इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स):29 अगस्त, 2022

  • 29 Aug 2022
  • 7 min read

‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ 

भारत में प्रतिवर्ष 29 अगस्त को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ का आयोजन किया जाता है। यह दिन भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद भारतीय और विश्व हॉकी में सबसे महान खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 1928, वर्ष 1932 और वर्ष 1936 के ‘ग्रीष्म ओलंपिक’ में जीत के साथ भारत को ओलंपिक स्वर्ण पदक की पहली हैट्रिक पूरी करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त, 1905 को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद मेजर ध्यानचंद वर्ष 1922 में एक सैनिक के रूप में भारतीय सेना में शामिल हो गए। मेजर ध्यानचंद हॉकी खेल के प्रति काफी समर्पित थे और उन्होंने अपने हॉकी कॅरियर की शुरुआत ब्रिटिश भारतीय सेना की रेजिमेंटल टीम से की। वर्ष 1926 से वर्ष 1948 तक के अपने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी कॅरियर में मेजर ध्यानचंद ने कुल 185 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्त्व किया, जिसमें उन्होंने 400 से अधिक गोल किये। यही कारण है कि मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान करने और हमारे जीवन में खेलों के महत्त्व को स्वीकार करने के लिये प्रतिवर्ष ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ का आयोजन किया जाता है। भारत में पहला ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ 29 अगस्त, 2012 को आयोजित किया गया था।

‘राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण 

राष्ट्रीय औषधि  मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA), 29 अगस्त को नई दिल्‍ली में अपनी स्‍थापना का रजत जयंती वर्ष मनाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री एकीकृत क्‍लाउड आधारित एप्लीकेशन औषधि डेटाबेस प्रबंधन प्रणाली 2.0 का शुभारंभ करेंगे। इस पर औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 के अंतर्गत विभिन्न तरह के फाॅर्म जमा कराने की सुविधा होगी। इससे राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण का कार्य कागज रहित होगा और देशभर के राष्ट्रीय औषधि मूल्य नियामक सभी हितधारकों से जुड़ सकेंगे। NPPA का गठन वर्ष 1997 में भारत सरकार द्वारा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के तहत औषधि विभाग (DoP) के एक संलग्न कार्यालय के तौर पर औषधियों के मूल्य निर्धारण हेतु स्वतंत्र नियामक के रूप में और सस्ती कीमतों पर दवाओं की उपलब्धता एवं पहुँच सुनिश्चित करने हेतु किया गया था। इसे ड्रग्स (मूल्य नियंत्रण) आदेश, 1995-2013 (DPCO) के तहत नियंत्रित थोक दवाओं एवं फॉर्मूलेशन की कीमतों को तय/संशोधित करने तथा देश में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु बनाया गया था। इसका प्रमुख कार्य औषधि (मूल्य नियंत्रण) आदेश के प्रावधानों को इसे प्रत्यायोजित शक्तियों के अनुसार लागू और कार्यान्वित करना,  NPPA के निर्णयों से उत्पन्न सभी कानूनी मामलों से निपटने के लिये उपाय करना, दवाओं की उपलब्धता की निगरानी करना, थोक दवाओं और फॉर्मूलेशन के लिये उत्पादन, निर्यात एवं आयात, अलग-अलग कंपनियों की बाज़ार हिस्सेदारी, कंपनियों की लाभप्रदता आदि पर डेटा एकत्र करना/बनाए रखना तथा दवाओं/ फार्मास्यूटिकल्स के मूल्य निर्धारण के संबंध में प्रासंगिक अध्ययन करना है।

एशिया कप 2022 

एशिया कप 2022 का आयोजन टी20 फॉर्मेट पर किया जा रहा है। एशिया कप का 4 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद फिर से आयोजन किया जा रहा है। एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जा रहा है, लेकिन इसका मेज़बान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड होगा। पहले श्रीलंका में ही इसका आयोजन होना था, लेकिन श्रीलंका के राजनीतिक और आर्थिक हालात खराब होने कारण इसे UAE में हस्तांतरित कर दिया गया। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 इंटरनेशनल में 9 बार आमना सामना हुआ है। इसमें से छह बार टीम इंडिया ने जीत हासिल की  है, वहीं 2 बार पाकिस्तान की टीम जीतने में कामयाब हुई है। एशिया कप पहली बार वर्ष 1984 में आयोजित हुआ था और ये टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला गया था। यह वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में खेला जाता है। भारतीय टीम पहली बार इस मेगा टूर्नामेंट की चैंपियन बनी थी। अब तक कुल 14 बार इसका आयोजन हो चुका है। जिसमें भारत ने वर्ष 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016 और 2018 में एशिया कप का खिताब (7 बार ट्रॉफी) अपने नाम किया है। वहीं श्रीलंका ने 5 बार ये ट्रॉफी जीती है। वहीं पाकिस्तान ने 2 बार एशिया कप का खिताब जीता है। भारत इकलौती टीम है जिसने एशिया कप को दो अलग फॉर्मेट (वनडे और टी20) में जीत दर्ज की  है। भारतीय टीम टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2