दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 20 Sep, 2022
  • 8 min read
प्रारंभिक परीक्षा

हिमाचल प्रदेश को एशियाई विकास बैंक (ADB) से ऋण

एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और भारत सरकार ने हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्रदान करने तथा जल आपूर्ति एवं स्वच्छता से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये 96.3 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किये।

इस परियोजना के मुख्य बिंदु:

  • विषय:
    • यह परियोजना भारत सरकार के जल जीवन मिशन के उद्देश्य के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य 2024 तक सभी ग्रामीण परिवारों को पाइप से पानी उपलब्ध कराना है।
    • यह सुरक्षित, सतत् और समावेशी ग्रामीण जल आपूर्ति एवं स्वच्छता सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिये जलापूर्ति के बुनियादी ढाँचे को उन्नत करेगा और संस्थागत क्षमता को मज़बूत करेगा।
  • विशेषताएँ:
    • जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे में सुधार:
      • यद्यपि राज्य की 90 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण आबादी को पेयजल की सुविधा उपलब्ध है, कुशल और बेहतर सेवा गुणवत्ता के लिये जल आपूर्ति के बुनियादी ढाँचे में सुधार की आवश्यकता है।
    • मल गाद प्रबंधन कार्यक्रम:
      • सिरमौर ज़िले में मल गाद के प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़ा एक पायलट कार्यक्रम भी लागू किया जाएगा, जिससे 250,000 निवासियों को लाभ मिलेगा।
    • जल शक्ति विभाग का सुदृढ़ीकरण:
      • यह परियोजना हिमाचल प्रदेश सरकार के जल शक्ति विभाग और ग्राम पंचायत (स्थानीय सरकार) में ग्रामीण जल एवं स्वच्छता समितियों की क्षमता को मज़बूत करेगी।
      • यह राज्य सरकार के जल शुल्क नीति सुधारों का समर्थन करेगी और राज्य स्तर एवं ज़िला परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाओं में परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली शुरू करेगी।
      • मुख्य परियोजना हितधारकों और समुदाय आधारित संगठनों को जल प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के लिये आजीविका कौशल प्रशिक्षण भी शामिल है।

एशियाई विकास बैंक (ADB):

  • एशियाई विकास बैंक (ADB) एक क्षेत्रीय विकास बैंक है। इसकी स्थापना 19 दिसंबर, 1966 को हुई थी।
  • ADB में कुल 68 सदस्य हैंI भारत ADB का संस्थापक सदस्य है।
    • कुल सदस्यों में से 49 सदस्‍य देश एशिया-प्रशांत क्षेत्र से हैं, जबकि 19 सदस्य अन्य क्षेत्रों से हैं।
    • इसका उद्देश्य एशिया में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।
  • 31 दिसंबर, 2019 तक ADB के पाँच सबसे बड़े शेयरधारकों में जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका (प्रत्येक कुल शेयरों के 15.6% के साथ), पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (6.4%), भारत (6.3%) और ऑस्ट्रेलिया (5.8%) शामिल हैं।
  • ADB का मुख्यालय मनीला, फिलीपींस में है।

स्रोत: पी.आई.बी.


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 20 सितंबर, 2022

रेलवे पुलिस बल (RPF) का स्थापना दिवस

भारत में प्रत्येक वर्ष 20 सितंबर को ‘रेलवे पुलिस बल (RPF) का स्थापना दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। आरपीएफ एक केंद्रीय सशस्त्र बल है, जो रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्य करता है। आरपीएफ का इतिहास वर्ष 1882 का है जब विभिन्न रेलवे कंपनियों ने रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिये अपने स्वयं के गार्ड नियुक्त किये थे। बल को वर्ष 1957 में संसद के अधिनियम द्वारा एक वैधानिक बल घोषित किया गया, जिसे  20 सितंबर, 1985 को भारत संघ के एक सशस्त्र बल के रूप में घोषित किया गया था। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी आरपीएफ को सौंपी गई है।

रक्तदान अमृत महोत्सव  

रक्तदान अमृत महोत्सव के तीसरे दिन 19 सितंबर, 2022 को 1.30 लाख से अधिक लोगों ने रक्तदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने 15 दिन के देशव्यापी स्वैच्छिक रक्तदान अभियान की शुरुआत की थी। ई-रक्त कोष पोर्टल पर अब तक पंजीकृत 2.57 लाख से अधिक रक्तदाताओं के साथ इस अभियान के लिये 6000 से अधिक शिविरों का पंजीकरण किया जा चुका है। इस पोर्टल के माध्यम से रक्तदाता 17 सितंबर से रक्तदान के लिये पंजीकरण कराया जा रहा है। रक्तदाता आरोग्य सेतु एप पर पंजीकरण कराने का विकल्प भी चुन सकते हैं। एक दिन में 87,137 लोगों ने रक्तदान कर पहले ही दिन नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। अभियान का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। देश में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 1 अक्तूबर को मनाया जाता है। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि, इस वर्ष 15 अगस्त, 2022 को देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे हो गए। आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के 75 हफ्ते पहले 12 मार्च, 2021 को केंद्र सरकार ने आज़ादी के अमृत महोत्सव का आगाज़ किया था जो कि 15 अगस्त, 2023 तक चलेगा।

कारगिल अंतर्राष्ट्रीय मैराथन 

लद्दाख के कारगिल में 19 सितंबर, 2022 को 2000 से ज़्यादा धावकों ने कारगिल अंतर्राष्ट्रीय मैराथन में हिस्‍सा लिया। कारगिल पर्वतीय परिषद और लद्दाख पुलिस ने सरहद, पुणे के साथ मिलकर इसका आयोजन किया था। लद्दाख में उपजाई जाने वाली खुबानी की अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में पहुँच की खुशी में इस मैराथन का आयोजन 'रन फॉर खुबानी' के नारे के साथ किया गया। जिग्में नामगियाल पुरुष वर्ग में और डिस्केट डोलमा  महिला वर्ग में 42 किलोमीटर की फुल मैराथन के विजेता रहे। सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने कारगिल के खी सुल्तान चो स्‍पोर्टस स्टेडियम से धावकों के लिये विशेष संदेश के साथ मैराथन का वचुर्अल उद्घाटन किया। लद्दाख स्‍वायत पर्वतीय विकास परिषद द्वारा इस क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। 


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow