग्बी, स्पोर्ट क्लाइंबिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, स्केटबोर्डिंग, हैंडबॉल, सर्फिंग, कराटे, बेसबॉल सहित कुल 46 ओलंपिक खेलों को शामिल किया गया है। अत: कथन 2 सही है।

स्रोत: पी.आई.बी.


प्रारंभिक परीक्षा

अभ्यास वज्र प्रहार 2022

हाल ही में भारत-अमेरिका संयुक्त विशेष बलों ने वज्र प्रहार 2022 के 13वें संस्करण का आयोजन बकलोह (हिमाचल प्रदेश) में किया।

मुख्य बिंदु:  

  • परिचय:
    • दोनों देशों के विशेष बलों द्वारा इस संयुक्त अभ्यास का आयोजन बारी-बारी से भारत और अमेरिका में किया जाता है।
      • विशेष बल किसी देश के सशस्त्र बलों की इकाइयाँ हैं जो गुप्त, आतंकवाद विरोधी और अन्य विशिष्ट ऑपरेशन करते हैं।
  • लक्ष्य:
    • 21 दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण ने दोनों देशों के विशेष बलों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत एक संयुक्त वातावरण में हवाई संचालन, विशेष संचालन और आतंकवाद विरोधी अभियानों में प्रशिक्षित करने का अवसर प्रदान किया।
    • यह दो चरणों में आयोजित किया गया है:
      • पहले चरण में युद्ध और सामरिक स्तर के विशेष मिशन प्रशिक्षण अभ्यास शामिल थे
      • दूसरे चरण में पहले चरण में दोनों दलों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण के 48 घंटे के पुष्टीकरण को शामिल किया गया।
  • महत्त्व:
    • अमेरिकी विशेष बलों के साथ वज्र प्रहार अभ्यास वर्तमान वैश्विक स्थिति की पृष्ठभूमि में दोनों राष्ट्रों के सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में महत्त्वपूर्ण है।
    • संयुक्त सैन्य अभ्यास ने दोनों राष्ट्रों के विशेष बलों के बीच मित्रता के पारंपरिक बंधन के साथ-साथ भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बेहतर द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मज़बूत किया है।

भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच अन्य युद्ध अभ्यास:

स्रोत: पी.आई.बी.


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स):29 अगस्त, 2022

‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ 

भारत में प्रतिवर्ष 29 अगस्त को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ का आयोजन किया जाता है। यह दिन भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद भारतीय और विश्व हॉकी में सबसे महान खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 1928, वर्ष 1932 और वर्ष 1936 के ‘ग्रीष्म ओलंपिक’ में जीत के साथ भारत को ओलंपिक स्वर्ण पदक की पहली हैट्रिक पूरी करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त, 1905 को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद मेजर ध्यानचंद वर्ष 1922 में एक सैनिक के रूप में भारतीय सेना में शामिल हो गए। मेजर ध्यानचंद हॉकी खेल के प्रति काफी समर्पित थे और उन्होंने अपने हॉकी कॅरियर की शुरुआत ब्रिटिश भारतीय सेना की रेजिमेंटल टीम से की। वर्ष 1926 से वर्ष 1948 तक के अपने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी कॅरियर में मेजर ध्यानचंद ने कुल 185 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्त्व किया, जिसमें उन्होंने 400 से अधिक गोल किये। यही कारण है कि मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान करने और हमारे जीवन में खेलों के महत्त्व को स्वीकार करने के लिये प्रतिवर्ष ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ का आयोजन किया जाता है। भारत में पहला ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ 29 अगस्त, 2012 को आयोजित किया गया था।

‘राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण 

राष्ट्रीय औषधि  मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA), 29 अगस्त को नई दिल्‍ली में अपनी स्‍थापना का रजत जयंती वर्ष मनाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री एकीकृत क्‍लाउड आधारित एप्लीकेशन औषधि डेटाबेस प्रबंधन प्रणाली 2.0 का शुभारंभ करेंगे। इस पर औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 के अंतर्गत विभिन्न तरह के फाॅर्म जमा कराने की सुविधा होगी। इससे राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण का कार्य कागज रहित होगा और देशभर के राष्ट्रीय औषधि मूल्य नियामक सभी हितधारकों से जुड़ सकेंगे। NPPA का गठन वर्ष 1997 में भारत सरकार द्वारा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के तहत औषधि विभाग (DoP) के एक संलग्न कार्यालय के तौर पर औषधियों के मूल्य निर्धारण हेतु स्वतंत्र नियामक के रूप में और सस्ती कीमतों पर दवाओं की उपलब्धता एवं पहुँच सुनिश्चित करने हेतु किया गया था। इसे ड्रग्स (मूल्य नियंत्रण) आदेश, 1995-2013 (DPCO) के तहत नियंत्रित थोक दवाओं एवं फॉर्मूलेशन की कीमतों को तय/संशोधित करने तथा देश में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु बनाया गया था। इसका प्रमुख कार्य औषधि (मूल्य नियंत्रण) आदेश के प्रावधानों को इसे प्रत्यायोजित शक्तियों के अनुसार लागू और कार्यान्वित करना,  NPPA के निर्णयों से उत्पन्न सभी कानूनी मामलों से निपटने के लिये उपाय करना, दवाओं की उपलब्धता की निगरानी करना, थोक दवाओं और फॉर्मूलेशन के लिये उत्पादन, निर्यात एवं आयात, अलग-अलग कंपनियों की बाज़ार हिस्सेदारी, कंपनियों की लाभप्रदता आदि पर डेटा एकत्र करना/बनाए रखना तथा दवाओं/ फार्मास्यूटिकल्स के मूल्य निर्धारण के संबंध में प्रासंगिक अध्ययन करना है।

एशिया कप 2022 

एशिया कप 2022 का आयोजन टी20 फॉर्मेट पर किया जा रहा है। एशिया कप का 4 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद फिर से आयोजन किया जा रहा है। एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जा रहा है, लेकिन इसका मेज़बान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड होगा। पहले श्रीलंका में ही इसका आयोजन होना था, लेकिन श्रीलंका के राजनीतिक और आर्थिक हालात खराब होने कारण इसे UAE में हस्तांतरित कर दिया गया। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 इंटरनेशनल में 9 बार आमना सामना हुआ है। इसमें से छह बार टीम इंडिया ने जीत हासिल की  है, वहीं 2 बार पाकिस्तान की टीम जीतने में कामयाब हुई है। एशिया कप पहली बार वर्ष 1984 में आयोजित हुआ था और ये टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला गया था। यह वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में खेला जाता है। भारतीय टीम पहली बार इस मेगा टूर्नामेंट की चैंपियन बनी थी। अब तक कुल 14 बार इसका आयोजन हो चुका है। जिसमें भारत ने वर्ष 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016 और 2018 में एशिया कप का खिताब (7 बार ट्रॉफी) अपने नाम किया है। वहीं श्रीलंका ने 5 बार ये ट्रॉफी जीती है। वहीं पाकिस्तान ने 2 बार एशिया कप का खिताब जीता है। भारत इकलौती टीम है जिसने एशिया कप को दो अलग फॉर्मेट (वनडे और टी20) में जीत दर्ज की  है। भारतीय टीम टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow